अक्षय तृतीया पर किसानों ने खेतों में लिए सूण:चूरू के किसानों का अनुमान- इस बार मानसून और फसल अच्छी रहेगी
अक्षय तृतीया पर किसानों ने खेतों में लिए सूण:चूरू के किसानों का अनुमान- इस बार मानसून और फसल अच्छी रहेगी

सादुलपुर : सादुलपुर में बुधवार को अक्षय तृतीया पर किसानों ने परंपरागत रूप से खेतों में सूण लिया। इस दौरान उन्होंने आने वाले मानसून में होने वाली बारिश और फसलों का आकलन किया।
धोलिया गांव के किसान रामस्वरूप फगेड़िया और गुलशन फगेड़िया ने इस वर्ष अच्छे मौसम की संभावना जताई। रामस्वरूप ने बताया कि जब किसान खेत में सभी अनाजों को मिलाकर गोला बनाता है और उस समय हरे पेड़ पर पक्षी दिखाई देता है, तो यह शुभ संकेत माना जाता है। उनके खेत में सूण लेते समय गाय चर रही थी और टाली के पेड़ पर लील टांच बैठी थी, जो अच्छी फसल का संकेत है।
ढिंढाल गांव के राजकुमार मिल ने सूण के आधार पर मूंग की फसल के अच्छी होने की संभावना व्यक्त की। लम्बोर गांव के महेंद्र कालीरावना ने खेजड़ी के पेड़ पर मिंजर झड़ने को देखकर मोटे अनाज की अच्छी पैदावार की उम्मीद जताई। किसानों की मान्यता है कि सूण में मोटे अनाज जैसे मूंग, मोठ, ग्वार, चोला और महीन अनाज जैसे बाजरा, तिल की संभावना का पता चलता है। इस वर्ष के सूण के आधार पर किसानों का मानना है कि मानसून में अच्छी बारिश होगी और फसल भी उत्तम होगी।