दुबई में सड़क हादसे ने उजाड़े तीन परिवार:चूरू के दांदू गांव के 3 युवकों की मौत, 1 गंभीर घायल; गांव में हुआ अंतिम संस्कार
दुबई में सड़क हादसे ने उजाड़े तीन परिवार:चूरू के दांदू गांव के 3 युवकों की मौत, 1 गंभीर घायल; गांव में हुआ अंतिम संस्कार
चूरू : दुबई में सड़क हादसे में जान गंवाने वाले चूरू जिले के दांदू गांव के तीन युवकों में से धर्मपाल झाझड़िया और नरेंद्र झाझड़िया का रविवार को गांव में गमगीन माहौल में अंतिम संस्कार किया गया। इससे पहले शनिवार को अमीलाल झाझड़िया का शव गांव पहुंचने पर उनका अंतिम संस्कार कर दिया गया था। तीन युवकों की मौत से पूरे गांव में शोक और सन्नाटा पसरा है। हादसे में गंभीर घायल विजेंद्र सिंह का दुबई के अस्पताल में इलाज चल रहा है, जबकि पांचवें साथी ओमप्रकाश मेघवाल को मामूली चोट आई थी और वह सुरक्षित है।

छुट्टी के दिन साथ बिताया था समय, लौटते वक्त हुआ हादसा
दांदू निवासी कृष्ण झाझड़िया दुबई के एक होटल में नौकरी करते हैं। उन्होंने बताया कि 1 नवंबर को रविवार की छुट्टी होने के कारण कार ड्राइवर धर्मपाल (40), अमीपाल (40), नरेंद्र (35), विजेंद्र सिंह और ओमप्रकाश मेघवाल को उनके कमरे से निजी कार में कैंप लेकर आए थे। पांचों ने दिनभर कैंप में साथ समय बिताया।
शाम को धर्मपाल चारों साथियों को उनकी कंपनी के कमरे पर छोड़ने जा रहे थे। इसी दौरान दुबई के जबजा इलाके में एक मोड़ पर उनकी डस्टर कार ट्रोले से टकरा गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि अमीपाल, नरेंद्र और धर्मपाल की मौके पर ही मौत हो गई। विजेंद्र सिंह गंभीर घायल हो गए, जबकि ओमप्रकाश को मामूली चोट आई। सभी को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने तीन युवकों को मृत घोषित कर दिया।
भाइयों को मिली हादसे की सूचना, शव भारत लाने की प्रक्रिया करवाई
हादसे की सूचना दुबई में ही एक कंपनी में कार्यरत विजेंद्र के बड़े भाई श्रीचंद और धर्मपाल के छोटे भाई कृष्ण को मिली। तीन युवकों की मौत की खबर सुनकर दोनों स्तब्ध रह गए। इसके बाद उन्होंने अस्पताल में भर्ती विजेंद्र की स्थिति की जानकारी ली। घायल विजेंद्र का दुबई के अस्पताल में इलाज जारी है। कृष्ण झाझड़िया ने बताया कि तीनों युवकों के शव भारत लाने की प्रक्रिया धर्मपाल के फूफा के बेटे चूरू निवासी राकेश मील और विजेंद्र के बड़े भाई श्रीचंद ने पूरी करवाई।
कोई सात महीने पहले तो कोई 11 साल से कर रहा था नौकरी
हादसे का शिकार हुए युवकों में कोई पहली बार रोजगार की तलाश में दुबई गया था तो कोई वर्षों से वहां काम कर रहा था। अमीलाल करीब सात महीने पहले पहली बार कमाने के लिए दुबई गया था और एक कंपनी में मजदूरी करता था। नरेंद्र भी पहली बार दुबई गया था। वह 24 अक्टूबर को ही वहां पहुंचा था।
वहीं धर्मपाल पिछले 11 वर्षों से दुबई की अजीजी कंपनी में बस ड्राइवर के रूप में कार्यरत था। विजेंद्र सिंह छह महीने पहले दुबई की ट्रांसगार्ड कंपनी में काम करने गया था। ओमप्रकाश मेघवाल भी दुबई की एक कंपनी में नौकरी करता है।

परिवार की महिलाओं को बाद में दी गई हादसे की सूचना
ग्रामीणों के अनुसार विजेंद्र का बड़ा भाई श्रीचंद 12 नवंबर की रात दुबई से गांव दांदू पहुंचा था। उसने सबसे पहले परिवार के प्रमुख सदस्यों को हादसे की जानकारी दी। घटना बेहद दर्दनाक होने के कारण परिवार के लोगों ने शुरुआत में महिलाओं को इसकी सूचना नहीं दी। गांव के कुछ लोगों को हादसे के बारे में पहले ही पता चल गया था, लेकिन परिवार को संभालने के लिए खबर को गोपनीय रखा गया।
शनिवार को जब अमीलाल का शव गांव पहुंचा, तब परिवार की महिलाओं को भी पूरी घटना की जानकारी दी गई। इसके बाद परिवारों में कोहराम मच गया। रविवार को धर्मपाल और नरेंद्र के शव गांव पहुंचे तो बड़ी संख्या में ग्रामीण उनके घरों पर एकत्र हो गए। गमगीन माहौल में दोनों का अंतिम संस्कार किया गया।
पीछे छोड़ गए मासूम बच्चे, नरेंद्र की पत्नी सात माह की गर्भवती
इस हादसे ने तीन परिवारों को गहरा आघात पहुंचाया है। अमीलाल के 15 वर्षीय बेटा और 12 वर्षीय बेटी हैं, जो झुंझुनूं में पढ़ाई कर रहे हैं। धर्मपाल अविवाहित था। वहीं, नरेंद्र की एक साल की बेटी है और उसकी पत्नी सात माह की गर्भवती है। ऐसे में नरेंद्र की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
अमीलाल का छोटा भाई संजय है। धर्मपाल के बड़े भाई मुकेश कुमार और छोटे भाई कृष्ण कुमार हैं, जबकि नरेंद्र का बड़ा भाई गोविंद है। घायल विजेंद्र के बड़े भाई प्यारेलाल और श्रीचंद हैं। ग्रामीणों ने बताया कि अमीलाल, विजेंद्र और धर्मपाल के सिर से पहले ही पिता का साया उठ चुका था। एक साथ तीन युवकों की मौत ने दांदू गांव को गहरे सदमे में डाल दिया है। गांव में हर तरफ मातम पसरा है और परिवारों का रो-रोकर बुरा हाल है।
देश
विदेश
प्रदेश
संपादकीय
वीडियो
आर्टिकल
व्यंजन
स्वास्थ्य
बॉलीवुड
G.K
खेल
बिजनेस
गैजेट्स
पर्यटन
राजनीति
मौसम
ऑटो-वर्ल्ड
करियर/शिक्षा
लाइफस्टाइल
धर्म/ज्योतिष
सरकारी योजना
फेक न्यूज एक्सपोज़
मनोरंजन
क्राइम
चुनाव
ट्रेंडिंग
Covid-19




Total views : 2538629


