पैरा खिलाड़ियों को मिला राष्ट्रीय मंच: सिंघानिया विवि में पैरा थ्रोबॉल नेशनल फेडरेशन कप 2026 का भव्य आगाज
300 से अधिक खिलाड़ी ले रहे भाग, एशियन पैरा चैंपियनशिप के लिए ट्रायल भी
जनमानस शेखावाटी संवाददाता : अयूब खान
पचेरी बड़ी : सिंघानिया विश्वविद्यालय, पचेरी बड़ी के मारवाड़ इंडोर एरीना में पैरा थ्रोबॉल नेशनल फेडरेशन कप 2026 सह ट्रायल सेलेक्शन द्वितीय एशियन पैरा थ्रोबॉल चैंपियनशिप का भव्य उद्घाटन किया गया। तीन दिवसीय इस राष्ट्रीय प्रतियोगिता का आयोजन पैरा थ्रोबॉल फेडरेशन ऑफ इंडिया द्वारा किया जा रहा है, जिसकी मेजबानी सिंघानिया विश्वविद्यालय कर रहा है।
उद्घाटन समारोह की शुरुआत अतिथियों के स्वागत, हाई-टी, वृक्षारोपण एवं दीप प्रज्वलन के साथ हुई। इस अवसर पर सभी अतिथियों को शॉल व स्मृति-चिह्न भेंट कर सम्मानित किया गया।

विश्वविद्यालय खिलाड़ियों को हर सुविधा देने के लिए प्रतिबद्ध
सिंघानिया विश्वविद्यालय के प्रेजिडेंट डॉ. मनोज कुमार (सेवानिवृत्त आईएएस) ने स्वागत भाषण में कहा कि विश्वविद्यालय खेलों के क्षेत्र में खिलाड़ियों को हर आवश्यक सुविधा उपलब्ध कराने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने बताया कि विश्वविद्यालय में आधुनिक खेल अधोसंरचना, प्रशिक्षित कोचिंग और संसाधन उपलब्ध कराए जा रहे हैं। साथ ही भविष्य में भी विभिन्न राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों के लिए पूर्ण सहयोग दिया जाएगा। उन्होंने पैरा खिलाड़ियों के आत्मविश्वास, संघर्ष और प्रतिभा की विशेष सराहना की।
दिव्यांग खिलाड़ी किसी से कम नहीं
गेस्ट ऑफ ऑनर अल्बर्ट प्रेम कुमार ने आयोजन के लिए शुभकामनाएं देते हुए कहा कि दिव्यांग खिलाड़ी किसी से कम नहीं हैं। यदि उन्हें सही मंच और अवसर मिले तो वे देश का नाम राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय स्तर पर रोशन कर सकते हैं। उन्होंने पैरा खिलाड़ियों को सशक्त मंच देने के लिए सिंघानिया विश्वविद्यालय का आभार जताया।
विशेष अतिथि नॉबल एजुकेशन ग्रुप के डायरेक्टर डॉ. संदीप नेहरा ने भी इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन दिव्यांग खिलाड़ियों के लिए प्रेरणादायी साबित होते हैं।
राजस्थान खेलों में लगातार आगे बढ़ रहा
मुख्य अतिथि एशियन गेम्स स्वर्ण पदक विजेता, पूर्व अंतरराष्ट्रीय हॉकी खिलाड़ी असलम शेर खान ने अपने खेल जीवन के संस्मरण साझा किए। उन्होंने कहा कि राजस्थान आज खेलों के क्षेत्र में तेजी से आगे बढ़ रहा है। सिंघानिया विश्वविद्यालय सामान्य खिलाड़ियों के साथ-साथ पैरा खिलाड़ियों के लिए भी एक मजबूत और प्रेरणादायी मंच बनकर उभर रहा है।
विश्व पैरा थ्रोबॉल फेडरेशन अध्यक्ष ने की सराहना
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए सुश्री निर्मला रावत (अध्यक्ष, वर्ल्ड पैरा थ्रोबॉल फेडरेशन) ने कहा कि पैरा खिलाड़ियों को सम्मान, सुविधाएं और अवसर मिलना बेहद जरूरी है। उन्होंने पैरा खेलों के लिए विशेष प्रयास करने पर सिंघानिया विश्वविद्यालय की प्रशंसा की और भविष्य में हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया।
सांस्कृतिक प्रस्तुति ने बांधा समां
समारोह में हुसैन जी के नेतृत्व में ‘वी आर वन’ ग्रुप द्वारा दिव्यांग बच्चों की शानदार सांस्कृतिक प्रस्तुति ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।
राजस्थान बनाम आंध्र से पहला मुकाबला
अतिथियों ने आकाश में गुब्बारे छोड़कर प्रतियोगिता का शुभारंभ किया। इसके बाद विभिन्न राज्यों से आई टीमों द्वारा मार्च-पास्ट किया गया। प्रतियोगिता में देशभर से 300 से अधिक पैरा खिलाड़ी भाग ले रहे हैं। उद्घाटन के बाद पहला मुकाबला राजस्थान और आंध्र प्रदेश की टीमों के बीच खेला गया। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान और टीम फोटोग्राफ के साथ हुआ। कार्यक्रम का संचालन राष्ट्रीय युवा पुरस्कार विजेता अधिवक्ता विजय हिन्द जालिमपुरा ने किया।
खेल हस्तियों का सम्मान
इस दौरान भीम अवार्डी एवं अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी ज्ञानेंद्र गहांगस, पैरा लॉन बॉल्स फेडरेशन महासचिव चरण सिंह, भीम व द्रोणाचार्य अवार्डी सुखबीर थॉकस और अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी मनीषा कादयान को उनके उत्कृष्ट योगदान के लिए सम्मानित किया गया।
इन संस्थाओं का रहा सहयोग
आयोजन को सफल बनाने में इंडसइंड बैंक, यस बैंक, एक्सिस बैंक, सारथी एजुकेशन ट्रस्ट, नोबल एजुकेशन ग्रुप, रॉयल कॉलेज ऑफ फार्मेसी, विद्या भारती पब्लिक स्कूल सहित कई संस्थाओं का सहयोग रहा। इस अवसर पर विश्वविद्यालय स्टाफ, छात्र-छात्राएं और क्षेत्र की कई प्रमुख हस्तियां मौजूद रहीं।
देश
विदेश
प्रदेश
संपादकीय
वीडियो
आर्टिकल
व्यंजन
स्वास्थ्य
बॉलीवुड
G.K
खेल
बिजनेस
गैजेट्स
पर्यटन
राजनीति
मौसम
ऑटो-वर्ल्ड
करियर/शिक्षा
लाइफस्टाइल
धर्म/ज्योतिष
सरकारी योजना
फेक न्यूज एक्सपोज़
मनोरंजन
क्राइम
चुनाव
ट्रेंडिंग
Covid-19






Total views : 2032975


