[pj-news-ticker post_cat="breaking-news"]

सूरजगढ़ विधायक श्रवण कुमार ‘जीवनपर्यंत उपलब्धि सम्मान’ से सम्मानित, उपराष्ट्रपति और विधानसभा अध्यक्ष ने किया सम्मानित


निष्पक्ष निर्भीक निरंतर
  • Download App from
  • google-playstore
  • apple-playstore
  • jm-qr-code
X
झुंझुनूंटॉप न्यूज़राजस्थानराज्य

सूरजगढ़ विधायक श्रवण कुमार ‘जीवनपर्यंत उपलब्धि सम्मान’ से सम्मानित, उपराष्ट्रपति और विधानसभा अध्यक्ष ने किया सम्मानित

झुंझुनूं की माटी से सरपंच पद से राजनीतिक सफर शुरू कर 6 बार विधानसभा पहुँचने वाले वरिष्ठ नेता को लोकतंत्र के 75वें वर्ष के अमृत महोत्सव मंच पर मिला महा-सम्मान

जनमानस शेखावाटी सवांददाता : निरंजन सैन

सूरजगढ़ : राजस्थान विधानसभा के लोकतांत्रिक सफर के 75वें ऐतिहासिक वर्ष में प्रवेश के उपलक्ष्य में आयोजित भव्य ‘अमृत महोत्सव’ समारोह में सूरजगढ़ विधायक श्रवण कुमार को राजनीति में उनके बेदाग, दीर्घकालिक और अनुकरणीय योगदान के लिए ‘जीवनपर्यंत उपलब्धि सम्मान’ (Lifetime Achievement Award) से नवाजा गया है। जयपुर में आयोजित इस ऐतिहासिक समारोह में मुख्य अतिथि भारत के माननीय उपराष्ट्रपति श्री सी.पी. राधाकृष्णन, राज्यपाल हरिभाऊ किशनराव बागड़े, विधानसभा अध्यक्ष श्री वासुदेव देवनानी, माननीय मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने उन्हें यह प्रतिष्ठित प्रशस्ति-पत्र और सम्मान स्वरूप प्रतीक चिह्न भेंट किया।

सरपंच से शुरू हुआ था सफर, 6 बार बने विधायक

सम्मान समारोह के दौरान विधायक श्रवण कुमार के चार दशकों से अधिक के शानदार सार्वजनिक और राजनीतिक जीवन की सराहना की गई। झुंझुनूं जिले की माटी में जन्मे श्रवण कुमार ने अपने सार्वजनिक जीवन की शुरुआत एक ग्राम सरपंच के रूप में की थी। ग्रामीण धरातल पर उनकी सक्रियता और जन-सरोकारों के प्रति प्रतिबद्धता का ही परिणाम रहा कि उन्होंने 10वीं राजस्थान विधानसभा में सदस्य के रूप में प्रवेश कर अपने विधायी जीवन की शुरुआत की। इसके बाद उन्होंने लगातार 11वीं, 12वीं, 13वीं, 14वीं और अब वर्तमान 16वीं विधानसभा तक कुल 6 बार विधायक बनकर क्षेत्र की जनता की आकांक्षाओं का सशक्त प्रतिनिधित्व किया है।

किसान पुत्र का सादगी और संघर्ष भरा सफर

नगर कांग्रेस कमेटी सिंघाना अध्यक्ष डी पी सैनी ने बताया कि विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी द्वारा हस्ताक्षरित प्रशस्ति-पत्र में उल्लेख किया गया कि एक साधारण किसान परिवार से जुड़े होने के कारण श्रवण कुमार ने सदैव आमजन और किसानों की समस्याओं को बहुत निकटता से समझा और उनके समाधान के लिए निरंतर संघर्षरत रहे। विधायी कार्यों में उनकी रुचि का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि वे सरकारी आश्वासनों संबंधी समिति, राजकीय उपक्रम समिति तथा महिला एवं बालकों के कल्याण संबंधी समिति जैसी महत्वपूर्ण विधानसभा समितियों में सक्रिय व सार्थक भागीदारी निभा चुके हैं।

एक ही मंच पर जुटे देश-प्रदेश के दिग्गज

गौरतलब है कि राजस्थान विधानसभा के इस अमृत महोत्सव का उद्घाटन लोकसभा अध्यक्ष श्री ओम बिरला द्वारा किया गया था। इस गरिमामयी मंच पर पहली विधानसभा से लेकर वर्तमान 16वीं विधानसभा तक के प्रदेश के करीब 30 शीर्ष वरिष्ठ पूर्व एवं वर्तमान जनप्रतिनिधियों का सम्मान किया गया, जिसमें श्रवण कुमार को जीवनपर्यंत उल्लेखनीय विधायी सेवाओं के लिए विशेष रूप से चुना गया। इस दौरान राजनीति के कई दिग्गज और वरिष्ठ जनसेवक भी मौजूद रहे।

यह सम्मान मेरी देवतुल्य जनता को समर्पित: विधायक श्रवण कुमार

सम्मान ग्रहण करने के बाद विधायक श्रवण कुमार ने भावुक होते हुए कहा, “यह सम्मान मेरा नहीं, बल्कि झुंझुनूं और सूरजगढ़ क्षेत्र की उस देवतुल्य जनता और कर्मठ कार्यकर्ताओं का है, जिन्होंने एक किसान के बेटे पर चार दशकों तक अटूट विश्वास बनाए रखा। मैं जीवन की अंतिम सांस तक क्षेत्र के विकास और जनता की सेवा के लिए समर्पित रहूँगा।”

इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर क्षेत्र के कार्यकर्ताओं, समर्थकों और जनप्रतिनिधियों में भारी हर्ष की लहर है तथा सोशल मीडिया से लेकर धरातल तक उन्हें बधाई देने वालों का ताँता लगा हुआ है।

Related Articles