[pj-news-ticker post_cat="breaking-news"]

ख़िदमत-ए-ख़ल्क़ : दूसरों के काम आने में ही इंसानियत की असली पहचान


निष्पक्ष निर्भीक निरंतर
  • Download App from
  • google-playstore
  • apple-playstore
  • jm-qr-code
X
चूरूटॉप न्यूज़राजस्थानराज्य

ख़िदमत-ए-ख़ल्क़ : दूसरों के काम आने में ही इंसानियत की असली पहचान

उर्दू साहित्यकार करामत खान का संदेश—मजहब और जाति के भेदभाव से ऊपर उठकर करें जरूरतमंदों की मदद, मानव सेवा में ही छिपा है सच्चा सुकून

जनमानस शेखावाटी सवांददाता : मोहम्मद अली पठान

चूरू : इंसान की महानता उसकी दौलत, शोहरत और ओहदे से नहीं, बल्कि उसके दिल में दूसरों के लिए मौजूद हमदर्दी और सेवा भावना से पहचानी जाती है। अपने लिए तो हर कोई जीता है, लेकिन दूसरों के दुख-दर्द को समझना और जरूरत के समय उनकी मदद करना ही इंसानियत का वास्तविक उद्देश्य है।

चूरू के उर्दू साहित्यकार करामत खान ने ख़िदमत-ए-ख़ल्क़ अर्थात मानव सेवा के महत्व पर अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि निःस्वार्थ भाव से जरूरतमंदों की मदद करने वाले इंसान को ईश्वर की प्रसन्नता, लोगों की दुआएं, दिली सुकून और समाज में सम्मान हासिल होता है।

मानव सेवा इस्लाम की बुनियादी शिक्षा

करामत खान ने कहा कि ख़िदमत-ए-ख़ल्क़ का अर्थ बिना किसी पारिश्रमिक, पुरस्कार या बदले की अपेक्षा के ईश्वर की सृष्टि की सेवा करना है। इस्लाम में मानव सेवा को विशेष महत्व दिया गया है। दुनिया के सभी धर्म भी प्रेम, करुणा, परोपकार और जरूरतमंदों की सहायता करने की शिक्षा देते हैं।

उन्होंने कहा कि पैगंबर हजरत मोहम्मद साहब ने अपने जीवन में अनाथों, असहायों, विधवाओं और जरूरतमंदों की सहायता कर मानव सेवा की मिसाल पेश की। उनकी शिक्षाओं में दूसरों के लिए लाभकारी बनने को विशेष महत्व दिया गया है।

सेवा के संकल्प को दिया संस्था का स्वरूप

करामत खान ने बताया कि मानव सेवा के उद्देश्य से उन्होंने वर्ष 2020 में इंसानियत एकता सेवा समिति की स्थापना की थी। समिति के माध्यम से शेखावाटी क्षेत्र में सर्दियों के दौरान सैकड़ों जरूरतमंदों को कंबल, रजाई, गद्दे, स्वेटर, कोट एवं गर्म वस्त्र वितरित किए जाते हैं।

गर्मियों में पक्षियों के लिए परिंडे लगाने और राहगीरों के लिए प्याऊ की व्यवस्था की जाती है। वर्षा ऋतु में पौधारोपण, रमजान के महीने में जरूरतमंद परिवारों को राशन सामग्री उपलब्ध करवाने, आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों की बेटियों के विवाह में सहयोग, सार्वजनिक स्थानों पर बैठने के लिए बेंच लगवाने तथा रक्तदान शिविर आयोजित करने जैसे अनेक सेवाकार्य किए जाते हैं। समय-समय पर ईद मिलन समारोह के माध्यम से सामाजिक सद्भाव का संदेश भी दिया जाता है।

कोरोना काल में दो महीने तक बांटा भोजन

करामत खान ने बताया कि कोरोना महामारी के दौरान भी समिति ने मानव सेवा का सिलसिला जारी रखा। करीब दो महीने तक चूरू के अस्पतालों में जरूरतमंदों को भोजन उपलब्ध करवाया गया। इसके साथ ही प्रतिदिन पेयजल के 100 कैम्परों की व्यवस्था भी की गई।

इंसानियत की बुलंदी है दूसरों के दुख-दर्द में सहभागी बनना

करामत खान ने कहा कि यदि हम एक शांतिपूर्ण, संवेदनशील और आदर्श समाज का निर्माण करना चाहते हैं तो हमें अपने दिलों में दूसरों के प्रति प्रेम, करुणा और सहयोग की भावना विकसित करनी होगी।

प्रसिद्ध सूफी शायर हजरत ख्वाजा मीर दर्द ने भी इंसानियत की इसी भावना को अपने शेर में व्यक्त किया है—

दर्द-ए-दिल के वास्ते पैदा किया इंसान को।
वर्ना ताअत के लिए कुछ कम न थे कर्रूबियां।।

करामत खान ने आमजन से अपनी सामर्थ्य के अनुसार धर्म, जाति और समुदाय के भेदभाव से ऊपर उठकर प्रत्येक जरूरतमंद की हरसंभव मदद करने तथा ख़िदमत-ए-ख़ल्क़ को अपने जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाने का आह्वान किया।

जीवन की वास्तविक सार्थकता केवल अपने लिए खुशियां जुटाने में नहीं, बल्कि दूसरों के जीवन में खुशियों की रोशनी पहुंचाने में है। मानव सेवा ही इंसानियत का सबसे सुंदर स्वरूप है।

Related Articles

Mantratoto luwakpoker aladin66 tupaiwin rupiah89 kios77 TOKO22 situs raffi ahmad situs slot gacor hari ini bt62 TOKO22 SLOT sangkarbet KIOS77