सीकर में 145 किलो पामोलिन तेल और वनस्पति घी सीज, 30 किलो दूषित चाशनी नष्ट
दीपावली से पहले खाद्य सुरक्षा विभाग की कार्रवाई, सीकर, रींगस और फतेहपुर में 26 नमूने लिए; संचालक को सुधार का नोटिस
सीकर : दीपावली पर्व पर आमजन को शुद्ध और ताजा खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के उद्देश्य से स्वास्थ्य विभाग की ओर से मिलावटखोरों के खिलाफ कार्रवाई जारी है। गुरुवार को सीकर शहर, रींगस और फतेहपुर में खाद्य सुरक्षा विभाग की टीमों ने विभिन्न खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण कर 26 नमूने लिए। सीकर शहर में मिलावट की आशंका पर 145 किलो रिफाइंड पामोलिन तेल और वनस्पति घी सीज किया गया, वहीं 30 किलो दूषित चाशनी नष्ट करवाई गई।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अशोक महरिया ने बताया कि सीकर शहर में खाद्य सुरक्षा अधिकारी नंदराम मीणा, सुनीता यादव और कमलेश मीणा की टीम ने सालासर बस स्टैंड स्थित न्यू करणी स्वीट्स होम का निरीक्षण किया। यहां फैक्ट्री से रिफाइंड पामोलिन तेल के दो नमूने लिए गए। मिलावट की आशंका के चलते 90 किलो पामोलिन तेल और 55 किलो वनस्पति घी सीज किया गया। इसके अलावा 30 किलो बदबूदार एवं दूषित चाशनी को नष्ट करवाया गया। निरीक्षण के दौरान मिली कमियों में सुधार के लिए प्रतिष्ठान संचालक को नोटिस भी दिया गया।
रींगस और फतेहपुर में भी लिए नमूने
रींगस में खाद्य सुरक्षा अधिकारी फूल सिंह बाजिया, साधना जांगिड़ और शुभम कुमार की टीम ने खाद्य वस्तुओं की दुकानों का निरीक्षण कर घी, बेसन के लड्डू, सोन पापड़ी और नमकीन के नमूने लिए।
वहीं फतेहपुर क्षेत्र में खाद्य सुरक्षा अधिकारी महमूद अली, तरुण और अंबिका चौधरी की टीम ने कार्रवाई करते हुए नमकीन, चिड़ावा पेड़ा और चमचम के नमूने लिए।
विभाग की टीमों ने तीनों क्षेत्रों के विभिन्न खाद्य प्रतिष्ठानों से कुल 26 नमूने संग्रहित किए। सभी नमूनों को जांच के लिए खाद्य प्रयोगशाला जयपुर भेजा गया है। डॉ. महरिया ने बताया कि दीपावली पर्व को देखते हुए विभाग की ओर से आगामी दिनों में भी खाद्य पदार्थों की जांच और कार्रवाई जारी रहेगी।
देश
विदेश
प्रदेश
संपादकीय
वीडियो
आर्टिकल
व्यंजन
स्वास्थ्य
बॉलीवुड
G.K
खेल
बिजनेस
गैजेट्स
पर्यटन
राजनीति
मौसम
ऑटो-वर्ल्ड
करियर/शिक्षा
लाइफस्टाइल
धर्म/ज्योतिष
सरकारी योजना
फेक न्यूज एक्सपोज़
मनोरंजन
क्राइम
चुनाव
ट्रेंडिंग
Covid-19






Total views : 2509341
