बाबा श्याम के लक्खी मेले को लेकर प्रशासन हाई अलर्ट, आईजी-एसपी ने की सुरक्षा ब्रीफिंग
बाबा श्याम के लक्खी मेले को लेकर प्रशासन हाई अलर्ट, आईजी-एसपी ने की सुरक्षा ब्रीफिंग
जनमानस शेखावाटी सवंददाता : नैना शेखावत
खाटूश्यामजी : विश्व प्रसिद्ध खाटू श्याम मंदिर में आयोजित होने वाले आठ दिवसीय वार्षिक लक्खी मेले को लेकर प्रशासन पूरी तरह हाई अलर्ट पर है। मेले की तैयारियों के तहत जयपुर रेंज के आईजी राघवेंद्र सुहास एवं पुलिस अधीक्षक प्रवीण नायक नूनावत ने सुरक्षा ड्यूटी में तैनात अधिकारियों व जवानों की विस्तृत ब्रीफिंग कर आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए। अधिकारियों ने कानून व्यवस्था, यातायात प्रबंधन और श्रद्धालुओं की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता बताते हुए कहा कि मेले के दौरान किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
22 सेक्टरों में बांटा मेला क्षेत्र
इस वर्ष मेले को 22 सेक्टरों में विभाजित किया गया है। प्रत्येक सेक्टर में वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के नेतृत्व में जाब्ता तैनात रहेगा। पहली बार डिजिटल स्क्रीन के माध्यम से पूर्व मेले के वीडियो दिखाकर जवानों को संभावित चुनौतियों से अवगत कराया गया। आंतरिक गलियों में आवागमन नियंत्रित रहेगा। परीक्षार्थियों और विद्यार्थियों के लिए अलग से यातायात व्यवस्था की जाएगी। स्थानीय निवासियों को आने-जाने के लिए वोटर आईडी, पासपोर्ट या ड्राइविंग लाइसेंस दिखाना अनिवार्य होगा।

विशेष कंट्रोल रूम और सख्त निर्देश
ड्यूटी पर तैनात अधिकारी को दूसरे अधिकारी के आने तक अपना पॉइंट नहीं छोड़ने के निर्देश दिए गए हैं। गुमशुदगी की स्थिति में तुरंत कंट्रोल रूम को सूचना देना अनिवार्य रहेगा। इस बार डीजीपी व आईजी कार्यालय में भी विशेष कंट्रोल रूम स्थापित कर निगरानी रखी जाएगी।
27 फरवरी को निकलने वाली बाबा श्याम की रथ यात्रा के दौरान विशेष चौकसी बरती जाएगी। नवाचार के तहत दर्शन निकास की दो लाइनें गुवाड़ चौक की ओर से संचालित की जाएंगी, ताकि भीड़ का दबाव कम किया जा सके।

VIP दर्शन और प्रोटोकॉल दर्शन की व्यवस्था बंद
जिला कलेक्टर मुकुल शर्मा ने बताया- तहसीलदार व RAS स्तर के अधिकारियों को मेले में सेक्टर मजिस्ट्रेट लगाया गया है। पुलिसकर्मियों के लिए मेला ड्यूटी को 16 सेक्टर में बांटा गया है। जिला मजिस्ट्रेट के आदेशानुसार VIP दर्शन और प्रोटोकॉल दर्शन की व्यवस्था इस बार बंद रखी गई है। रोजाना लगभग 5 लाख लोग श्याम बाबा के दर्शन करेंगे। 21 फरवरी से 28 फरवरी तक श्रद्धालुओं की भीड़ बने रहने की संभावना है।
बोर्ड परीक्षा के स्टूडेंट्स और लोग कार्ड दिखाकर आ-जा सकेंगे
आईजी सुहास ने बताया- स्थानीय लोगों की सुविधा और 12वीं बोर्ड परीक्षा को देखते हुए आधार कार्ड, राशन कार्ड और ड्राइविंग लाइसेंस दिखाकर वे आराम से आ-जा सकेंगे। पुलिसकर्मियों की ड्यूटी के 16 सेक्टर्स बनाए गए हैं। स्थानीय लोगों की सुविधा के लिए चैन और लिंक रोड की व्यवस्था की गई है, ताकि खाटू कस्बे में रहने वालों को मेले के दौरान असुविधा का सामना ना करना पड़े।
भारी पुलिस जाब्ता तैनात
डीवाईएसपी राव आनंद कुमार एवं थानाधिकारी पवन कुमार चौबे ने बताया कि सुरक्षा व्यवस्था में 4 आईपीएस, 20 एएसपी, 40 डीवाईएसपी, 80 सीआई, 200 एसआई-एएसआई, 400 हेड कांस्टेबल, 3000 कांस्टेबल, 650 महिला अधिकारी व जवान, 1200 होमगार्ड्स, राजस्थान सशस्त्र कांस्टेबुलरी की 7 बटालियन, 1500 सिक्योरिटी गार्ड्स, ईआरटी व बीडीएस टीम सहित करीब 2000 व्यवस्थार्थ सहयोगी कर्मचारी तैनात किए गए हैं।
प्रशासन ने श्रद्धालुओं से सहयोग की अपील करते हुए कहा कि बाबा श्याम के मेले में ड्यूटी केवल सुरक्षा ही नहीं बल्कि सेवा का भी अवसर है। सभी अधिकारी व कर्मचारी समर्पित भाव से अपनी जिम्मेदारी निभाएं, ताकि श्रद्धालुओं को सुगम और सुरक्षित दर्शन हो सकें।
देश
विदेश
प्रदेश
संपादकीय
वीडियो
आर्टिकल
व्यंजन
स्वास्थ्य
बॉलीवुड
G.K
खेल
बिजनेस
गैजेट्स
पर्यटन
राजनीति
मौसम
ऑटो-वर्ल्ड
करियर/शिक्षा
लाइफस्टाइल
धर्म/ज्योतिष
सरकारी योजना
फेक न्यूज एक्सपोज़
मनोरंजन
क्राइम
चुनाव
ट्रेंडिंग
Covid-19







Total views : 2039321

