बैरंग लौटे कैबिनेट मंत्री मालवीया, नहीं माने महेंद्र बरजोड़:टिकट नहीं मिलने से नाराज कांग्रेस के प्रदेश महासचिव बरजोड़ ने चौरासी से निर्दलीय नामांकन भरा है
बैरंग लौटे कैबिनेट मंत्री मालवीया, नहीं माने महेंद्र बरजोड़:टिकट नहीं मिलने से नाराज कांग्रेस के प्रदेश महासचिव बरजोड़ ने चौरासी से निर्दलीय नामांकन भरा है

जयपुर : विधानसभा चुनाव लड़ने के लिए नामांकन भरने वाले भाजपा-कांग्रेस के बागी प्रत्याशियों के अलावा अन्य निर्दलीय प्रत्याशियों की मनुहार शुरू हो गई है। दरअसल 9 नवंबर तक नाम वापसी की तिथि है। जिन विधानसभा सीटों पर बागी प्रत्याशी पार्टी का समीकरण बिगाड़ रहे हैं। वहां पार्टी के बड़े नेता ऐसे उम्मीदवारों को मनाने में जुट गए हैं। डूंगरपुर जिले की चौरासी विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस से टिकट नहीं मिलने से नाराज कांग्रेस के प्रदेश महासचिव महेंद्र बरजोड़ ने निर्दलीय नामांकन भरा है। बुधवार को कैबिनेट मंत्री महेंद्रजीत सिंह मालवीया सहित कई कांग्रेस नेता बरजोड़ को मनाने पहुंचे, लेकिन बरजोड़ ने नाम वापस लेने से इनकार कर दिया।

बरजोड़ ने डोटासरा को भेजा इस्तीफा
डूंगरपुर जिले की चौरासी विधानसभा से कांग्रेस के बागी को मनाने कांग्रेस के नेता उनके घर पहुंचे, लेकिन बैरंग लौटना पड़ा। यहां कांग्रेस से पूर्व सांसद और पूर्व जिला प्रमुख ताराचंद भगोरा मैदान में हैं। वहीं टिकट नहीं मिलने से नाराज कांग्रेस के प्रदेश महासचिव महेंद्र बरजोड़ ने निर्दलीय नामांकन भरा है। कैबिनेट मंत्री महेंद्रजीत सिंह मालवीया, एआईसीसी के सचिव दिनेश खोड़निया, प्रत्याशी ताराचंद भगोरा, जिलाध्यक्ष वल्लभराम पाटीदार समेत कई कांग्रेस नेता महेंद्र बरजोड़ को मनाने पहुंचे। उन्होंने फिर से मौका मिलने जैसी बाते करते हुए मान- मनौवल की, लेकिन बरजोड़ अपनी जिद पर अड़े रहे और चुनाव लड़ने के लिए चुनौती दे दी। बरजोड के नहीं मानने पर कांग्रेस नेता बैरंग लौट गए। इसके बाद महेंद्र बरजोड़ ने कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा को अपना इस्तीफा भेज दिया है।