[pj-news-ticker post_cat="breaking-news"]

बकरी पालन प्रशिक्षण में अभिषेक बरवड़ प्रथम, सुप्यार देवी द्वितीय


निष्पक्ष निर्भीक निरंतर
  • Download App from
  • google-playstore
  • apple-playstore
  • jm-qr-code
X
झुंझुनूंटॉप न्यूज़राजस्थानराज्य

बकरी पालन प्रशिक्षण में अभिषेक बरवड़ प्रथम, सुप्यार देवी द्वितीय

पशु विज्ञान केंद्र में दो दिवसीय शिविर का समापन, 30 पशुपालकों को वैज्ञानिक तकनीकों और आय बढ़ाने के उपायों की दी जानकारी

झुंझुनूं : पशु विज्ञान केंद्र, झुंझुनूं में अनुसूचित जाति वर्ग के पशुपालकों के लिए आयोजित दो दिवसीय बकरी पालन एवं प्रबंधन प्रशिक्षण शिविर का शनिवार को समापन हुआ। प्रसार शिक्षा निदेशालय, रुवास (जोबनेर), जयपुर तथा उपनिदेशक कृषि एवं पदेन परियोजना निदेशक (आत्मा) के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित शिविर में क्षेत्र के 30 पशुपालकों ने भाग लिया। समापन अवसर पर प्रशिक्षण के दौरान आयोजित प्रतियोगिता के विजेताओं को पुरस्कार और सभी प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र वितरित किए गए।

केंद्र के प्रभारी अधिकारी डॉ. अरविन्द कुमार ने बकरियों में होने वाले प्रमुख स्वास्थ्य एवं प्रजनन संबंधी रोगों, उनके कारणों, बचाव और वैज्ञानिक उपचार की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि बकरी पालन को लाभकारी बनाने के लिए पशुओं की उचित देखभाल के साथ प्रभावी विपणन और बिक्री की रणनीति अपनाना भी जरूरी है।

केंद्र के डॉ. उमेश कुमार चौधरी ने कुशल फार्म प्रबंधन और पशुओं का नियमित रिकॉर्ड रखने के महत्व के बारे में बताया। उन्होंने कहा कि रिकॉर्ड रखने से पशुओं के स्वास्थ्य और दूध उत्पादन की निगरानी करने में मदद मिलती है। साथ ही उन्होंने पशुपालकों को सरकार की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देते हुए उनका लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया।

प्रतियोगिता में इन पशुपालकों ने हासिल किए स्थान

प्रशिक्षण के अंतिम चरण में प्रतिभागियों के ज्ञान का आकलन करने के लिए प्रतियोगिता आयोजित की गई। इसमें अभिषेक बरवड़ ने प्रथम, सुप्यार देवी ने द्वितीय और जगनलाल माहिच ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। कृषि एवं पदेन परियोजना निदेशक (आत्मा) डॉ. संध्या कुमारी ढाका ने विजेताओं को पुरस्कार और सभी प्रतिभागियों को प्रशिक्षण प्रमाण पत्र वितरित किए।

इस अवसर पर केंद्र के दिलीप सिंह और सुमित पुरी भी उपस्थित रहे। प्रशिक्षण के दौरान पशुपालकों को बकरी पालन की वैज्ञानिक तकनीकों, बेहतर प्रबंधन, रोगों से बचाव और आय बढ़ाने के व्यावहारिक उपायों की जानकारी दी गई।

Related Articles

Mantratoto luwakpoker aladin66 tupaiwin