मावठ के बाद शीतलहर का प्रकोप: शेखावाटी में नए साल का पहला दिन ठंड से कांपा जनजीवन
मावठ के बाद शीतलहर का प्रकोप: शेखावाटी में नए साल का पहला दिन ठंड से कांपा जनजीवन
जनमानस शेखावाटी संवाददाता : रविन्द्र पारीक
नवलगढ़ : शेखावाटी अंचल में बीती रात हुई मावठ (हल्की बारिश) के बाद नए साल के पहले ही दिन मौसम ने अचानक करवट ले ली। बारिश के बाद तापमान में गिरावट दर्ज की गई और पूरे क्षेत्र में शीतलहर का असर तेज हो गया। सुबह से ही ठंडी हवाओं के चलने से वातावरण में ठिठुरन बनी रही, जिससे आमजन को कड़ाके की सर्दी का सामना करना पड़ा।
दिनभर आसमान में बादल छाए रहने और सर्द हवाओं के कारण धूप का असर नगण्य रहा। शीतलहर के चलते बाजारों में आवाजाही कम देखने को मिली। लोग आवश्यक काम से ही घरों से बाहर निकले और सिर से लेकर पांव तक गर्म कपड़ों में लिपटे नजर आए। ग्रामीण क्षेत्रों में खेतों की ओर जाने वाले किसान भी सर्दी से बचाव के लिए अतिरिक्त कपड़ों और अलाव का सहारा लेते दिखे।
शाम होते-होते ठंड में और इजाफा हो गया। तापमान गिरने के साथ ही खुले स्थानों पर ठहरना मुश्किल हो गया। ऐसे में शहर व कस्बों के चौराहों, बाजारों और गलियों में जलते गर्म अलाव लोगों के लिए राहत का साधन बने। मजदूर वर्ग, राहगीर, दुकानदार और बुजुर्ग अलाव के चारों ओर जमा होकर हाथ सेंकते नजर आए। ठंड से बचाव के लिए चाय और गर्म पेय पदार्थों की दुकानों पर भी भीड़ दिखाई दी।
मौसम विभाग के अनुसार मावठ के बाद उत्तर से चल रही सर्द हवाओं के कारण आगामी कुछ दिनों तक शीतलहर का असर बना रह सकता है। स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने लोगों को ठंड से बचाव के लिए सावधानी बरतने, गर्म वस्त्र पहनने और बच्चों व बुजुर्गों का विशेष ध्यान रखने की सलाह दी है। नए साल की शुरुआत शेखावाटी में इस बार ठंडे तेवरों के साथ हुई, जहां दिनभर शीतलहर और शाम को गर्म अलाव ही जनजीवन का सहारा बने रहे।
देश
विदेश
प्रदेश
संपादकीय
वीडियो
आर्टिकल
व्यंजन
स्वास्थ्य
बॉलीवुड
G.K
खेल
बिजनेस
गैजेट्स
पर्यटन
राजनीति
मौसम
ऑटो-वर्ल्ड
करियर/शिक्षा
लाइफस्टाइल
धर्म/ज्योतिष
सरकारी योजना
फेक न्यूज एक्सपोज़
मनोरंजन
क्राइम
चुनाव
ट्रेंडिंग
Covid-19







Total views : 2035702
