श्रीमाधोपुर में आंधी से दुकान की दीवार गिरी, पेड़ उखड़े:दीवार ढहने से बस्सी गांव में पशु घायल, टीनशेड गिरने से जयरामपुरा में दो बकरियों की मौत
श्रीमाधोपुर में आंधी से दुकान की दीवार गिरी, पेड़ उखड़े:दीवार ढहने से बस्सी गांव में पशु घायल, टीनशेड गिरने से जयरामपुरा में दो बकरियों की मौत
जनमानस शेखावाटी सवांददाता : अशोक सिंह शेखावत
श्रीमाधोपुर : श्रीमाधोपुर में बुधवार शाम अचानक मौसम ने करवट ले ली। शाम करीब 5 बजे तेज धूलभरी आंधी शुरू हुई, जिससे पूरा शहर धूल के गुबार से ढक गया। अंधड़ के कारण कुछ देर के लिए दृश्यता काफी कम हो गई और बाजारों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। करीब 20 मिनट तक तेज हवाएं चलने के बाद हल्की बारिश हुई, जिससे तापमान में गिरावट दर्ज की गई और लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिली।
राजपथ रोड पर मिष्ठान भंडार की दीवार गिरी
तेज अंधड़ के दौरान राजपथ रोड स्थित एक मिष्ठान भंडार की पहली और दूसरी मंजिल की रैलिंग सहित दीवार अचानक ढह गई। दीवार का मलबा सड़क पर आ गिरा। गनीमत रही कि घटना के समय सड़क पर कोई राहगीर या दुकानदार मौजूद नहीं था, जिससे बड़ा हादसा टल गया।
देखिए, श्रीमाधोपुर क्षेत्र में आंधी से नुकसान की तस्वीरें-




आंधी से कई इलाकों में पेड़ और बिजली के खंभे गिरे
अंधड़ का असर शहर और आसपास के ग्रामीण इलाकों में भी देखने को मिला। कई जगह पेड़ उखड़कर गिर गए, जबकि हरिजन मोहल्ले में एक टीनशेड तेज हवा में उड़कर पेड़ पर जा अटका। धूलभरी हवाओं के चलते बाजारों में दुकानदारों को सामान समेटने में परेशानी हुई और राहगीरों को आवागमन में दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
कचियागढ़ कॉलोनी में एक पेड़ और बिजली का खंभा गिर गया। वहीं जयरामपुरा पावर हाउस के पास एक टीनशेड की दीवार ढह गई, जिससे आसपास के लोगों में दहशत फैल गई।
बस्सी गांव के पास दीवार गिरने से पशु घायल, युवक को लगी चोट
श्रीमाधोपुर के पास बस्सी गांव से करीब एक किलोमीटर पहले एक किसान के नोहरे की दीवार तेज अंधड़ के कारण गिर गई। हादसे में एक भैंस और एक गाय मलबे में दबकर घायल हो गईं। किसान महेश सैनी ने बताया कि उनका 25 वर्षीय बेटा विजय भी हादसे में घायल हो गया। दीवार की ईंटें गिरने से उसकी पीठ में चोट आई है।
जयरामपुरा इलाके में टीनशेड की दीवार गिरने से पशुपालकों को भी नुकसान उठाना पड़ा। पशुपालक भोलाराम और तेजपाल सामोता ने बताया कि हादसे में दो बकरियों की मौत हो गई, जबकि चार अन्य घायल हो गईं।
तीन घंटे में 4 डिग्री गिरा तापमान
मौसम विभाग के अनुसार दोपहर 3 बजे शहर का तापमान 42 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। शाम 6 बजे तक तापमान 4 डिग्री गिरकर 38 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया। तेज हवाओं और हल्की बारिश के कारण मौसम सुहावना हो गया।
इससे पहले मंगलवार शाम को भी श्रीमाधोपुर में मौसम में बदलाव देखने को मिला था। दिनभर तेज गर्मी के बाद शाम के समय आसमान में बादलों की आवाजाही रही थी, जिससे लोगों को गर्मी से थोड़ी राहत मिली थी।
कई इलाकों में बिजली पोल टूटकर गिरे
बिजली के 60 पोल टूटे, तेज अंधड़ तूफान के कारण शहर समेत आस-पास के कई इलाकों में बिजली पोल टूटकर गिर गए। शहरी जेईएन जितेंद्र घोसल्या ने बताया- बिजली विभाग के करीबन 60 पोल टूट गए। विद्युत सप्लाई सामान्य होने में दो से तीन दिन लग सकते है। बिजली विभाग के सभी कर्मचारी, एफआरटी और ठेकाकर्मी विद्युत सप्लाई सुचारू करने का कार्य कर रहे है।
देश
विदेश
प्रदेश
संपादकीय
वीडियो
आर्टिकल
व्यंजन
स्वास्थ्य
बॉलीवुड
G.K
खेल
बिजनेस
गैजेट्स
पर्यटन
राजनीति
मौसम
ऑटो-वर्ल्ड
करियर/शिक्षा
लाइफस्टाइल
धर्म/ज्योतिष
सरकारी योजना
फेक न्यूज एक्सपोज़
मनोरंजन
क्राइम
चुनाव
ट्रेंडिंग
Covid-19







Total views : 2150985


