चूरू में संघ का विजयदशमी उत्सव, शस्त्र पूजन के बाद निकला पथ संचलन
प्रमुख मार्गों पर पुष्पवर्षा कर किया स्वयंसेवकों का स्वागत, अनुशासन और राष्ट्रसेवा का दिया संदेश
जनमानस शेखावाटी सवांददाता : मोहम्मद अली पठान
चूरू : राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ, चूरू नगर की ओर से मंगलवार को बागला खेल मैदान में विजयदशमी उत्सव, शस्त्र पूजन एवं पथ संचलन का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जिला संघचालक ओमप्रकाश और विभाग प्रचारक मुकेश कुमार का सान्निध्य रहा।
कार्यक्रम का शुभारंभ शस्त्र पूजन के साथ हुआ। विभाग प्रचारक मुकेश कुमार ने विजयदशमी पर्व के महत्व, संघ की परंपराओं और राष्ट्रसेवा के संकल्प पर विचार व्यक्त किए। इसके बाद बागला खेल मैदान से पूर्ण गणवेश में स्वयंसेवकों का पथ संचलन शुरू हुआ। कदम से कदम मिलाकर चलते स्वयंसेवकों का अनुशासित स्वरूप आकर्षण का केंद्र रहा।
पथ संचलन सुभाष चौक, नई सड़क, रेलवे स्टेशन, धर्मस्तूप, पुरानी सड़क, गढ़ चौराहा और सफेद घंटाघर सहित शहर के प्रमुख मार्गों से होकर गुजरा तथा वापस बागला खेल मैदान पहुंचकर संपन्न हुआ। मार्ग में विभिन्न स्थानों पर लोगों ने घरों और दुकानों के सामने पुष्पवर्षा कर स्वयंसेवकों का स्वागत किया।

सत्य और धर्म की विजय का प्रतीक है विजयदशमी
कार्यक्रम में वक्ताओं ने विजयदशमी को अधर्म पर धर्म, असत्य पर सत्य और अन्याय पर न्याय की विजय का प्रतीक बताया। उन्होंने कहा कि यह पर्व सद्गुण अपनाने, सामाजिक दायित्व निभाने और राष्ट्र के प्रति समर्पित रहने की प्रेरणा देता है। पथ संचलन के माध्यम से संगठन, अनुशासन, सामाजिक समरसता और राष्ट्रभक्ति का संदेश दिया गया।
समापन पर जिला संघचालक ओमप्रकाश ने पुलिस प्रशासन, नगर परिषद प्रशासन और लॉयंस क्लब का सहयोग के लिए आभार जताया। लॉयंस क्लब की ओर से फल वितरित किए गए। कार्यक्रम में संघ के विभिन्न संगठनों के कार्यकर्ता, गणमान्य नागरिक, चूरू विधायक, नगर परिषद सभापति सहित अनेक लोग मौजूद रहे। स्वयंसेवकों ने सामाजिक सद्भाव और एकता को मजबूत करने तथा राष्ट्रहित के कार्यों में सक्रिय रहने का संकल्प दोहराया।
देश
विदेश
प्रदेश
संपादकीय
वीडियो
आर्टिकल
व्यंजन
स्वास्थ्य
बॉलीवुड
G.K
खेल
बिजनेस
गैजेट्स
पर्यटन
राजनीति
मौसम
ऑटो-वर्ल्ड
करियर/शिक्षा
लाइफस्टाइल
धर्म/ज्योतिष
सरकारी योजना
फेक न्यूज एक्सपोज़
मनोरंजन
क्राइम
चुनाव
ट्रेंडिंग
Covid-19





Total views : 2465340


