पिलानी सीएचसी में न मोर्चरी, न वार्ड बॉय; पोस्टमार्टम के लिए भी सूरजगढ़ के स्टाफ का इंतजार
बुनियादी सुविधाओं के अभाव में मरीज और तीमारदार परेशान, दो साल से उठ रही व्यवस्थाएं सुधारने की मांग, फिर भी नहीं बदले हालात
पिलानी : कस्बे का सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बुनियादी सुविधाओं और सहायक कर्मचारियों की कमी से जूझ रहा है। अस्पताल में न तो मोर्चरी की समुचित व्यवस्था है और न ही वार्ड बॉय की तैनाती है। हालात ऐसे हैं कि पोस्टमार्टम करवाने के लिए भी सूरजगढ़ से कर्मचारी बुलाने पड़ते हैं। इसके चलते मृतकों के परिजनों को घंटों इंतजार करना पड़ता है। वहीं रोजमर्रा की चिकित्सा व्यवस्थाओं में भी मरीजों और तीमारदारों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
अपनों को खोने का गम, ऊपर से घंटों इंतजार की मजबूरी
कस्बे और आसपास के क्षेत्रों में सड़क दुर्घटनाओं अथवा अन्य आकस्मिक घटनाओं के दौरान अस्पताल में शवों को सुरक्षित रखने में परेशानी होती है। मोर्चरी की समुचित व्यवस्था और आवश्यक कर्मचारियों के अभाव में पोस्टमार्टम की प्रक्रिया में भी देरी होती है। एक ओर परिजन अपनों को खोने के गम से जूझ रहे होते हैं, वहीं अस्पताल की अव्यवस्थाएं उनकी पीड़ा को और बढ़ा देती हैं।
वार्ड बॉय नहीं, मरीजों और तीमारदारों की बढ़ी परेशानी
अस्पताल में वार्ड बॉय की तैनाती नहीं होने का असर नियमित चिकित्सा सेवाओं पर भी पड़ रहा है। मरीजों को एक स्थान से दूसरे स्थान पर ले जाने में दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। स्थानीय लोगों का कहना है कि सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में आवश्यक कर्मचारियों और संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित की जानी चाहिए।
दो साल से उठा रहे आवाज, जिम्मेदारों ने नहीं ली सुध
आरटीआई कार्यकर्ता मान सिंह भगीना ने बताया कि वे पिछले दो वर्षों से पिलानी सीएचसी में मोर्चरी का संचालन शुरू करवाने, वार्ड बॉय की नियुक्ति और अन्य आवश्यक संसाधन उपलब्ध करवाने की मांग कर रहे हैं। उनका आरोप है कि लगातार आवाज उठाने के बावजूद स्वास्थ्य विभाग और स्थानीय प्रशासन ने समस्या के समाधान पर ध्यान नहीं दिया।
स्थानीय लोगों ने जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग से अस्पताल की कमियों को प्राथमिकता के आधार पर दूर करने की मांग की है। सवाल यह है कि दो वर्षों से बुनियादी सुविधाओं की मांग उठने के बावजूद व्यवस्थाओं में सुधार क्यों नहीं हुआ? आखिर मरीजों और उनके परिजनों को कब तक इन परेशानियों से जूझना पड़ेगा?
देश
विदेश
प्रदेश
संपादकीय
वीडियो
आर्टिकल
व्यंजन
स्वास्थ्य
बॉलीवुड
G.K
खेल
बिजनेस
गैजेट्स
पर्यटन
राजनीति
मौसम
ऑटो-वर्ल्ड
करियर/शिक्षा
लाइफस्टाइल
धर्म/ज्योतिष
सरकारी योजना
फेक न्यूज एक्सपोज़
मनोरंजन
क्राइम
चुनाव
ट्रेंडिंग
Covid-19






Total views : 2567237

