वेतन न मिलने पर सफाई कर्मचारियों का प्रदर्शन:सरदारशहर नगरपरिषद के आगे किया प्रदर्शन, सभापति के आश्वासन के बाद काम पर लौटे
वेतन न मिलने पर सफाई कर्मचारियों का प्रदर्शन:सरदारशहर नगरपरिषद के आगे किया प्रदर्शन, सभापति के आश्वासन के बाद काम पर लौटे

सरदारशहर : सरदारशहर नगरपरिषद के सफाई कर्मचारियों ने शुक्रवार सुबह 8 बजे वेतन न मिलने के विरोध में कार्य रोककर प्रदर्शन किया। कर्मचारियों ने नगरपरिषद के आगे अपनी मांगों को लेकर नारेबाजी की। सभापति राजकरण चौधरी के आश्वासन के बाद कर्मचारी काम पर लौट आए।
सफाई कर्मचारियों की मुख्य मांग थी कि कुछ कर्मचारियों को पिछले दो महीने से वेतन नहीं मिला है। सफाई कर्मचारी संगठन के पूर्व अध्यक्ष जितेंद्र जेदिया ने बताया कि तकनीकी खराबी के कारण पहले एक महीने का वेतन रुका था। 23 सितंबर को वेतन जारी किया गया, लेकिन 45 कर्मचारियों को भुगतान नहीं मिला।
जितेंद्र जेदिया ने सभापति से वार्ता के बाद बताया-उन्हें जल्द भुगतान का आश्वासन मिला है। हालांकि, कर्मचारियों ने चेतावनी दी कि यदि वेतन नहीं मिला तो वे सफाई कार्य बंद कर देंगे। उन्होंने यह भी कहा कि अगर वेतन नहीं मिला तो आने वाली दीपावली ‘काली दीपावली’ होगी और वे सड़कों पर उतरेंगे। कर्मचारियों ने दोषी अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की भी मांग की।
सभापति राजकरण चौधरी ने इस संबंध में बताया कि भुगतान के लिए उपयोग किए जाने वाले पोर्टल में पिछले महीने राज्य सरकार द्वारा बदलाव किया गया है, जिसके कारण तकनीकी समस्या आ रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि जिन 45 सफाई कर्मचारियों का वेतन रुका है, उनके बैंक खाते राजस्थान ग्रामीण क्षेत्रीय बैंक ऑफ बड़ौदा के हैं। इस बैंक द्वारा अपने आईएफएससी कोड में बदलाव करने के कारण उनका भुगतान नहीं हो पाया है।
सभापति ने कहा कि कर्मचारियों को इस तकनीकी समस्या की जानकारी नहीं है। उन्होंने बताया कि इस मामले को लेकर उच्च अधिकारियों से बातचीत की जा रही है। जैसे ही समस्या का समाधान होगा, बचे हुए सभी सफाई कर्मचारियों के वेतन का भुगतान तुरंत करवा दिया जाएगा।