सरदारशहर में गणित शिक्षक के तबादले पर ग्रामीण भड़के:एसडीएम कार्यालय का घेराव, 24 घंटे में आदेश रद्द न होने पर तालाबंदी की चेतावनी
सरदारशहर में गणित शिक्षक के तबादले पर ग्रामीण भड़के:एसडीएम कार्यालय का घेराव, 24 घंटे में आदेश रद्द न होने पर तालाबंदी की चेतावनी
सरदारशहर : सरदारशहर के राजकीय उच्च माध्यमिक स्कूल मेलूसर बीकान में वरिष्ठ गणित शिक्षक रामलाल मूंड के तबादले को लेकर ग्रामीणों में आक्रोश है। मंगलवार को बड़ी संख्या में ग्रामीण, अभिभावक और विद्यार्थी उपखंड कार्यालय पहुंचे और प्रदर्शन किया। ग्रामीणों ने प्रशासन को 24 घंटे का अल्टीमेटम देते हुए चेतावनी दी कि तय समय में तबादला आदेश वापस नहीं लिया गया तो तीन गांवों के लोग ने स्कूल पर ताला लगाकर अनिश्चितकालीन धरना शुरू करेंगे।
ग्रामीण उपखंड कार्यालय पहुंचे और स्थानांतरण आदेश रद्द करने की मांग करते हुए एसडीएम और शिक्षा विभाग के अधिकारियों को ज्ञापन सौंपा।
24 घंटे में आदेश नहीं तो ताला बंदी की चेतावनी
ग्रामीणों ने प्रशासन को 24 घंटे का अल्टीमेटम दिया है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि निर्धारित समय में तबादला आदेश वापस नहीं लिया गया, तो मेलूसर बीकान सहित तीन गांवों के ग्रामीण विद्यालय पर ताला लगाकर अनिश्चितकालीन धरना-प्रदर्शन शुरू करेंगे। इसकी पूरी जिम्मेदारी प्रशासन और शिक्षा विभाग की होगी।
ग्रामीणों का कहना है कि विद्यालय में गणित विषय के एकमात्र शिक्षक रामलाल मूंड के तबादले के बाद अब गणित पढ़ाने के लिए कोई शिक्षक नहीं बचेगा। इससे करीब 800 विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित होगी।
उन्होंने बताया कि पहले भी वर्षों तक गणित शिक्षक न होने के कारण बोर्ड परीक्षा परिणाम लगभग 33 प्रतिशत तक सीमित रह गया था। रामलाल मूंड के पदस्थापन के बाद शिक्षण व्यवस्था में सुधार हुआ और बोर्ड परीक्षा परिणाम में भी उल्लेखनीय बढ़ोतरी दर्ज की गई।
कई विद्यार्थियों ने पाए गणित में पूरे 100 अंक
ग्रामीणों के अनुसार, शिक्षक की मेहनत से कई विद्यार्थियों ने गणित में 100 में से 100 अंक प्राप्त किए। एक परीक्षा में 22 में से 19 विद्यार्थियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया, जिससे विद्यालय की शैक्षणिक छवि मजबूत हुई।
ग्रामीण बोले- शिक्षक का तबादला भविष्य के साथ अन्याय
गांव के गजानंद पारीक ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्र के विद्यार्थियों को पहले ही संसाधनों की कमी का सामना करना पड़ता है, ऐसे में एकमात्र गणित शिक्षक का तबादला उनके भविष्य के साथ अन्याय है।
सरपंच बोले- अनुभवी शिक्षक का तबादला विद्यार्थियों के हित में नहीं
सरपंच जैसाराम ने कहा कि उत्कृष्ट परिणाम देने वाले अनुभवी शिक्षक का तबादला विद्यार्थियों के हित में नहीं है। उन्होंने प्रशासन से तत्काल प्रभाव से स्थानांतरण आदेश निरस्त करने की मांग की। ग्रामीणों ने स्पष्ट किया कि यदि निर्धारित समय में उनकी मांग नहीं मानी गई तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।
प्रदर्शन के दौरान परसाराम सारण, गजानंद पारीक, सोनू ढिढारिया, रोहिताश, देवेंद्र सिंह, मुखराम, सूर्यप्रकाश, सहीराम, नरेश, धर्मवीर, सीताराम, ओमप्रकाश, विनोद और मनीष कुमार सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।
देश
विदेश
प्रदेश
संपादकीय
वीडियो
आर्टिकल
व्यंजन
स्वास्थ्य
बॉलीवुड
G.K
खेल
बिजनेस
गैजेट्स
पर्यटन
राजनीति
मौसम
ऑटो-वर्ल्ड
करियर/शिक्षा
लाइफस्टाइल
धर्म/ज्योतिष
सरकारी योजना
फेक न्यूज एक्सपोज़
मनोरंजन
क्राइम
चुनाव
ट्रेंडिंग
Covid-19






Total views : 2256537


