[pj-news-ticker post_cat="breaking-news"]

शिक्षा मंत्री से वार्ता के बाद शैक्षिक महासंघ का आंदोलन स्थगित, ग्रीष्मावकाश 28 जून तक बढ़ाने पर सहमति


निष्पक्ष निर्भीक निरंतर
  • Download App from
  • google-playstore
  • apple-playstore
  • jm-qr-code
X
टॉप न्यूज़राजस्थानराज्यसीकर

शिक्षा मंत्री से वार्ता के बाद शैक्षिक महासंघ का आंदोलन स्थगित, ग्रीष्मावकाश 28 जून तक बढ़ाने पर सहमति

शिक्षा मंत्री से वार्ता के बाद शैक्षिक महासंघ का आंदोलन स्थगित, ग्रीष्मावकाश 28 जून तक बढ़ाने पर सहमति

सीकर : अखिल भारतीय राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ (विद्यालय शिक्षा) राजस्थान के प्रांतव्यापी आंदोलन को बड़ी सफलता मिली है। शिक्षकों की विभिन्न मांगों को लेकर चल रहे आंदोलन के बीच शुक्रवार देर रात शिक्षा मंत्री Madan Dilawar ने संगठन के प्रतिनिधिमंडल को वार्ता के लिए आमंत्रित किया। सकारात्मक चर्चा के बाद संगठन ने प्रस्तावित आंदोलन के अगले चरण स्थगित करने की घोषणा की है।

प्रदेश अध्यक्ष रमेश पुष्करणा के नेतृत्व में पहुंचे प्रतिनिधिमंडल और शिक्षा मंत्री के बीच शिक्षकों एवं छात्र हित से जुड़े कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर विस्तृत चर्चा हुई। वार्ता में नए शैक्षणिक सत्र को 21 जून के बजाय 29 जून से प्रारंभ करने तथा संस्था प्रधानों के अधिकृत अवकाश में की गई कटौती को वापस लेकर पूर्व की भांति दो दिन रखने पर सैद्धांतिक सहमति बनी। संबंधित आदेश जल्द जारी होने की संभावना जताई गई है।

प्रदेश महामंत्री महेन्द्र कुमार लखारा ने बताया कि तृतीय वेतन श्रृंखला के शिक्षकों के तबादलों के मुद्दे पर शिक्षा मंत्री ने मुख्यमंत्री से विशेष आग्रह करने का आश्वासन दिया है। वहीं शिक्षकों की पदोन्नति से जुड़े मामलों में न्यायालय में प्रभावी पैरवी सुनिश्चित करने के लिए विभागीय अधिकारियों एवं अतिरिक्त महाधिवक्ता को आवश्यक निर्देश भी दिए गए।

बैठक में क्रमोन्नत विद्यालयों में पदों की वित्तीय स्वीकृति, तृतीय श्रेणी शिक्षकों एवं प्रबोधकों की वेतन विसंगति दूर करने, गैर-शैक्षणिक कार्यों में शिक्षकों की अनावश्यक नियुक्ति कम करने तथा संविदा कर्मियों से जुड़े नियमों पर पुनर्विचार जैसे विषयों पर भी चर्चा हुई। शिक्षा मंत्री ने इन मामलों में सकारात्मक पहल का भरोसा दिलाया।

संघर्ष समिति संयोजक सम्पत सिंह ने कहा कि यह शिक्षकों के संघर्ष की महत्वपूर्ण उपलब्धि है। उन्होंने बताया कि अधिकांश मांगों पर सैद्धांतिक सहमति बनने और विभाग के सकारात्मक रुख को देखते हुए संगठन ने फिलहाल आंदोलन स्थगित करने का निर्णय लिया है।

प्रदेश अध्यक्ष रमेश पुष्करणा ने बताया कि मांगपत्र में शामिल अन्य प्रशासनिक मुद्दों के समाधान के लिए भी शिक्षा मंत्री ने अधिकारियों को शीघ्र वार्ता कर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं।

शिक्षक हितों को लेकर हुई इस महत्वपूर्ण बैठक में प्रदेश अध्यक्ष रमेश पुष्करणा, प्रदेश महामंत्री महेन्द्र कुमार लखारा, संघर्ष समिति संयोजक सम्पत सिंह, अतिरिक्त महामंत्री बसंत जिंदल, वरिष्ठ उपाध्यक्ष रवि आचार्य तथा प्रदेश उपाध्यक्ष अभय सिंह राठौड़ सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।

Related Articles