विधानसभा चुनाव में अनुभवी और बुजुर्गों को मौका:युवा चेहरों को दिया कम महत्व, पिलानी में दोनों चेहरे नए
विधानसभा चुनाव में अनुभवी और बुजुर्गों को मौका:युवा चेहरों को दिया कम महत्व, पिलानी में दोनों चेहरे नए

झुंझुनूं : भले ही इस बार विधानसभा चुनाव में युवा वोटर हार जीत के निर्णायक रहेंगे, फिर भी दोनों ही प्रमुख पार्टियों ने युवाओं पर विश्वास नहीं जताया है। झुंझुनूं जिले की लगभग सीटों पर बुजुर्ग व अनुभवी नेताओं को मैदान में उतारा है।
एक दो सीट को छोड़कर लगभग सीटों पर बुजुर्ग व अनुभवी उम्मीदवार आमने सामने हैं। पिलानी ही एकमात्र ऐसी सीट है, जहां दोनों ही पार्टियों ने नए चेहरों पर दांव खेला है। दोनों ही प्रत्याशी पहली बार विधानसभा का चुनाव लड़ रहे हैं। यहां कांग्रेस ने मौजूदा विधायक तो भाजपा ने पूर्व प्रत्याशी की टिकट काटी है।
अनुभवी चेहरे पर ज्यादा विश्वास
कांग्रेस ने नया चेहरा खेतड़ी विधानसभा से मनीषा गुर्जर को उतारा है। मनीषा दोनों ही पार्टियों के उम्मीदवारों में सबसे युवा प्रत्याशी है। उनका मुकाबला भाजपा प्रत्याशी पूर्व विधायक धर्मपाल गुर्जर है। यानी मनीषा से अनुभव में अधिक है।
झुंझुनूं व नवलगढ़ से भाजपा ने पिछली बार निर्दलीय चुनाव लडे़ प्रत्याशी को उम्मीदवार बनाया है। एक चुनाव का अनुभव है, लेकिन सामने कांग्रेस के दोनों ही दिग्गज नेता है। दोनों को काफी अनुभव है और दोनों ही जीत की हैट्रिक लगा चुके हैं। यही स्थिति मण्डावा व सूरजगढ़ की बन रही हैं। दोनों ही पार्टियों के प्रत्याशी काफी अनुभवी हैं। यहां भी मुकाबला कड़ा है।
वहीं उदयपुरवाटी सीट की बात करें तो भाजपा प्रत्याशी शुभकरण चौधरी कांग्रेस प्रत्याशी भगवानाराम से ज्यादा अनुभवी हैं। कांग्रेस प्रत्याशी का दूसरा चुनाव है, पहला चुनाव हार गए थे। वहीं शुभकरण चौधरी एक बार एमएलए का चुनाव जीत चुके हैं। ऐसे में दोनों ही पार्टियों ने युवाओं पर कम विश्वास जताते हुए अनुभवी चेहरों पर दांव खेला है।
8 लाख 75 हजार युवा वोटर
जिले में युवा वोटर की अच्छी खासी संख्या है। पूरे जिले में करीब 17 लाख 93 हजार वोटर हैं। इनमें से युवा वोटरों की संख्या करीब 8 लाख 75 हजार है। उसके बाद भी दोनों ही पार्टियों ने युवा चेहरों को महत्व नहींं दिया है। एक दो सीट को छोड़ दे तो लगभग सीटों पर पुराने ही प्रत्याशी मैदान में हैं।
पार्टी | प्रत्यासी | उम्र |
कांग्रेस | बृजेंद्र ओला | 72 |
कांग्रेस | पितराम काला | 59 |
कांग्रेस | राजकुमार शर्मा | 50 |
कांग्रेस | रीटा चौधरी | 50 |
कांग्रेस | श्रवण कुमार | 69 |
कांग्रेस | मनीषा गुर्जर | 35 |
कांग्रेस | भगवानारम सैनी | 58 |
पार्टी | प्रत्यासी | आयु |
भाजपा | शुभकरण चौधरी | 65 |
भाजपा | नरेन्द्र खीचड़ | 63 |
भाजपा | संतोष अहलावत | 60 |
भाजपा | धर्मपाल गुर्जर | 53 |
भाजपा | विक्रम सिंह जाखल | 48 |
भाजपा | बबलू चौधरी | 47 |
भाजपा | राजेश दहिया | 45 |