नरहड़ में भादवा मेले का भव्य आगाज, पीर बाबा के दरबार में उमड़ा आस्था का सैलाब
हजरत हाजिब शकरबार शाह की दरगाह पर देशभर से पहुंचे जायरीन, अमन-ओ-चैन की मांगी दुआ; सर्वधर्म सद्भाव की दिखी मिसाल
नरहड़ : हजरत हाजिब शकरबार शाह की दरगाह पर भादवा मेले का भव्य आगाज हुआ। भादवा की सप्तमी, अष्टमी और नवमी को आयोजित होने वाले तीन दिवसीय मेले में राजस्थान के साथ हरियाणा, पंजाब, उत्तर प्रदेश, गुजरात, मध्य प्रदेश, दिल्ली, आंध्र प्रदेश और महाराष्ट्र सहित कई राज्यों से बड़ी संख्या में जायरीन नरहड़ पहुंचे।
श्रद्धालुओं ने पीर बाबा की मजार पर मत्था टेककर अमन-ओ-चैन, खुशहाली और परिवार की सुख-समृद्धि की दुआएं मांगीं। मेले में सर्वधर्म सद्भाव की तस्वीर भी देखने को मिली। विभिन्न धर्मों के श्रद्धालु मन्नतें लेकर दरगाह पहुंचे।
नवविवाहित दंपती गठजोड़ की जात लगाने पहुंचे
मेले में बड़ी संख्या में नवविवाहित दंपती परिवार सहित दरगाह पर गठजोड़ की जात लगाने पहुंचे। वहीं नवजात शिशुओं के जडूले भी दरगाह पर उतारे गए। हरियाणा, पंजाब और उत्तर प्रदेश सहित अन्य राज्यों से श्रद्धालु पेट पलायन और डाक ध्वज लेकर भी दरगाह पहुंचे। जायरीनों ने मन्नत की तांतियां पीर बाबा की मजार के सामने जाली पर बांधकर अपनी श्रद्धा प्रकट की। मन्नत पूरी होने पर श्रद्धालुओं ने सवामणी और भंडारे आयोजित कर प्रसाद वितरित किया।
सुरक्षा और पार्किंग के पुख्ता इंतजाम
मेले में उमड़ने वाली भीड़ को देखते हुए कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस का पर्याप्त जाब्ता तैनात किया गया है। मेला स्थल से कुछ दूरी पर बाइपास के पास वाहनों के लिए पार्किंग की व्यवस्था की गई है। दरगाह कमेटी की ओर से श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए बिजली, पानी, चिकित्सा और साफ-सफाई के विशेष इंतजाम किए गए हैं। दरगाह परिसर में व्यवस्थाओं की निगरानी और श्रद्धालुओं की सहायता के लिए कंट्रोल रूम भी स्थापित किया गया है।
प्रशासन ने दिए आवश्यक दिशा-निर्देश
मेले की व्यवस्थाओं को लेकर उपखंड प्रशासन की ओर से अटल सेवा केंद्र नरहड़ में बैठक आयोजित की गई। इसमें उपखंड अधिकारी किरण पाल, विकास अधिकारी अनीषा बिजरानिया, अतिरिक्त प्रशासनिक अधिकारी कैलाश कविया सहित प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे। अधिकारियों ने मेले के दौरान सुरक्षा, यातायात, स्वच्छता, पेयजल और अन्य व्यवस्थाओं को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
लंगर और पेयजल की व्यवस्था
दरगाह सेवा फाउंडेशन की ओर से मेले में आने वाले जायरीनों के लिए लंगर एवं पेयजल की व्यवस्था की गई है। विभिन्न भंडारों में बाहर से आने वाले श्रद्धालुओं को भोजन और अन्य आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराया जा रहा है। सेवा कार्य में फाउंडेशन के पदाधिकारी और कार्यकर्ता लगातार जुटे हुए हैं।
आस्था का प्रमुख केंद्र है भादवा मेला
दरगाह के खादिम शाहिद पठान ने बताया कि भादवा की सप्तमी, अष्टमी और नवमी को भरने वाला यह मेला श्रद्धा और आस्था का प्रमुख केंद्र है। दूर-दराज से श्रद्धालु पीर बाबा के दरबार में मन्नतें मांगने पहुंचते हैं और मन्नत पूरी होने पर दोबारा दरगाह पहुंचकर अपनी श्रद्धा अर्पित करते हैं।
मेले के दौरान वरिष्ठ खादिम हाजी अजीज पठान, चेयरमैन खलील बुडाना, सचिव करीम पीरजी, दरगाह फाउंडेशन निदेशक एवं खादिम शाहिद-शमीम पठान, रफीक पीरजी, मैनेजर सिराज अली, सहायक मैनेजर कल्लू पीरजी और पियूष चतुर्वेदी सहित अन्य पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता व्यवस्थाओं में जुटे रहे। भादवा मेले में उमड़ी भीड़ के बीच दरगाह परिसर आस्था, सेवा और सर्वधर्म सद्भाव का केंद्र बना हुआ है।
देश
विदेश
प्रदेश
संपादकीय
वीडियो
आर्टिकल
व्यंजन
स्वास्थ्य
बॉलीवुड
G.K
खेल
बिजनेस
गैजेट्स
पर्यटन
राजनीति
मौसम
ऑटो-वर्ल्ड
करियर/शिक्षा
लाइफस्टाइल
धर्म/ज्योतिष
सरकारी योजना
फेक न्यूज एक्सपोज़
मनोरंजन
क्राइम
चुनाव
ट्रेंडिंग
Covid-19






Total views : 2354898


