दो साधुओं की हत्या; एक को गला घोंट व दूसरे को सिर में वारकर मारा, रात को कार से पटक गए शव
दो साधुओं की हत्या; एक को गला घोंट व दूसरे को सिर में वारकर मारा, रात को कार से पटक गए शव

पचेरी : खेतड़ी के पास पचेरीकलां थाना क्षेत्र में दिल्ली-झुंझुनूं नेशनल हाईवे-11 से 100 मीटर मिले दो शवों की पुलिस ने शिनाख्त कर ली है। पुलिस ने बताया कि दोनों साधु भिवानी के एक आश्रम के रहने वाले थे। पुलिस ने रुपयों के लेन देन को लेकर हत्या कर खेतों में शव फेंककर फरार होने की आशंका जताई है। खेतों में साधुओं का शव मिलने की सूचना पर भिवानी के जवाहर गिरी आश्रम के कुछ लोग बुहाना के राजकीय अस्पताल पहुंचे। जहां उन्होंने शव की शिनाख्त की।
थानाधिकारी राजपाल सिंह यादव ने बताया-मृतक विशिष्ट गिरी (45) निवासी जवाहर आश्रम भिवानी और गौतम (42) पुत्र भागीरथ सिंह झुंझुनूं जिले के बगड़ का रहने वाला है। गौतम पिछले छह माह पहले से सेवादार के रूप में काम करने के लिए आश्रम में गया हुआ था। वहीं विशिष्ट गिरी आश्रम में रहते थे।
पुलिस ने बताया- शनिवार सुबह 11.30 बजे सूचना मिली की नावता के पास हरियाणा सीमा स्थित खेतों में दो व्यक्तियों के शव पड़े है। इसके बाद वे मौके पर पहुंचे। वहां जाकर देखा तो हाईवे से करीब 100 मीटर दूर ये शव पड़े थे। दोनों शव करीब दो दिन पुराने थे, इस वजह से शरीर से बदबू भी आने लगी थी। दोनों ने साधुओं के कपड़े पहने हुए थे।
आश्रम में मारपीट की सूचना-पुलिस
पुलिस ने बताया कि जानकारी में आया है कि विशिष्ट गिरी महाराज का सिंघाना थाना क्षेत्र के भोदन गांव में बने एक आश्रम में आना जाना रहता था। शुक्रवार की रात को कुछ लोग आश्रम में आए थे। इसके बाद उन्होंने विशिष्ट गिरी महाराज के साथ मारपीट करने लगे। जब मारपीट करते समय सेवादार गौतम ने उनको देख लिया तो उन्होंने सेवादार गौतम के साथ भी बेरहमी से मारपीट की। इस दौरान दोनों के साथ बेरहमी से की गई मारपीट में मौत होने के बाद वे लोग उन्हें गाड़ी में डालकर हरियाणा सीमा के पास पचेरीकलां थाना क्षेत्र के नावता में पहुंचे, जहां उन्होंने खेतों से ईंट बनाने के लिए निकाली गई मिट्टी के गड्ढों में दोनों के शव डालकर फरार हो गए।

नगद और गाड़ी मिले गायब
पुलिस ने बताया-विशिष्ट गिरी महाराज के पास 15 लाख रुपए और एक गाड़ी होने की बात सामने आई है, जो गायब है। नावता के पास खेतों में शव मिलने की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने थाना क्षेत्र के अलावा हरियाणा के गोद बलाहा, भांखरी, में लगे सीसीटीवी कैमरों से जानकारी जुटाई गई।
पुलिस को दिखी संदिग्ध गाड़ी
इस दौरान पुलिस को एक संदिग्ध गाड़ी भी नजर आई जो राजस्थान सीमा में घुसने के कुछ समय बाद ही वापस हरियाणा की ओर चली गई थी। पुलिस की ओर से संदिग्ध गाड़ी का पता लगाने व वारदात का खुलासा करने के लिए पांच टीमों का गठन कर रवाना किया गया है, जो मामले की जानकारी जुटा रही है।
बुहाना के राजकीय अस्पताल में दोनों के शवों का मेडिकल बोर्ड से पोस्टमॉर्टम करवा उनके परिजनों के सुपुर्द कर दिया। थानाधिकारी ने बताया कि आरोपियों की सरगर्मी से तलाश की जा रही है और जल्द ही वारदात का खुलासा किया जाएगा।