सरदारशहर बारिश से बेहाल: मुख्य बाजार में 3 फीट तक पानी, शहर जलमग्न; नगर परिषद की तैयारियां फिर हुईं फेल
सरदारशहर बारिश से बेहाल: मुख्य बाजार में 3 फीट तक पानी, शहर जलमग्न; नगर परिषद की तैयारियां फिर हुईं फेल
सरदारशहर : गुरुवार अल सुबह हुई मूसलाधार बारिश ने सरदारशहर की व्यवस्थाओं की एक बार फिर पोल खोल दी। करीब एक घंटे तक लगातार हुई तेज बारिश के चलते शहर के अधिकांश निचले इलाके जलमग्न हो गए। मुख्य बाजार, बोडिया कुआं, सब्जी मंडी, रेलवे स्टेशन, बीकानेर रोड सहित कई प्रमुख मार्गों पर भारी जलभराव हो गया।
मुख्य बाजार में कई स्थानों पर लगभग तीन फीट तक पानी भर जाने से जनजीवन पूरी तरह प्रभावित हो गया। बारिश के कारण शहर की सड़कों ने तालाब का रूप ले लिया। दुकानों के बाहर पानी भर जाने से व्यापारियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा, वहीं राहगीरों और वाहन चालकों को भी आवाजाही में काफी दिक्कतें हुईं। कई दोपहिया वाहन पानी में बंद हो गए और लोगों को घंटों तक जलभराव के बीच रास्ता तलाशना पड़ा।
बारिश के बाद नगर परिषद की मानसून पूर्व तैयारियां पूरी तरह नाकाम साबित होती नजर आईं। नालों और नालियों की पर्याप्त सफाई नहीं होने से बारिश का पानी समय पर निकासी नहीं पा सका, जिसके चलते शहर के अनेक हिस्सों में जलभराव की स्थिति बन गई। हर वर्ष की तरह इस बार भी पहली तेज बारिश में ही नगर परिषद की व्यवस्थाओं पर सवाल खड़े हो गए। शहर में भारी जलभराव को देखते हुए कई निजी विद्यालयों ने विद्यार्थियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए अवकाश घोषित कर दिया। अभिभावकों ने भी बच्चों को घर से बाहर नहीं निकलने दिया। सुबह के समय कार्यालय जाने वाले कर्मचारियों और आम नागरिकों को भी काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा।
हालांकि, शहरवासियों के लिए यह बारिश परेशानी लेकर आई, लेकिन किसानों के लिए यह किसी वरदान से कम नहीं रही। क्षेत्र के किसानों ने लंबे समय बाद हुई इस अच्छी बारिश का स्वागत करते हुए कहा कि इससे बाजरा, मूंग, ग्वार सहित अन्य खरीफ फसलों को भरपूर लाभ मिलेगा। खेतों में नमी बढ़ने से फसलों की बढ़वार बेहतर होगी और उत्पादन में भी वृद्धि की उम्मीद है। एक ओर जहां शहर की सड़कों पर जलभराव ने नगर परिषद की तैयारियों की वास्तविकता उजागर कर दी, वहीं दूसरी ओर खेतों में बरसी यह मेहर किसानों के चेहरों पर खुशी लेकर आई। अब शहरवासियों की नजर इस बात पर टिकी है कि जलनिकासी की समस्या के स्थायी समाधान के लिए नगर परिषद कब तक प्रभावी कदम उठाती है।
देश
विदेश
प्रदेश
संपादकीय
वीडियो
आर्टिकल
व्यंजन
स्वास्थ्य
बॉलीवुड
G.K
खेल
बिजनेस
गैजेट्स
पर्यटन
राजनीति
मौसम
ऑटो-वर्ल्ड
करियर/शिक्षा
लाइफस्टाइल
धर्म/ज्योतिष
सरकारी योजना
फेक न्यूज एक्सपोज़
मनोरंजन
क्राइम
चुनाव
ट्रेंडिंग
Covid-19





Total views : 2295993


