नीमकाथाना जिला निरस्त करने का विरोध:खेतडी मोड़ पर टायर जलाए, भूख हड़ताल जारी, तीसरे दिन भी बंद रहे बाजार
नीमकाथाना जिला निरस्त करने का विरोध:खेतडी मोड़ पर टायर जलाए, भूख हड़ताल जारी, तीसरे दिन भी बंद रहे बाजार

नीमकाथाना : नीमकाथाना जिले को निरस्त करने के फैसले के बाद नीमकाथाना के लोगों में भारी आक्रोश देखने को मिल रहा है। आज नीमकाथाना के बाजार तीसरे दिन भी पूरे तरीके से बंद है। वही कलेक्ट्रेट के बाहर जिला बचाओ संघर्ष समिति का दूसरे दिन भी क्रमिक भूख हड़ताल जारी रही।

सब्जी मंडी यूनियन और किसान मजदूर यूनियन ने जीप स्टैंड से कलेक्ट्रेट तक मुख्यमंत्री की शव यात्रा निकली और कलेक्ट्रेट पर जमकर विरोध प्रदर्शन किया। सीएम का पुतला जलाकर नीमकाथाना जिले को यथावत रखने की मांग को लेकर अतिरिक्त जिला कलेक्टर भागीरथ शाह को ज्ञापन सौंपा। वही वीर गुर्जर समाज ने खेतड़ी मोड़ पर प्रदर्शन किया। नीमकाथाना के बाजार तीसरे दिन भी बंद रहे।

सब्जी मंडी यूनियन के संयोजक मदनलाल सैनी ने बताया कि भाजपा सरकार ने राजनीतिक द्वेषता के चलते नीमकाथाना जिले को निरस्त करने पर नीमकाथाना की जनता के साथ धोखा किया। उन्होंने कहा कि जब तक नीमकाथाना जिले को यथावत नहीं रखा जाता तब तक सब्जी मंडी अनिश्चितकालीन के लिए बंद रहेगी। वहीं जिला बचाओ संघर्ष समिति के बैनर तले क्रमिक भूख हड़ताल पर बैठे पूर्व सरपंच कामरेड गोपाल सैनी ने कहा कि जब तक राज्य सरकार नीमकाथाना जिले को बहाल नहीं कर देती तब तक क्रमिक अनशन जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि जिस तरीके से भाजपा सरकार ने नीम का थाना जिले ओर सीकर संभाग को एक झटके में निरस्त दिया। उसके जनता किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं करेगी। इस दौरान अनेक लोग मौजूद रहे।
