मानोता जाटान में यमुना नहर की मांग, दिया धरना:नारेबाजी कर सरकार से की यमुना नहर का पानी लाने की मांग
मानोता जाटान में यमुना नहर की मांग, दिया धरना:नारेबाजी कर सरकार से की यमुना नहर का पानी लाने की मांग

जनमानस शेखावाटी संवाददाता : दिनेश कुमार सोनगरा
खेतड़ी : खेतडी उपखंड के मानोता जाटान में रविवार को यमुना नहर के पानी मांग को लेकर धरना प्रदर्शन किया गया। इस दौरान यमुना जल हमारा हक आंदोलन समिति की ओर से सरकार से पानी दिलाने की मांग की गई। विरोध कर रहे संघर्ष समिति ने जल्द पानी लाने की प्रक्रिया नहीं करने पर बड़े स्तर पर आंदोलन की चेतावनी भी दी है।
धरने को संबोधित करते हुए अखिल भारतीय किसान महासभा के राष्ट्रीय सचिव कामरेड रामचंद्र कुलहरि ने कहां की झुंझुनू जिले में पेयजल का स्तर काफी गिर जाने के चलते यहां के लोगों को होने की समस्या का सामना करना पड़ रहा है। इसके अलावा किसानों को भी सिंचाई के लिए पूर्ण पर्याप्त पानी नहीं मिल पा रहा है। यमुना नहर के पानी को लेकर पिछले काफी समय से जिले के लोगों की ओर से प्रयास किया जा रहा है। इसके बावजूद भी केंद्र व राज्य सरकार की ओर से कोई प्रभावी कदम नहीं उठाए जाने से क्षेत्र की जनता को काफी परेशानी उठानी पड़ रही है। भविष्य में यदि पानी को लेकर कोई प्रभावी कदम नहीं उठाया गया तो यहां के लोग पेयजल की समस्या को लेकर पलायन करने को मजबूर हो जाएंगे।
उन्होंने कहा कि केंद्र, हरियाणा तथा प्रदेश में भाजपा की सरकार है। इस दौरान यदि सरकार की ओर से यमुना के नहर के पानी लाने के प्रयास किया जाए तो जनता के लिए वरदान साबित हो सकता है। यमुना जल संघर्ष समिति की ओर से गांव-गांव जाकर लोगों को आंदोलन में शामिल होने के लिए प्रेरित किया जा रहा है। इस दौरान संघर्ष समिति की ओर से आगामी 23 जनवरी से चनाना में प्रस्तावित अनिश्चितकालीन धरने में शामिल होने का आह्वान किया गया।
इस मौके पर पूर्व जिला पार्षद राजकुमार ढाका, पूर्व पंचायत समिति सदस्य जुगलाल ढाका, सरपंच बहादुर मल, हंसराम झाझड़िया, रामदेव पायल, रामनारायण ढाका, सज्जन ढाका, गुरुदयाल सिंह ढाका, रामस्वरुप झाझङिया, रामचंद्र स्वामी, जलदीप पायल, प्रताप ढाका, हनुमान पायल, धर्मवीर, हरी सिंह मेघवाल, रामनिवास झाझङिया, राम सिंह पायल, सज्जन शर्मा, रघुवीर धनखङ सहित अनेक लोग मौजूद थे।