स्व. डॉ. जेसी जैन की 139 मेडिकल पुस्तकें राजकीय चिकित्सा महाविद्यालय को भेंट
दामाद जयन्त सोगानी ने प्रधानाचार्य डॉ. प्रमोद कुमार नारनोलिया को सौंपी पुस्तकें, लाइब्रेरी के लिए 10 टेबल और 50 कुर्सियां उपलब्ध करवाने का भी दिया आश्वासन
झुंझुनूं : शहर के सुप्रसिद्ध चिकित्सक, गोल्ड मेडलिस्ट एवं लायंस क्लब झुंझुनूं के पूर्व संरक्षक स्व. डॉ. जेसी जैन की स्मृति में उनके अध्ययन में उपयोग की गई 139 महत्वपूर्ण मेडिकल पुस्तकें राजकीय चिकित्सा महाविद्यालय एवं संलग्न बीडीके चिकित्सालय की लाइब्रेरी को भेंट की गईं। स्व. डॉ. जैन के दामाद कोलकाता प्रवासी जयन्त सोगानी ने ये पुस्तकें महाविद्यालय के प्रधानाचार्य एवं नियंत्रक डॉ. प्रमोद कुमार नारनोलिया को सौंपीं।
इस अवसर पर लायंस क्लब झुंझुनूं के अध्यक्ष डॉ. डीएन तुलस्यान, सचिव रघुनाथ प्रसाद पोद्दार, प्रथम उपाध्यक्ष शिवकुमार जांगिड़, शिवचरण हलवाई, डॉ. दीपक तंवर, डॉ. दिलीप सिंह, डॉ. प्रवीण सैनी, डॉ. रवि मानावत एवं डॉ. परमानन्द सहित महाविद्यालय के वरिष्ठ चिकित्सक और प्रोफेसर मौजूद रहे। लायंस क्लब के पदाधिकारियों ने प्रधानाचार्य डॉ. नारनोलिया, जयन्त सोगानी एवं शिवचरण हलवाई का दुपट्टा ओढ़ाकर और प्रतीक चिह्न भेंट कर अभिनंदन किया।
लाइब्रेरी के लिए फर्नीचर उपलब्ध करवाने का आश्वासन
पुस्तक भेंट कार्यक्रम के दौरान प्रधानाचार्य डॉ. नारनोलिया ने अतिथियों को महाविद्यालय परिसर एवं लाइब्रेरी का अवलोकन करवाया। उन्होंने बताया कि विद्यार्थियों की सुविधा के लिए लाइब्रेरी में 10 टेबल और 50 कुर्सियों की आवश्यकता है। इस पर लायंस क्लब के पदाधिकारियों ने भामाशाहों एवं दानदाताओं से संपर्क कर शीघ्र फर्नीचर उपलब्ध करवाने का प्रयास करने का आश्वासन दिया।
दो वर्षों में चिकित्सा शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं में उल्लेखनीय प्रगति
प्रधानाचार्य डॉ. नारनोलिया ने महाविद्यालय की उपलब्धियों की जानकारी देते हुए बताया कि पिछले दो वर्षों में राजकीय चिकित्सा महाविद्यालय एवं संलग्न बीडीके अस्पताल ने चिकित्सा शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रगति की है। वर्तमान में महाविद्यालय में 300 एमबीबीएस विद्यार्थी अध्ययनरत हैं। अनुभवी शिक्षकों, आधुनिक शैक्षणिक सुविधाओं, स्वच्छ वातावरण और बेहतर चिकित्सकीय प्रशिक्षण के अवसरों के चलते महाविद्यालय विद्यार्थियों की पसंद बन रहा है।
उन्होंने बताया कि बीडीके अस्पताल में चौबीस घंटे आपातकालीन सेवाओं, विशेषज्ञ परामर्श, जटिल शल्य चिकित्सा और आधुनिक जांच सुविधाओं का विस्तार किया गया है। बोन मैरो एस्पिरेशन एवं बायोप्सी जैसी उन्नत जांच सुविधाएं शुरू होने से जिले के मरीजों को स्थानीय स्तर पर ही बेहतर चिकित्सा सेवाएं मिल रही हैं।
विद्यार्थियों के शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए मेंटर-मेंटी कार्यक्रम, व्यक्तिगत परामर्श, स्वास्थ्य संबंधी कार्यशालाओं और सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों का नियमित आयोजन किया जा रहा है। वहीं, सामाजिक सरोकारों के तहत रक्तदान शिविर, अंगदान जागरूकता, नि:शुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर, पौधारोपण एवं हरित परिसर अभियान भी संचालित किए जा रहे हैं।
स्व. डॉ. जेसी जैन की स्मृति में पुस्तकें भेंट करने की इस पहल को चिकित्सा शिक्षा से जुड़े विद्यार्थियों के लिए उपयोगी योगदान माना जा रहा है।
देश
विदेश
प्रदेश
संपादकीय
वीडियो
आर्टिकल
व्यंजन
स्वास्थ्य
बॉलीवुड
G.K
खेल
बिजनेस
गैजेट्स
पर्यटन
राजनीति
मौसम
ऑटो-वर्ल्ड
करियर/शिक्षा
लाइफस्टाइल
धर्म/ज्योतिष
सरकारी योजना
फेक न्यूज एक्सपोज़
मनोरंजन
क्राइम
चुनाव
ट्रेंडिंग
Covid-19






Total views : 2534193


