तीन महीने में सड़क हादसों में दो भाइयों की मौत:60 साल की मां, दो विधवा बहुओं और छह बच्चों के सामने रोजी-रोटी का संकट
तीन महीने में सड़क हादसों में दो भाइयों की मौत:60 साल की मां, दो विधवा बहुओं और छह बच्चों के सामने रोजी-रोटी का संकट
पाटन : पाटन क्षेत्र की ढाणी दूबड़ा ग्राम पंचायत मोकलवास में एक परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। तीन महीने के भीतर सड़क हादसों में परिवार के दोनों जवान बेटों की मौत हो गई। अब परिवार में 60 वर्षीय मां, दो विधवा बहुएं और छह छोटे बच्चे ही बचे हैं। घर में कमाने वाला कोई सदस्य नहीं होने से परिवार के सामने रोजी-रोटी से लेकर बच्चों की पढ़ाई और परवरिश तक का संकट खड़ा हो गया है।
दूबड़ा निवासी मोटा देवी के पति का करीब 20 साल पहले निधन हो गया था। इसके बाद उन्होंने कठिन परिस्थितियों में अपने दोनों बेटों विनोद और कृष्ण कुमार को पाल-पोसकर बड़ा किया। दोनों बेटे मजदूरी करके परिवार का खर्च चलाते थे। शादी के बाद दोनों के तीन-तीन बच्चे हुए। मोटा देवी को उम्मीद थी कि बुढ़ापे में बेटे उनका सहारा बनेंगे, लेकिन सड़क हादसों ने उनका यह सहारा भी छीन लिया।
छुट्टी लेकर घर लौट रहे बड़े बेटे की सांड से टकराने पर मौत
परिवार के बड़े बेटे 30 वर्षीय विनोद मीणा सरदारशहर में टाइल लगाने का काम करते थे। 11 अगस्त 2026 को वे दो दिन की छुट्टी लेकर बाइक से अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान गुहाला के पास उनकी बाइक सांड से टकरा गई। हादसे में विनोद की मौत हो गई।विनोद के परिवार में पत्नी उगंता और तीन छोटे बच्चे हैं। इनमें पांच वर्षीय बेटा विकास, चार वर्षीय बेटी चाहत और दो वर्षीय बेटा चंदन शामिल हैं। पति की मौत के बाद उगंता के सामने तीनों बच्चों की परवरिश की जिम्मेदारी आ गई।
बड़े भाई की मौत के तीन महीने बाद छोटे बेटे ने भी तोड़ा दम
परिवार अभी विनोद की मौत के सदमे से उबर भी नहीं पाया था कि करीब तीन महीने बाद एक और दुखद घटना हो गई। 2 नवंबर 2026 को छोटे बेटे 25 वर्षीय कृष्ण कुमार मीणा की नाथूवाला के पास सड़क हादसे में मौत हो गई। कृष्ण कुमार परिवार के इकलौते कमाने वाले सदस्य थे।
उनके परिवार में पत्नी सुनीता और तीन छोटे बच्चे हैं। इनमें छह वर्षीय बेटी मानवी, तीन वर्षीय बेटी प्रियंका और दो वर्षीय बेटा पंकज शामिल हैं। तीन महीने के भीतर दोनों बेटों को खोने के बाद मोटा देवी के सामने अब छह पोते-पोतियों के भविष्य की चिंता सबसे बड़ी चुनौती बन गई है।
पक्का मकान तक नहीं, छह बच्चों के भविष्य पर संकट
परिवार के पास रहने के लिए पक्का मकान तक नहीं है। दोनों बेटों की मौत के बाद आजीविका का कोई स्थायी साधन नहीं बचा है। दो विधवा बहुओं के कंधों पर छह बच्चों की परवरिश और पढ़ाई की जिम्मेदारी है। परिवार के लिए दो वक्त की रोटी जुटाना भी मुश्किल हो रहा है। परिवार की स्थिति को देखते हुए टोडा निवासी भामाशाह देवकीनंदन तिवाड़ी, सरपंच सीताराम यादव, शंकरलाल मीणा, विक्रम सिंह और जयराम जैफ सहित क्षेत्र के कई लोगों ने आर्थिक सहायता देकर परिवार को संबल देने का प्रयास किया है।
देश
विदेश
प्रदेश
संपादकीय
वीडियो
आर्टिकल
व्यंजन
स्वास्थ्य
बॉलीवुड
G.K
खेल
बिजनेस
गैजेट्स
पर्यटन
राजनीति
मौसम
ऑटो-वर्ल्ड
करियर/शिक्षा
लाइफस्टाइल
धर्म/ज्योतिष
सरकारी योजना
फेक न्यूज एक्सपोज़
मनोरंजन
क्राइम
चुनाव
ट्रेंडिंग
Covid-19




Total views : 2540809

