सड़क निर्माण के आश्वासन पर संत ने जयपुर कूच रोका:ग्रामीणों से की बात, मार्च से पहले सड़क बनाने का भरोसा
सड़क निर्माण के आश्वासन पर संत ने जयपुर कूच रोका:ग्रामीणों से की बात, मार्च से पहले सड़क बनाने का भरोसा
लक्ष्मणगढ़ : अठवास गांव की करीब 7 किलोमीटर सड़क निर्माण की मांग को लेकर ग्रामीणों के साथ पैदल नंगे पांव जयपुर कूच कर रहे दिव्यांग संत योगी शक्तिनाथ महाराज ने सोमवार देर शाम आंदोलन समाप्त कर दिया। मुख्यमंत्री कार्यालय के हस्तक्षेप के बाद मुख्यमंत्री के प्रतिनिधि के रूप में पहुंचे भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष मुकेश दाधीच एवं सार्वजनिक निर्माण विभाग के अधिकारियों ने सड़क निर्माण का आश्वासन दिया।
अधिकारियों ने बताया कि गारिंडा से मठ होते हुए अठवास तक तथा अगले चरण में अठवास से रिणू तक सड़क निर्माण की स्वीकृति इस बजट में मिल जायेगी। पीडब्ल्यूडी फतेहपुर के सहायक अभियंता अरविंद कुमार ने तकनीकी बिंदुओं की जांच के बाद इसी वित्तीय वर्ष में सड़क निर्माण करवाने की बात कही।
भाजपा नेता पहुंचे बातचीत करने
नेशनल हाईवे स्थित एक होटल के पास ठहरे संत एवं ग्रामीणों से वार्ता के लिए भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष मुकेश दाधीच, बुधगिरी मढ़ी के महंत दिनेशगिरी महाराज, भाजपा नेता मधुसूदन भिंडा, पूर्व पालिकाध्यक्ष दिनेश जोशी, भाजपा शहर अध्यक्ष ललित पंवार, फतेहपुर भाजपा नेता विनोद महला, रामनिवास सैनी, लीलाधर और महेंद्र फौजी सहित अन्य लोग पहुंचे। करीब आधे घंटे तक भाजपा नेताओं और साधु-संतों के बीच बंद कमरे में वार्ता हुई।
इसके बाद सहमति बनने पर महंत दिनेशगिरी महाराज एवं जनप्रतिनिधियों ने संत शक्तिनाथ महाराज को मिठाई खिलाकर अनशन समाप्त करवाया। इसके साथ ही जयपुर कूच आंदोलन भी स्थगित कर दिया गया। संत के साथ चल रहे श्रद्धालु एवं ग्रामीण भी वापस लौट गए।

कांग्रेस पर वोट बैंक की राजनीति का आरोप लगाया
वार्ता के बाद मीडिया से बातचीत में भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष मुकेश दाधीच ने कांग्रेस नेताओं पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि कांग्रेस केवल वोट बैंक की राजनीति करती है और विकास से उसे मतलब नहीं है। उन्होंने कहा कि फतेहपुर और लक्ष्मणगढ़ दोनों जगह कांग्रेस के विधायक हैं।
वे चाहते तो मिसिंग लिंक सड़क योजना के तहत महज 6-7 किलोमीटर सड़क बनवा सकते थे। दाधीच ने कहा कि कांग्रेस की धारणा है कि भगवा धारण करने वाले उनके वोटर नहीं हैं, जबकि भाजपा विकास की राजनीति करती है। उन्होंने बताया कि संत के पैदल मार्च की सूचना मिलते ही मुख्यमंत्री ने हस्तक्षेप कर अधिकारियों को निर्देश दिए।
दो दिन से चल रहे थे आंदोलन समाप्त करवाने के प्रयास
संत योगी शक्तिनाथ महाराज को जयपुर कूच स्थगित करने के लिए पिछले दो दिनों से प्रयास किए जा रहे थे। रविवार को लक्ष्मणगढ़ सीमा में प्रवेश करने पर भाजपा नेता दिनेश जोशी और शहर मंडल अध्यक्ष ललित पंवार ने संत से मुलाकात कर आंदोलन स्थगित करने की अपील की थी।
इसके बाद रविवार शाम बुधगिरी मढ़ी के महंत दिनेशगिरी महाराज ने संत से मुलाकात कर अपना विरोध प्रकट किया था। फतेहपुर सभापति प्रतिनिधि मधुसूदन भिंडा ने भी रविवार और सोमवार को संत से वार्ता कर समझाइश की। भाजपा नेताओं ने संत को हो रही शारीरिक परेशानी का हवाला देते हुए उनकी मांग सरकार और पार्टी संगठन तक पहुंचाई।
इसके बाद मुख्यमंत्री ने मामले का संज्ञान लेते हुए एसीएस को निर्देश दिए और अपने प्रतिनिधि के रूप में मुकेश दाधीच को लक्ष्मणगढ़ भेजा। सड़क निर्माण के आश्वासन के बाद संत ने अपना अन्न त्याग अनशन और जयपुर कूच आंदोलन समाप्त कर दिया।
देश
विदेश
प्रदेश
संपादकीय
वीडियो
आर्टिकल
व्यंजन
स्वास्थ्य
बॉलीवुड
G.K
खेल
बिजनेस
गैजेट्स
पर्यटन
राजनीति
मौसम
ऑटो-वर्ल्ड
करियर/शिक्षा
लाइफस्टाइल
धर्म/ज्योतिष
सरकारी योजना
फेक न्यूज एक्सपोज़
मनोरंजन
क्राइम
चुनाव
ट्रेंडिंग
Covid-19





Total views : 2566866

