खोह में बाबा साहेब की प्रतिमा खंडित करने का मुख्य आरोपी गिरफ्तार
मूर्ति का सिर ले जाने वाला मुनेश कुमार जयपुर के सिंधी कैंप बस स्टैंड से पकड़ा गया, वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल जब्त; दूसरे आरोपी की तलाश जारी
जनमानस शेखावाटी सवांददाता : कैलाश बबेरवाल
उदयपुरवाटी : उदयपुरवाटी थाना क्षेत्र के खोह गांव में संविधान निर्माता भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा खंडित कर उसका सिर ले जाने के मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। जिला पुलिस अधीक्षक कावेन्द्र सिंह सागर के निर्देशन में की गई कार्रवाई में आरोपी मुनेश कुमार को जयपुर के सिंधी कैंप बस स्टैंड से पकड़ा गया। पुलिस ने उसकी निशानदेही पर वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल भी जब्त कर ली है। मामले में शामिल दूसरे आरोपी की तलाश की जा रही है।
16 अक्टूबर की रात खंडित की थी प्रतिमा
पुलिस के अनुसार, 17 अक्टूबर 2026 को खोह निवासी पोकर पुत्र श्योकरण ने उदयपुरवाटी थाने में रिपोर्ट दर्ज करवाई थी। रिपोर्ट में बताया गया कि 16 अक्टूबर की रात खोह गांव के अंबेडकर पार्क में स्थापित डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा को अज्ञात असामाजिक तत्वों ने खंडित कर दिया और प्रतिमा का सिर तोड़कर अपने साथ ले गए। घटना के बाद क्षेत्र में आक्रोश फैल गया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की।
मुंबई भागा, फिर जयपुर में पकड़ा गया
मामले का खुलासा करने के लिए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक देवेंद्र सिंह राजावत और नवलगढ़ वृत्ताधिकारी सुगन सिंह के सुपरविजन में तथा थानाधिकारी रामपाल मीणा के नेतृत्व में विशेष पुलिस टीमें गठित की गईं। टीमों ने तकनीकी साक्ष्यों और मानवीय आसूचना के आधार पर आरोपी की पहचान की।
पुलिस के मुताबिक, मुख्य आरोपी मुनेश कुमार पुत्र वीरेंद्र कुमार निवासी झाकड़ों की ढाणी, गुहाला, थाना सदर नीमकाथाना, जिला सीकर वारदात के बाद मुंबई फरार हो गया था। पुलिस उसकी तलाश में जुटी थी। इसी दौरान आरोपी मुंबई से जयपुर लौट आया, जहां पुलिस टीम ने उसे सिंधी कैंप बस स्टैंड से पकड़कर गिरफ्तार कर लिया।
मोटरसाइकिल जब्त, दूसरे आरोपी की तलाश
पुलिस पूछताछ में आरोपी की संलिप्तता सामने आने के बाद उसकी निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल जब्त की गई। पुलिस अब वारदात में शामिल दूसरे आरोपी की तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है। मामले में आगे की जांच जारी है।
इस कार्रवाई में थानाधिकारी रामपाल मीणा, कांस्टेबल अनिल सिंह, धर्मवीर, अजीत सिंह तथा साइबर सेल प्रभारी हेड कांस्टेबल जितेंद्र थाकन और अमित पायल सहित पुलिस टीम के सदस्यों की सक्रिय भूमिका रही।
देश
विदेश
प्रदेश
संपादकीय
वीडियो
आर्टिकल
व्यंजन
स्वास्थ्य
बॉलीवुड
G.K
खेल
बिजनेस
गैजेट्स
पर्यटन
राजनीति
मौसम
ऑटो-वर्ल्ड
करियर/शिक्षा
लाइफस्टाइल
धर्म/ज्योतिष
सरकारी योजना
फेक न्यूज एक्सपोज़
मनोरंजन
क्राइम
चुनाव
ट्रेंडिंग
Covid-19






Total views : 2468142
