टोंक-निवाई : प्रियंका गांधी वाड्रा आज निवाई में करेंगी जनसभा; इंदिरा रसोई का करेंगी शुभारंभ, गरीब लोगों को आठ रुपए में मिलेगा भरपेट भोजन,मुख्यमंत्री अशोक गहलोत का कार्यक्रम रद्द
प्रियंका पति रॉबर्ट वाड्रा और बच्चों के साथ सुबह रणथंभौर नेशनल टाइगर पार्क विजिट पर निकलीं। सफारी के बाद प्रियंका गांधी वाड्रा का आज टोंक जिले के निवाई विधानसभा क्षेत्र के झिलाय गांव में पहुंचकर जनसभा को संबोधित करने का कार्यक्रम है।

टोंक-निवाई : कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा अपने परिवार सहित इन दिनों रणथंभौर भ्रमण पर हैं। प्रियंका गांधी वाड्रा अपने परिवार के साथ आज सुबह की पारी में रणथंभौर नेशनल टाइगर पार्क के भ्रमण के लिए निकली हैं।
प्रियंका गांधी के साथ उनके पति बिजनेस मैन रॉबर्ट वाड्रा और बच्चे भी रणथंभौर नेशनल पार्क के भ्रमण पर हैं। रणथंभौर नेशनल पार्क के बाहरी जोन में प्रियंका गांधी वाड्रा अपने परिवार के साथ टाइगर सफारी कर रही हैं। इससे पहले भी प्रियंका गांधी बच्चों और पति रॉबर्ड वाड्रा के रणथंभौर नेशनल पार्क भ्रमण कर चुके हैं।
पहली शिफ्ट में सफारी के बाद प्रियंका गांधी वाड्रा का आज टोंक जिले के निवाई विधानसभा क्षेत्र के झिलाय गांव में पहुंचकर जनसभा को संबोधित करने का कार्यक्रम है। इसमें सीएम अशोक गहलोत, पूर्व डिप्टी सीएम सचिन पायलट, पीसीसी चीफ गोविंद सिंह डोटासरा, प्रदेश कांग्रेस प्रभारी सुखजिंदर सिंह रंधावा समेत कई वरिष्ठ कांग्रेस नेता मौजूद रहेंगे। कांग्रेस के मौजूदा विधायक प्रशांत बैरवा के समर्थन में यह जनसभा रखी गई है। प्रशांत बैरवा का टिकट फिर से पक्का माना जा रहा है।
कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी के रविवार को निवाई में होने वाले कार्यक्रम और जनसभा को लेकर शनिवार को प्रदेश प्रभारी सुखजिंदर सिंह रंधावा, सह प्रभारी अमृता धवन और पीसीसी चीफ गोविंद सिंह डोटासरा ने तैयारियों का जायजा लिया। इन पदाधिकारियों के यहां पहुंचने पर सबसे पहले विधायक प्रशांत बैरवा ने सभी का स्वागत किया। इसके बाद तीनों नेताओं ने स्थानीय कार्यकर्ताओं से बातचीत कर फीडबैक लिया।

प्रदेश प्रभारी रंधावा ने बताया कि प्रियंका गांधी यहां इंदिरा रसोई का शुभारंभ करेंगी। जहां गरीब लोगों को आठ रुपए में भरपेट भोजन मिलेगा। इसके साथ ही वे यहां एक जनसभा को संबोधित करेंगी। जिसको लेकर कार्यकर्ताओं में उत्साह है।
भाजपा की परिवर्तन यात्रा को लेकर प्रदेशाध्यक्ष गोविंदसिंह डोटासरा ने कहा कि भाजपा नेता आपस में लड़ रहे हैं। वह प्रदेश में क्या परिवर्तन करेंगे। प्रदेश की जनता परिवर्तन नहीं चाहती है। प्रदेश की जनता सरकार को रिपीट चाहती है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में भाजपा ने कोई विपक्ष की भूमिका नहीं निभाई है। टोंक सवाई माधोपुर सांसद सुखबीर सिंह जौनपुरिया पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि यहां के सांसद ईआरसीपी मुद्दे पर कभी नहीं बोले हैं। इस मुद्दे पर पूरी बीजेपी चुप है।
सीएम का सवाई माधोपुर आने का कार्यक्रम रद्द
मुख्यमंत्री अशोक गहलोत का सवाई माधोपुर आने का कार्यक्रम रद्द हो गया है। आज सीएम का हेलीकॉप्टर से सुबह 9:40 बजे सवाईमाधोपुर आने का कार्यक्रम प्रस्तावित था। सीएम का राजीव गांधी संग्रहालय में विजन 2030 को लेकर बैठक को संबोधित करने का कार्यक्रम था। इसके बाद प्रियंका गांधी और अशोक गहलोत को हेलीकॉप्टर से निवाई जाना था, लेकिन ऐन वक्त पर सीएम का कार्यक्रम रद्द हो गया।