लिव इन पार्टनर महिला और तांत्रिक को उम्रकैद:संपत्ति के लिए 6 लोगों को दिया था जहर, एक युवक की हो गई थी मौत
लिव इन पार्टनर महिला और तांत्रिक को उम्रकैद:संपत्ति के लिए 6 लोगों को दिया था जहर, एक युवक की हो गई थी मौत

चूरू : चूरू के सदर थाना क्षेत्र में जहर देकर हत्या के एक मामले में जिला एवं सेशन कोर्ट ने सोमवार को महत्वपूर्ण फैसला सुनाया। कोर्ट ने आरोपी महिला और तांत्रिक को उम्रकैद की सजा सुनाई। साथ ही दोनों पर 50-50 हजार रुपए का जुर्माना भी लगाया।
मामला 10 नवंबर 2022 का है। चूरू के बिसाऊ रोड निवासी मनोज बेनीवाल के साथ लिव-इन में रह रही शादीशुदा महिला सुमन (30) ने उसकी संपत्ति हड़पने के लिए साजिश रची। सुमन और तांत्रिक ओंकारलाल ने मिलकर खाने में जहर मिलाकर 6 लोगों को खिला दिया। इस घटना में ढाणी मुनीम जी निवासी बाबूलाल गुर्जर की मौत हो गई। मनोज समेत 5 अन्य लोग गंभीर रूप से बीमार हो गए।
लोक अभियोजक रोशन सिंह राठौड़ के अनुसार तारानगर के किलीपुरा निवासी सुमन पूनियां कॉलोनी निवासी मनोज के साथ बिसाऊ रोड स्थित नोहरे में रहती थी। मनोज शादी-पार्टियों में ऊंटगाड़ी, घोड़ी और डीजे किराए पर देने का काम करता था। चित्तौड़गढ़ के नवानिया निवासी ओंकारलाल अक्सर नोहरे पर आता था।
जांच में पता चला कि सुमन मनोज की संपत्ति हड़पना चाहती थी। इस दौरान उसकी ओंकारलाल से नजदीकियां बढ़ गईं। दोनों ने मिलकर मनोज को रास्ते से हटाने की योजना बनाई। ओंकारलाल ने सुमन को जहरीली गोलियां और पाउडर दिया, जिसे उसने रात के खाने में मिला दिया। इस मामले में मनोज की पत्नी चांदरतन ने सदर थाने में हत्या का मामला दर्ज कराया था।