केंद्र की टीम ने झुंझुनूं के तीन अस्पतालों में जांची व्यवस्थाएं, दवाओं से लेकर ऑक्सीजन और अग्नि सुरक्षा तक का लिया जायजा
बीडीके अस्पताल, चिड़ावा उप जिला अस्पताल और बगड़ सीएचसी का निरीक्षण; रिपोर्ट के आधार पर तय होगा जिले का स्वास्थ्य सेवाओं का प्रदर्शन अंक
झुंझुनूं : जिले की सरकारी चिकित्सा सेवाओं की गुणवत्ता और व्यवस्थाओं का आकलन करने के लिए सोमवार को भारत सरकार की स्टेट पब्लिक हेल्थ ऑब्जर्वर टीम (स्पॉट) ने तीन प्रमुख चिकित्सा संस्थानों का औचक निरीक्षण किया। टीम के सदस्य डॉ. विनायक और डॉ. रजत ने बीडीके अस्पताल झुंझुनूं, उप जिला अस्पताल चिड़ावा और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बगड़ पहुंचकर मरीजों को उपलब्ध कराई जा रही स्वास्थ्य सेवाओं, दवाओं की उपलब्धता और राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रमों की प्रगति का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान टीम ने अस्पतालों में रोग निगरानी प्रणाली, अभिलेखों के संधारण और आईएचआईपी पोर्टल पर बीमारियों की रिपोर्टिंग की स्थिति जांची। इसके अलावा टीकाकरण से रोकी जा सकने वाली बीमारियों की निगरानी, अग्नि सुरक्षा, ऑक्सीजन आपूर्ति, एंटीबायोटिक प्रतिरोध नियंत्रण और संक्रामक रोगों की रोकथाम एवं उपचार संबंधी व्यवस्थाओं का भी अवलोकन किया।
रेबीज और सर्पदंश के उपचार की तैयारियां भी जांचीं
टीम ने रेबीज नियंत्रण कार्यक्रम के तहत एंटी रेबीज वैक्सीन (एआरवी) और एंटी रेबीज सीरम (एआरएस) की उपलब्धता की जानकारी ली। वहीं सर्पदंश के उपचार में काम आने वाले एंटी स्नेक वेनम (एएसवी) के भंडार, आवश्यक दवाओं, संबंधित रजिस्टर और स्वास्थ्य जागरूकता गतिविधियों की स्थिति भी देखी।
निरीक्षण से पहले जिला स्वास्थ्य विभाग ने बीडीके अस्पताल और चिड़ावा उप जिला अस्पताल के प्रमुख चिकित्सा अधिकारियों तथा बगड़ सीएचसी प्रभारी को व्यवस्थाएं दुरुस्त रखने के निर्देश दिए थे। सभी अभिलेख अद्यतन रखने, संबंधित नोडल अधिकारियों की उपस्थिति सुनिश्चित करने और निरीक्षण दल को आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराने के लिए कहा गया था।
निरीक्षण के दौरान महामारी विशेषज्ञ डॉ. कुलदीप फौजदार भी टीम के साथ मौजूद रहे। टीम ने मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. छोटेलाल गुर्जर और उप मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. भंवरलाल सर्वा को निरीक्षण के दौरान सामने आई व्यवस्थाओं और सेवाओं के संबंध में प्रतिक्रिया दी।
निरीक्षण के आधार पर तैयार होगा जिले का प्रदर्शन अंक
स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, स्पॉट टीम के निरीक्षण और मूल्यांकन के आधार पर जिले का समग्र प्रदर्शन अंक (कंपोजिट डिस्ट्रिक्ट परफॉर्मेंस स्कोर) तैयार किया जाएगा। इसमें सार्वजनिक स्वास्थ्य सेवाओं, रोग निगरानी व्यवस्था और राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रमों के क्रियान्वयन का आकलन किया जाएगा।
देश
विदेश
प्रदेश
संपादकीय
वीडियो
आर्टिकल
व्यंजन
स्वास्थ्य
बॉलीवुड
G.K
खेल
बिजनेस
गैजेट्स
पर्यटन
राजनीति
मौसम
ऑटो-वर्ल्ड
करियर/शिक्षा
लाइफस्टाइल
धर्म/ज्योतिष
सरकारी योजना
फेक न्यूज एक्सपोज़
मनोरंजन
क्राइम
चुनाव
ट्रेंडिंग
Covid-19







Total views : 2563831


