SI भर्ती पेपर लीक में सगे भाई-बहन गिरफ्तार:एग्जाम से पहले ही मिल गया था पर्चा, जयपुर की पुलिस अकेडमी में कर रहे थे ट्रेनिंग
SI भर्ती पेपर लीक में सगे भाई-बहन गिरफ्तार:एग्जाम से पहले ही मिल गया था पर्चा, जयपुर की पुलिस अकेडमी में कर रहे थे ट्रेनिंग

जयपुर : एसआई भर्ती परीक्षा-2021 के मामले एसओजी ने सगे बहन-भाई को गिरफ्तार किया है। दोनों प्रियंका और दिनेश आरपीए में ट्रेनिंग कर रहे थे। दोनों के पास एग्जाम का पेपर पहले ही आ गया था। एसओजी की पूछताछ में दोनों ने अपना गुनाह कबूल कर लिया। इसके बाद एसओजी ने दोनों को गिरफ्तार कर लिया।
एसओजी के एडीजी वीके सिंह ने बताया- एसआई भर्ती-2021 पेपर लीक केस में एसओजी की कार्रवाई निरंतर जारी है। एसओजी के पास जैसे-जैसे सूचना आ रही है। उसकी पुष्टि करने के बाद जांच की जाती है और दोषी मिलने पर गिरफ्तारी की जाती है। इसी कड़ी में रविवार को आरपीए में ट्रेनिंग कर रहे दो ट्रेनी एसआई सगे भाई-बहन दिनेश और प्रियंका को गिरफ्तार किया गया।
प्रारंभिक पूछताछ में दिनेश ने बताया- वह भूपेंद्र सारण गैंग से पेपर खरीदकर लाया था। घर जाकर बहन को भी पेपर के बारे में बताया। पेपर मिलने के बाद दोनों ने तैयारी की और परीक्षा पास करके एसआई बन गए। दोनों के खिलाफ एफआईआर दर्ज होने के बाद एसओजी ने दोनों की गिरफ्तारी की। वहीं, कुछ अन्य लोगों से भी एसओजी मुख्यालय में पेपर लीक के संबंध में पूछताछ चल रही है।
कौन है भूपेंद्र सारण?
भूपेंद्र सारण साल 2011 में जीएनएम भर्ती पेपर आउट प्रकरण और वर्ष 2022 में पुलिस कॉन्स्टेबल भर्ती पेपर लीक मामले में भी शामिल था। वह फिलहाल जेल में है। एटीएस एसओजी ने सीनियर टीचर भर्ती पेपर लीक मामले में भूपेंद्र सारण को बेंगलुरु एयरपोर्ट से गिरफ्तार किया
अब तक 42 ट्रेनी एसआई हो चुके हैं गिरफ्तार
सब इंस्पेक्टर भर्ती 2021 में पेपर लीक के मामले में एसओजी अब तक 42 चयनित ट्रेनी एसआई और पेपर लीक गैंग से जुड़े 30 से ज्यादा लोगों को गिरफ्तार कर चुकी है। अभी भी कई ट्रेनी एसआई एसओजी के रडार पर चल रहे हैं। एसओजी ने इसी साल अप्रैल में पहली बार इस एग्जाम से जुड़े ट्रेनी एसआई की गिरफ्तारी की थी।