[pj-news-ticker post_cat="breaking-news"]

झुंझुनूं में कांग्रेस के दोनों पद, बगड़-मंडावा में भी कांग्रेस की जीत


निष्पक्ष निर्भीक निरंतर
  • Download App from
  • google-playstore
  • apple-playstore
  • jm-qr-code
X
झुंझुनूंटॉप न्यूज़राजस्थानराज्य

झुंझुनूं में कांग्रेस के दोनों पद, बगड़-मंडावा में भी कांग्रेस की जीत

उपसभापति पद पर वीरेंद्र डारा को 44 वोट, भाजपा के बुधराम सैनी को 16; मलसीसर और बुहाना में बराबरी के बाद पर्ची से फैसला

झुंझुनूं। नगर निकाय चुनाव के बाद मंगलवार को हुए उपसभापति और उपाध्यक्ष पदों के चुनाव में जिले की कई नगर पालिकाओं में रोचक मुकाबले देखने को मिले। झुंझुनूं नगर परिषद में कांग्रेस के वीरेंद्र डारा ने भाजपा के बुधराम सैनी को 28 वोटों से हराकर उपसभापति पद हासिल किया। डारा को 44 वोट मिले, जबकि बुधराम सैनी को 16 मत मिले। परिषद के सभी 60 पार्षदों ने मतदान किया।

झुंझुनूं नगर परिषद में कांग्रेस के 30, भाजपा के 15 और निर्दलीय 15 पार्षद हैं। सभापति चुनाव में कांग्रेस के अब्दुल्ला अगवान ने भाजपा के मनु धनखड़ को 35-25 के अंतर से हराया था। इसके बाद उपसभापति चुनाव में भी कांग्रेस प्रत्याशी को 44 वोट मिले। वीरेंद्र डारा पहले निर्दलीय पार्षद के रूप में निर्वाचित हुए थे और सभापति चुनाव के दौरान कांग्रेस के साथ रहे थे। उपसभापति पद के लिए कांग्रेस ने उन्हें अपना प्रत्याशी बनाया था।

बगड़ में कांग्रेस के अजय सिंह 2 वोट से जीते

बगड़। नगर पालिका उपाध्यक्ष पद के चुनाव में कांग्रेस के अजय सिंह ने भाजपा की सुमन देवी को 2 वोट से हराया। अजय सिंह को 10 और सुमन देवी को 8 वोट मिले। इससे एक दिन पहले अध्यक्ष पद का चुनाव बराबरी पर रहा था, जिसमें कांग्रेस के राकेश कुमार शर्मा लॉटरी के जरिए अध्यक्ष निर्वाचित हुए थे।

मलसीसर में आज कांग्रेस के पक्ष में निकली पर्ची

मलसीसर। नगर पालिका उपाध्यक्ष पद का फैसला बराबरी के बाद पर्ची से हुआ। कांग्रेस की श्रुति डालमिया और भाजपा की मनजीत चौहान को 10-10 वोट मिले। इसके बाद निर्वाचन प्रक्रिया के तहत पर्ची निकाली गई, जिसमें कांग्रेस प्रत्याशी श्रुति डालमिया का नाम आया और उन्हें उपाध्यक्ष निर्वाचित घोषित किया गया।

मलसीसर में एक दिन पहले अध्यक्ष पद का फैसला भी 10-10 वोट की बराबरी के बाद पर्ची से हुआ था, लेकिन उस समय भाजपा के पवन कुमार के नाम की पर्ची निकली थी।

सूरजगढ़ में अनूप कानोड़िया निर्विरोध उपाध्यक्ष

सूरजगढ़। नगर पालिका में अध्यक्ष पद के बाद उपाध्यक्ष पद पर भी निर्दलीय पार्षद निर्विरोध चुना गया। निर्धारित समय तक किसी अन्य प्रत्याशी के नामांकन नहीं करने पर निर्दलीय पार्षद अनूप कानोड़िया को निर्विरोध उपाध्यक्ष घोषित किया गया। निर्वाचन अधिकारी संदीप चौधरी ने उन्हें पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। इसके बाद समर्थकों ने नवनिर्वाचित उपाध्यक्ष अनूप कानोड़िया और चेयरमैन नरेंद्र सिंह का स्वागत किया।

मंडावा में नवाब खत्री ने 9 वोट से दर्ज की जीत

मंडावा। नगर पालिका उपाध्यक्ष पद पर कांग्रेस के नवाब खत्री निर्वाचित हुए। उन्होंने भाजपा समर्थित निर्दलीय प्रत्याशी संदीप शर्मा को 9 वोट से हराया। नवाब खत्री को 17 और संदीप शर्मा को 8 वोट मिले।

25 सदस्यीय नगर पालिका में कांग्रेस के 16, भाजपा के 6 और 3 निर्दलीय पार्षद हैं। एक दिन पहले अध्यक्ष पद पर भी कांग्रेस के सज्जन मिश्रा ने 9 वोट से जीत दर्ज की थी।

बुहाना में 10-10 की बराबरी, पर्ची से महेश कुमार शर्मा बने उपाध्यक्ष

बुहाना। नगर पालिका उपाध्यक्ष पद का चुनाव भी बराबरी पर पहुंच गया। निर्दलीय पार्षद महेश कुमार शर्मा और दूसरे प्रत्याशी को 10-10 वोट मिले। बराबरी की स्थिति में निर्वाचन प्रक्रिया के तहत पर्ची से फैसला कराया गया। पर्ची में महेश कुमार शर्मा का नाम आने पर उन्हें उपाध्यक्ष निर्वाचित घोषित किया गया।

बुहाना में एक दिन पहले अध्यक्ष पद का फैसला भी 10-10 वोट की बराबरी के बाद पर्ची से हुआ था। उस समय भाजपा की मंजूबाला के नाम की पर्ची निकली थी। नगर पालिका के 20 वार्डों में भाजपा के 9, कांग्रेस के 8 और 3 निर्दलीय पार्षद निर्वाचित हुए थे।

Related Articles