गली-मोहल्लों में 300 जगह गरबा रास:आचार संहिता के कारण निगम नहीं करवा रहा गरबा
गली-मोहल्लों में 300 जगह गरबा रास:आचार संहिता के कारण निगम नहीं करवा रहा गरबा

अजमेर : शारदीय नवरात्र में अजमेर शहर की कॉलोनी और मोहल्लों में 300 से ज्यादा जगहों पर हो रहा गरबा कार्यक्रम अब पूरे शबाब पर है। इन कार्यक्रमों में रोज 40 हजार से ज्यादा शहरवासी नाचते-गाते हुए मां अंबे को मना रहे हैं। शाम 7:30 बजे बाद से ही पांडाल रोशनी से जगमग हो जाते हैं।
आरती के बाद शुरू होने वाले गरबा कार्यक्रमों में महिलाओं, बच्चों और कपल के लिए अलग-अलग राउंड किए जा रहे हैं। कई तरह की प्रतियोगिताओं का आयोजन कर पुरस्कार भी दिए जा रहे हैं। इस वर्ष नगर निगम की ओर से कार्यक्रम आयोजित नहीं होने के कारण कॉलोनी-मोहल्लों में गरबा किया जा रहा है।

सिद्धि विनायक विहारः केवल महिलाओं-बच्चों को ही एंट्री
जयपुर रोड सिद्धि विनायक विहार में पहली बार गरबा हो रहा है। यहां खास बात यह है कि राउंड केवल महिलाओं और बच्चों के लिए ही आयोजित किए जा रहे हैं। जो महिलाएं रोज आ रही हैं उन्हें कार्ड भी जारी किए गए हैं। कार्यक्रम से जुड़े सचिन सैनी और आलोक खंडेलवाल का कहना है कि महिलाएं पूरे दिन घरों में व्यस्त रहती हैं, वे शाम को निःसंकोच और आराम से कार्यक्रम में आएं इसलिए केवल महिलाओं के लिए ही कार्यक्रम रखा गया है।

एचबीयूः रोजाना अलग-अलग प्रसाद
हरिभाऊ उपाध्याय नगर सिने वर्ल्ड के पास श्याम मंदिर कमेटी के गरबा कार्यक्रम में रोज अलग- अलग भोग लगाकर प्रसाद बांट रहे हैं। संयोजक पार्षद बनवारी लाल शर्मा का कहना है कि जो महिलाएं और बच्चे 9 दिन तक लगातार आएंगे, उन्हें भी अलग से पुरस्कृत किया जाएगा। 20 कार्यकर्ताओं की टीम पांडाल को संभालती हैं।

चंद्रवरदाई नगरः ईको फ्रेंडली प्रतिमा
नव दुर्गा मंडलः चंद्रवरदाई नगर हरिओम कॉलोनी में मिट्टी की ईको फ्रेंडली दुर्गा प्रतिमा स्थापित की है। अध्यक्ष सागर मीणा ने बताया कि प्रतिमा विसर्जित कर उससे 500 गमले तुलसी के तैयार कर वितरित किए जाएंगे। रोज अंबे माता पर आधारित सवाल-जवाब प्रतियोगिता भी हो रही है। विजेताओं को रोज पुरस्कार भी दिए जा रहे हैं।