चूरू में बहुमत के बावजूद कांग्रेस हारी, भाजपा की कनिका सिंह राठौड़ बनीं जिला प्रमुख
21 सदस्य होने के बाद भी कांग्रेस को मिले महज 17 वोट, भाजपा प्रत्याशी ने 22 मत हासिल कर पांच वोटों से दर्ज की जीत; दलगत मतदान में उलटफेर से बदले सियासी समीकरण
जनमानस शेखावाटी सवांददाता : मोहम्मद अली पठान
चूरू : चूरू जिला प्रमुख के चुनाव में बुधवार को बड़ा सियासी उलटफेर देखने को मिला। जिला परिषद में स्पष्ट बहुमत होने के बावजूद कांग्रेस अपना जिला प्रमुख नहीं बना सकी। भाजपा प्रत्याशी कनिका सिंह राठौड़ ने कांग्रेस की प्रकाश देवी (धर्मेंद्र बुडानिया) को पांच मतों से पराजित कर जिला प्रमुख का चुनाव जीत लिया। कनिका सिंह को 22 मत मिले, जबकि कांग्रेस प्रत्याशी को 17 मतों पर संतोष करना पड़ा।
कांग्रेस के पास था बहुमत, मतदान में बिगड़ा गणित
39 सदस्यीय चूरू जिला परिषद में कांग्रेस के 21, भाजपा के 17 और माकपा का एक सदस्य निर्वाचित हुआ था। जिला प्रमुख बनाने के लिए 20 सदस्यों का समर्थन आवश्यक था। कांग्रेस के पास बहुमत से एक सदस्य अधिक होने के बावजूद मतदान के दौरान समीकरण बदल गए। कांग्रेस प्रत्याशी को अपनी पार्टी की सदस्य संख्या से चार मत कम मिले, जबकि भाजपा प्रत्याशी को अपने दल की सदस्य संख्या से पांच मत अधिक प्राप्त हुए। चुनाव परिणाम ने कांग्रेस में क्रॉस वोटिंग की चर्चाओं को तेज कर दिया है।

पूर्व नेता प्रतिपक्ष राजेंद्र राठौड़ की पुत्रवधू हैं कनिका
नवनिर्वाचित जिला प्रमुख कनिका सिंह राठौड़ राजस्थान विधानसभा के पूर्व नेता प्रतिपक्ष राजेंद्र सिंह राठौड़ की पुत्रवधू एवं भाजपा नेता पराक्रम सिंह राठौड़ की पत्नी हैं। कनिका ने जिला परिषद के वार्ड संख्या 23 से कांग्रेस प्रत्याशी आशा स्वामी को 2,384 मतों से पराजित कर जिला परिषद सदस्य का चुनाव जीता था। राजनीतिक हलकों में जिला प्रमुख चुनाव के परिणाम को राजेंद्र सिंह राठौड़ की चुनावी रणनीति से जोड़कर देखा जा रहा है।
भाजपा खेमे में जश्न, कांग्रेस में हार के कारणों पर चर्चा
चुनाव परिणाम घोषित होते ही भाजपा कार्यकर्ताओं और समर्थकों में खुशी की लहर दौड़ गई। समर्थकों ने आतिशबाजी कर और मिठाइयां बांटकर जीत का जश्न मनाया। इस दौरान चूरू विधायक हरलाल सहारण, भाजपा जिलाध्यक्ष बसंत शर्मा, वासुदेव चावला, रोशन सिंह राठौड़, अभिषेक चोटिया, सीताराम लुगरिया, सत्तार खान, अख्तर खान, मुंशी खान चायल, रवि दाधीच और असगर अली जोईया सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।
वहीं, स्पष्ट बहुमत के बावजूद जिला प्रमुख का चुनाव हारने के बाद कांग्रेस में आंतरिक समीकरणों और पार्टी की चुनावी रणनीति को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं।
देश
विदेश
प्रदेश
संपादकीय
वीडियो
आर्टिकल
व्यंजन
स्वास्थ्य
बॉलीवुड
G.K
खेल
बिजनेस
गैजेट्स
पर्यटन
राजनीति
मौसम
ऑटो-वर्ल्ड
करियर/शिक्षा
लाइफस्टाइल
धर्म/ज्योतिष
सरकारी योजना
फेक न्यूज एक्सपोज़
मनोरंजन
क्राइम
चुनाव
ट्रेंडिंग
Covid-19






Total views : 2570264


