पिलानी में जलदाय विभाग का सिस्टम फेल, 10 से अधिक बोरिंग खराब; मरम्मत के लिए न केबल, न मोटर
खुद विभाग कार्यालय परिसर का बोरिंग भी छह महीने से बंद, चार-पांच दिन में मिल रहा पानी; 500 से 800 रुपए में टैंकर मंगवाने को मजबूर लोग
पिलानी : कस्बे और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में पेयजल व्यवस्था बदहाल है। जलदाय विभाग के पास मरम्मत के लिए जरूरी संसाधन तक उपलब्ध नहीं हैं। विभाग के स्टोर में केबल, सबमर्सिबल मोटर, स्टार्टर और पाइप फिटिंग सहित जरूरी सामान का अभाव है। इसके चलते क्षेत्र के 10 से अधिक सरकारी बोरिंग खराब पड़े हैं और उनकी मरम्मत नहीं हो पा रही है।
विभागीय व्यवस्था की बदहाली का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि जलदाय विभाग कार्यालय परिसर में लगा बोरिंग भी पिछले छह महीने से बंद पड़ा है। विभाग के अधिकारी और कर्मचारी रोजाना इसी कार्यालय में आते-जाते हैं, लेकिन अपने ही परिसर के बोरिंग को दुरुस्त नहीं करवा पाए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि जब विभाग अपने कार्यालय का बोरिंग ठीक नहीं करवा पा रहा है तो आम जनता की पेयजल समस्या का समाधान कैसे होगा।
चार-पांच दिन में मिल रहा पानी, टैंकरों का सहारा
कस्बे के विभिन्न वार्डों में बोरिंग खराब होने से जलापूर्ति का निर्धारित कार्यक्रम बिगड़ गया है। कई इलाकों में चार से पांच दिन के अंतराल में पानी मिल रहा है। उसमें भी दबाव बेहद कम रहता है। ऐसे में लोगों को रोजमर्रा की जरूरतें पूरी करने के लिए 500 से 800 रुपए खर्च कर निजी टैंकर मंगवाने पड़ रहे हैं। इससे मध्यम और गरीब परिवारों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ रहा है।
शिकायतों के बावजूद समाधान नहीं
पेयजल संकट से परेशान मोहल्लेवासी और जनप्रतिनिधि रोजाना जलदाय विभाग कार्यालय पहुंचकर शिकायतें दर्ज करवा रहे हैं, लेकिन हर बार संसाधन उपलब्ध नहीं होने का हवाला देकर उन्हें वापस भेज दिया जाता है। समस्या का समाधान नहीं होने से लोगों में विभाग के प्रति नाराजगी बढ़ती जा रही है। लोगों ने जल्द पेयजल व्यवस्था सुचारू नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी दी है।
फोरमैन बोले- सामान आते ही शुरू करवाएंगे मरम्मत
जलदाय विभाग के फोरमैन विक्रम सिंह ने बताया कि विभाग के स्टोर में वर्तमान में केबल, मोटर और अन्य आवश्यक उपकरण उपलब्ध नहीं हैं। इसके कारण क्षेत्र के 10 से अधिक खराब बोरिंगों की मरम्मत का काम रुका हुआ है। कार्यालय परिसर का बोरिंग भी करीब छह महीने से बंद है। आवश्यक सामान की मांग उच्च अधिकारियों को भेजी हुई है, लेकिन वहां से अभी आपूर्ति नहीं हो रही है। सामान उपलब्ध होते ही मरम्मत का कार्य शुरू करवा दिया जाएगा।
देश
विदेश
प्रदेश
संपादकीय
वीडियो
आर्टिकल
व्यंजन
स्वास्थ्य
बॉलीवुड
G.K
खेल
बिजनेस
गैजेट्स
पर्यटन
राजनीति
मौसम
ऑटो-वर्ल्ड
करियर/शिक्षा
लाइफस्टाइल
धर्म/ज्योतिष
सरकारी योजना
फेक न्यूज एक्सपोज़
मनोरंजन
क्राइम
चुनाव
ट्रेंडिंग
Covid-19







Total views : 2537235


