महिला के साथ संदिग्ध हालत में वीडियो व फोटो वायरल:खुद ने डाला वीडियो, वायरल हुआ तो हटाने की कोशिश, फिर बोले-वो मेरी चौथी पत्नी
महिला के साथ संदिग्ध हालत में वीडियो व फोटो वायरल:खुद ने डाला वीडियो, वायरल हुआ तो हटाने की कोशिश, फिर बोले-वो मेरी चौथी पत्नी

उदयपुर : महिला के साथ संदिग्ध हालत में वीडियो व फोटो वायरल होने के बाद भाजपा देहात अल्पसंख्यक माेर्चा के जिलाध्यक्ष नत्थे खां पठान का पद छिन गया। इस बीच, चौंकाने वाली बात यह है कि 64 वर्षीय पठान के मोबाइल से ही यह वीडियो एक ग्रुप में वायरल हुआ और वे जब तक इसे हटाते यह तेजी से एक से दूसरी जगह पहुंच गया।
माना जा रहा है कि पठान से गलती से ये वीडियो अपलोड हो गया। सोमवार रात करीब 10:14 बजे उसे हलचल कुराबड़ बंबोरा ग्रुप में डाला गया। इसके एक मिनट बाद ही ग्रुप के कुछ लोगों ने पठान को निजी स्तर पर इसकी जानकारी दी। पठान ने अगले एक मिनट में 6 वीडियो और फोटो डिलीट भी कर दिए थे। पठान ने खुद के स्तर पर वीडियो वायरल होने से राेकने के लिए हर संभव प्रयास किए, लेकिन सफल नहीं हुए। क्योंकि, इससे पहले ही ग्रुप के कई लोग इसे डाउनलोड कर चुके थे। छह मिनट 50 सेकंड के इस वीडियो में पठान अपने से आधी उम्र की महिला से अश्लीलता करते हुए नजर आ रहे हैं। उनके हाथ में मौजूद गिलास में कुछ पेय पदार्थ को वे बार-बार पीते भी दिखाई दे रहे हैं।
बाद में नत्थे खां ने 57 सेकंड का वीडियो डालकर सोशल मीडिया पर खुद की ओर से सफाई दी। इसमें कहा कि वायरल हो रहे वीडियो में वह और उनकी चौथी पत्नी के बीच संवाद हो रहा है। ये उनका व्यक्तिगत जीवन है। समाजसेवी होने के कारण घर पर कई लोगों का आना-जाना रहता है। किसी ने उनके मोबाइल से वीडियो वायरल कर दिया है। ये शर्मनाक है और वे इसकी जांच कराएंगे। पठान ने आरोप लगाया कि उनका राजनीतिक जीवन खत्म करने वाले लोगों ने जानबूझकर उनकी छवि को बिगाड़ने के लिए इस वीडियो को वायरल किया है।
पठान तीन बार जिलाध्यक्ष रहे, पत्नी लैंपस अध्यक्ष तो बहू प्रधान रह चुकीं पार्टी में पठान की छवि कद्दावर नेता के तौर पर रही है। बीते 10 साल में लगातार तीसरी बार पठान को मोर्चा जिलाध्यक्ष की जिम्मेदारी मिली। उनके परिवार का भी राजनीति में दबदबा रहा है। उनकी बहू आसमां खान 2015 में कुराबड़ में भाजपा के टिकट पर पंचायत समिति सदस्य का चुनाव जीतीं और पार्टी से बगावत कर निर्दलीय प्रधान बनी। हालांकि, बाद में उन्होंने भाजपा में ही बने रहने की घोषणा कर दी थी।
ऐसे ही 2010 में नत्थे खां की एक पत्नी लैम्पस अध्यक्ष का चुनाव जीती थीं। वर्ष 2020 में नत्थे खां के भाई नादर खान की पत्नी लीला मीणा एसटी रिजर्व सीट से सरपंच का चुनाव लड़ीं। हालांकि, वे जीत नहीं पाईं। कुराबड़, चित्तौड़गढ़ लोकसभा क्षेत्र का हिस्सा है। खुद नत्थे खां करीब 40 साल से भाजपा से जुड़े हुए हैं।
हमारे मीडिया कर्मी ने पूछा- पत्नी है तो दस्तावेज दीजिए, बोले-दिखवाता हूं
अपनी सफाई में वीडियो बयान जारी करने वाले नत्थे खां से हमारे मीडिया कर्मी ने सीधे बात की। नत्थे खां ने बताया कि उनकी चार पत्नियां हैं। इनमें से एक की मौत हाे चुकी है, जबकि वीडियो में दिख रही महिला उनकी चौथी पत्नी है। छह साल पहले उन्होंने इस महिला से निकाह किया था।
हमारे रिपोर्टर ने जब नत्थे से इस पत्नी से किए गए विवाह का निकाहनामा और पत्नी होने के अन्य दस्तावेज मांगे तो उन्होंने कहा कि पता करता हूं। अगर इससे जुड़े दस्तावेज मिल गए तो जरूर डाल दूंगा। बता दें कि नत्थे की दो पत्नियां हिंदू धर्म से जुड़ी हैं। एक पत्नी कुराबड़ में ही रहती है, जबकि दूसरी उदयपुर शहर में रह रही है।
जिलाध्यक्ष ने प्रदेश स्तरीय नेताओं को भेजी जानकारी देहात भाजपा जिलाध्यक्ष डॉ. चंद्रगुप्तसिंह चौहान ने कहा कि वीडियो वायरल होने की जानकारी मिलते ही नत्थे खां पठान को पद से हटा दिया गया। मामले के संबंध में पार्टी के प्रदेश स्तरीय नेताओं को भी जानकारी दी गई है।
चौहान ने कहा कि भाजपा ही नहीं किसी भी राजनीतिक और सांस्कृतिक संगठन से जुड़े प्रतिनिधि को ऐसी गतिविधियों से दूरी बनाकर रखनी चाहिए। इस तरह की गतिविधियां सामाजिक तौर पर दुखदायी हैं। ऐसी गतिविधियों को लेकर समाज चिंतकों को विचार करने की जरूरत है।