चाय बनाते समय चिंगारी से जला झोपड़ा:दमकल की सहायता से पाया आग पर काबू, राशन और घरेलू सामान जला
चाय बनाते समय चिंगारी से जला झोपड़ा:दमकल की सहायता से पाया आग पर काबू, राशन और घरेलू सामान जला

चूरू : शहर के वार्ड 46 में बुधवार सुबह चूल्हे पर चाय बनाते समय चिंगारी से गरीब के आशियाने में आग लग गई, जिससे झोपड़े में रखा राशन और घरेलू सामान जलकर राख हो गया। आग की सूचना पर पहुंची दमकल ने करीब आधा घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।

वार्ड 46 के किशन कुमार राव ने बताया- वार्ड 46 में राजकुमार सैनी झोपड़ा बनाकर अपने परिवार के साथ रहता है। बुधवार सुबह उसकी पत्नी चूल्हे पर चाय बना रही थी। तभी चूल्हे की चिंगारी भभक गई। चिंगारी से झोपड़े में आग लग गई। आग से दो झोपड़े जल गए। उनमें रखा घरेलू सामान भी जलकर राख हो गया। आग लगने पर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। जहां उन्होंने एक झोपड़े में बांधी हुई दो गाय और तीन बकरियों को खोलकर बाहर निकाला। अन्यथा वह भी आग की भेंट चढ़ जाती।
राजकुमार मजदूरी कर परिवार का पालन पोषण करता है। मगर आग से उसका आशियाना जल गया। आग लगने से तीन चारपाई, आटा, चावल, घी, तेल सहित कुछ नकदी रुपए भी जल गए। आग से आशियाना जलने पर राजकुमार और उसकी पत्नी के चेहरे रूहांसी फूट पड़ी। आसपास के लोगों ने दोनों पति-पत्नी को संभाला।