भव्य कलश यात्रा के साथ श्रीमद् भागवत कथा प्रारंभ
भव्य कलश यात्रा के साथ श्रीमद् भागवत कथा प्रारंभ

जनमानस शेखावाटी संवाददाता : रविन्द्र पारीक
नवलगढ़ : कस्बे में मंडीगेट स्थित आंवले वाले बालाजी मंदिर में पुजारी परिवार की ओर से शुक्रवार से श्रीमद् भागवत कथा ज्ञान महायज्ञ का शुभारंभ हुआ। पतासी देवी पत्नी मक्खन लाल शर्मा की पुण्य स्मृति में उनके पुत्र पवन शर्मा, राजकुमार शर्मा, दिनेश शर्मा की ओर से किए जा रहे आयोजन के शुभारंभ पर नयाबाजार स्थित घेर का मंदिर से गाजे-बाजे के साथ कलशयात्रा निकाली गई। सिद्धेश्वर महादेव मुकुन्दगढ़ के चेतननाथ महाराज, ज्ञानजी सुरोलिया व अन्य साधु संतों के सानिध्य में निकली कलशयात्रा पोदारगेट, मुख्य बाजार, मण्डीगेट होते हुए कथा स्थल आंवलावाले बालाजी मंदिर पहुंची। कलशयात्रा में शामिल सैकड़ों की संख्या मेें श्रद्धालु नाचते गाते चल रहे थे। कलशयात्रा से पूर्व घेर का मंदिर में पवन शर्मा ने सपत्नीक पूजा अर्चना की।
कथावाचक वृंदावन के युवराज महाराज ने प्रथम दिन भागवत कथा का महात्म्य बताया। कथा सुनाते हुए उन्होंने कहा कि मनुष्य की देह दुर्लभ है। भगवान विशेष करुणा करते हैं तब ये मनुष्य की देह मिलती है। इसलिए अच्छे कर्म करो। मनुष्य के साथ उसके कर्म ही जाएंगे। उन्होंने कहा कि भगवान की जिस पर विशेष कृपा होती है उसी का पैसा धर्म पर खर्च होता है। कथावाचक ने कहा कि बचपन में किया गया भजन अमृत, जवानी में किया गया भजन दूध तथा बुढ़ापे में किया गया भजन पानी के समान है। इसलिए समय रहते भगवान की भक्ति में मन लगा लो। भगवान की भक्ति से ही मोक्ष की प्राप्ति संभव है। इस मौके पर चेतनानाथ महाराज ने कहा कि अपने माता-पिता की स्मृति में भागवत कथा करवाना ना सिर्फ पीछे की बल्कि आगे आने वाली सात पीढिय़ों को इसका पुण्य प्राप्त होता है। पवन शर्मा व उनका परिवार भाग्यशाली है जो अपने माता-पिता की याद में यह आयोजन करवा रहे हैं। उन्होंने सभी नवलगढ़वाशियों से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर भागवत कथा का आनन्द उठाने की अपील की।
ये रहे शामिल
कलशयात्रा में नगरपालिका चेयरमैन सुरेन्द्र सैनी फूलवाला, पूर्व वाइस चेयरमैन कैलाश चोटिया, दीनानाथ रुंथला, श्यामसुन्दर शर्मा, अखिलेश, स्काउट गाइड प्रधान मुरलीमनोह चौबदार, शंकर लाल शर्मा, रामलाल रोलन, गोपीराम, लक्ष्मीकांत डीडवानिया, अंजनी रुंथला, प्रदीप जोशी, शेखर इन्दोरिया, कृष्णगोपाल जोशी, सूर्य प्रकाश चोटिया, प्रकाश रुंथला समेत शहर के अनेक गणमान्य लोग शामिल हुए।
जगह-जगह पुष्पवर्षा कर कलशयात्रा का किया स्वागत
कलशयात्रा में 271 मातृशक्ति ड्रेस कोड व 50 पुरुष ड्रेस कोड में शामिल हुए, जो हर किसी के आकर्षण का केन्द्र रहे। कलशयात्रा का बाजार में जगह-जगह पुष्पवर्षा से स्वागत किया गया। आदर्श विद्या मंदिर के बच्चे भी कलशयात्रा में रैली के रूप में शामिल हुए। प्रधानाचार्य मुरारी लाल इन्दोरिया के निर्देशन में आदर्श विद्या मंदिर की अध्यापिकाओं ने कलशयात्रा की व्यवस्थाओं में सहयोग किया। आयोजन को लेकर आंवलावाले बालाजी मंदिर की भी रंग बिरंगी लाइटों से भव्य सजावट की गई है।
ये है कथा का समय
आदर्श विद्या मंदिर के प्रधानाचार्य मुरारीलाल इन्दोरिया ने बताया कि कथा का समय दोपहर एक से शाम पांच बजे तक रहेगा। कथा के समापन पर सात मार्च को सुबह सवा नौ बजे हवन होगा। दोपहर सवा 12 बजे से भंडारे का आयोजन किया जाएगा। उन्होंने नवलगढ़वाशियों से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर भागवत कथा का श्रवण करने की अपील की है। उन्होंने बताया कि अन्तरराष्ट्रीय महिला दिवस पर मातृशक्ति का सम्मान भी किया जाएगा।