स्कूली बच्चों की सुरक्षा पर पुलिस सख्त, नियम तोड़ने वाले चालकों पर होगी कड़ी कार्रवाई
झुंझुनूं में एसपी कावेन्द्र सिंह सागर की अध्यक्षता में बैठक, स्कूल वाहनों के लिए सुरक्षा मानकों की सख्त पालना के निर्देश
झुंझुनूं : जिले के स्कूली बच्चों की सुरक्षित परिवहन व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए शुक्रवार को रिजर्व पुलिस लाइन सभागार में जिला पुलिस अधीक्षक कावेन्द्र सिंह सागर की अध्यक्षता में निजी विद्यालय प्रबंधन, बाल वाहिनी चालकों और संबंधित विभागों के अधिकारियों की बैठक आयोजित हुई। बैठक में सर्वोच्च न्यायालय के निर्देशों एवं बाल वाहिनी योजना की सख्ती से पालना कराने के निर्देश दिए गए।
एसपी कावेन्द्र सिंह सागर ने कहा कि स्कूली बच्चों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने निर्देश दिए कि सभी स्कूल बसें निर्धारित पीले रंग की हों तथा उन पर स्पष्ट रूप से “स्कूल बस” या “ऑन स्कूल ड्यूटी” अंकित हो। ऑटो और वैन पर “बाल वाहिनी” और “ऑन स्कूल ड्यूटी” लिखना अनिवार्य रहेगा।
उन्होंने कहा कि प्रत्येक वाहन में विद्यालय का नाम, संपर्क नंबर, चालक का विवरण, ड्राइविंग लाइसेंस नंबर, चाइल्ड हेल्पलाइन और यातायात हेल्पलाइन नंबर प्रदर्शित होना चाहिए। किसी भी वाहन में निर्धारित क्षमता से अधिक बच्चों को बैठाने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

बैठक में निर्देश दिए गए कि ऑटो में चालक की सीट पर तथा बस और वैन की अगली सीट पर 14 वर्ष से कम आयु के बच्चों को नहीं बैठाया जाएगा। सभी स्कूल वाहनों में प्राथमिक उपचार किट, अग्निशामक यंत्र, जीपीएस, स्पीड गवर्नर और सुरक्षित डोर लॉक प्रणाली अनिवार्य रूप से कार्यशील होनी चाहिए।
एसपी ने तेज गति, शराब के नशे में वाहन चलाने और ड्राइविंग के दौरान मोबाइल फोन के उपयोग को गंभीर अपराध बताते हुए कहा कि ऐसे मामलों में संबंधित चालक को तत्काल हटाकर नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी। पुलिस और परिवहन विभाग द्वारा संयुक्त निरीक्षण एवं औचक जांच अभियान भी लगातार चलाए जाएंगे।
बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि बाल वाहिनी चालकों और परिचालकों को सीपीआर एवं प्राथमिक उपचार का प्रशिक्षण दिया जाएगा। साथ ही चिकित्सा विभाग के सहयोग से नेत्र जांच शिविर और नियमित सड़क सुरक्षा प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
बैठक में जिला परिवहन अधिकारी रमेश कुमार, जिला शिक्षा अधिकारी (माध्यमिक) राजेन्द्र कुमार, यातायात प्रभारी कस्तूर वर्मा, अपराध सहायक रणजीत सिंह सेवदा, पीडब्ल्यूडी की जेईएन सीमा सहित निजी विद्यालयों के प्रतिनिधि एवं बाल वाहिनी चालक उपस्थित रहे।
देश
विदेश
प्रदेश
संपादकीय
वीडियो
आर्टिकल
व्यंजन
स्वास्थ्य
बॉलीवुड
G.K
खेल
बिजनेस
गैजेट्स
पर्यटन
राजनीति
मौसम
ऑटो-वर्ल्ड
करियर/शिक्षा
लाइफस्टाइल
धर्म/ज्योतिष
सरकारी योजना
फेक न्यूज एक्सपोज़
मनोरंजन
क्राइम
चुनाव
ट्रेंडिंग
Covid-19






Total views : 2262502

