एलेक्सा से बिजली के उपकरण, स्मार्ट कार्ड से हाजिरी… बेरी के स्कूल के नवाचार देख उपनिदेशक ने की सराहना
बच्चों के साथ बैठकर किया मध्याह्न भोजन, विद्यालय की अच्छी व्यवस्थाएं दूसरे स्कूलों में भी लागू करने का आह्वान
सीकर : बेरी के राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय उजीन सिंह का नाडा में तकनीक और नवाचार के जरिए शिक्षा को बेहतर बनाने के प्रयासों की माध्यमिक शिक्षा राजस्थान, बीकानेर के महात्मा गांधी राजकीय विद्यालय निदेशालय के उपनिदेशक महेंद्र सिंह जाखड़ ने सराहना की। शाला संबलन कार्यक्रम के तहत निरीक्षण के दौरान उन्होंने विद्यालय की शैक्षिक गतिविधियों, विभागीय योजनाओं और विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए किए जा रहे प्रयासों का जायजा लिया।
विद्यालय में एलेक्सा के माध्यम से विद्युत उपकरण चालू-बंद करने, संवर्धित और आभासी वास्तविकता के जरिए शिक्षण, आरएफआईडी युक्त स्मार्ट कार्ड से विद्यार्थियों की उपस्थिति दर्ज करने तथा कक्षाओं में एंड्रॉयड एलईडी के माध्यम से सूचना एवं संचार तकनीक के उपयोग की व्यवस्था देखकर उपनिदेशक ने प्रसन्नता जताई।
किचन गार्डन से पोषाहार, खुद तैयार कर रहे जैविक खाद
निरीक्षण के दौरान उपनिदेशक ने ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान, प्रखर राजस्थान 3.0, बाल संसद, बाल अधिकार क्लब, किचन गार्डन, बाल गोपाल दुग्ध योजना, निःशुल्क पाठ्यपुस्तक वितरण और पुस्तकालय व्यवस्था की जानकारी ली। उन्होंने विद्यार्थियों के शैक्षिक स्तर और शाला दर्पण पोर्टल पर विभागीय प्रविष्टियों की भी समीक्षा की।
विद्यालय में किचन गार्डन की सब्जियों का पोषाहार में उपयोग करने और परिसर में ही वर्मी कंपोस्ट तैयार करने की पहल को भी सराहा। उन्होंने कहा कि इस तरह की गतिविधियों से विद्यार्थियों में पर्यावरण संरक्षण, जिम्मेदारी और सामूहिक सहभागिता की भावना विकसित होती है।

बच्चों के साथ बैठकर किया भोजन
उपनिदेशक महेंद्र सिंह जाखड़ ने मध्याह्न भोजन व्यवस्था का निरीक्षण कर भोजन की गुणवत्ता और विद्यार्थियों को उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी ली। इसके बाद उन्होंने बच्चों के साथ बैठकर भोजन किया और उनसे बातचीत कर विद्यालय की गतिविधियों तथा भोजन व्यवस्था के बारे में पूछा। इस पहल से बच्चों के बीच आत्मीयता और समानता का संदेश दिया गया।
इस दौरान विद्यार्थी सुमित का जन्मदिन राष्ट्रीय नट दिवस के अवसर पर मनाया गया। उपनिदेशक ने उसे जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं।
अच्छे नवाचार दूसरे विद्यालयों में भी अपनाएं
जाखड़ ने कहा कि उपलब्ध संसाधनों का सही उपयोग कर शिक्षा को गुणवत्तापूर्ण, प्रभावी और विद्यार्थी केंद्रित बनाया जा सकता है। बाल संसद, बाल अधिकार क्लब, पुस्तकालय गतिविधियां और पर्यावरण संरक्षण जैसे कार्यक्रम बच्चों में नेतृत्व क्षमता, अनुशासन और सामाजिक जिम्मेदारी विकसित करने में सहायक हैं। उन्होंने विद्यालय परिवार से नवाचारों को निरंतर जारी रखने और अच्छी व्यवस्थाओं को अन्य विद्यालयों में भी अपनाने का आह्वान किया।
निरीक्षण के दौरान प्रधानाध्यापक राज कमल जाखड़ के नेतृत्व में विद्यालय स्टाफ की सहभागिता रही। कल्पना देवी, सुनीता मीणा, मंजू देवी, सुनीता देवी, रेखा सैनी और सजना देवी मौजूद रहीं। विद्यालय प्रबंधन समिति के सदस्य गिरवर सिंह, शंकर सिंह, मुकेश कुमार और सुभाष शर्मा भी उपस्थित थे। विद्यालय परिवार ने उपनिदेशक को शैक्षिक गतिविधियों, विभागीय योजनाओं और नवाचारों की जानकारी दी।
देश
विदेश
प्रदेश
संपादकीय
वीडियो
आर्टिकल
व्यंजन
स्वास्थ्य
बॉलीवुड
G.K
खेल
बिजनेस
गैजेट्स
पर्यटन
राजनीति
मौसम
ऑटो-वर्ल्ड
करियर/शिक्षा
लाइफस्टाइल
धर्म/ज्योतिष
सरकारी योजना
फेक न्यूज एक्सपोज़
मनोरंजन
क्राइम
चुनाव
ट्रेंडिंग
Covid-19






Total views : 2471826

