महनसर में जीत के बाद दीपावली जैसा जश्न, गुलाल लगाकर ग्रामीणों ने मनाई खुशी
विमल कंवर शेखावत और मैना कंवर भाटी की जीत पर उमड़ा जनसैलाब, डीजे की धुन पर नाचते-गाते गांव पहुंचे समर्थक
जनमानस शेखावाटी सवांददाता : लतीफ खान
बिसाऊ : पंचायत राज चुनाव के परिणाम घोषित होते ही महनसर गांव में उत्सव का माहौल बन गया। जिला परिषद सदस्य पद पर भाजपा प्रत्याशी विमल कंवर शेखावत और मंडावा पंचायत समिति सदस्य पद पर मैना कंवर भाटी की जीत के बाद ग्रामीणों ने दीपावली जैसा जश्न मनाया। ग्रामीणों ने एक-दूसरे को गुलाल लगाकर बधाई दी और मिठाइयां बांटकर खुशी जाहिर की।
जिला परिषद के वार्ड संख्या 4 से भाजपा प्रत्याशी विमल कंवर शेखावत ने कांग्रेस प्रत्याशी प्रियंका कुलहरी को 881 मतों से पराजित किया। निर्दलीय प्रत्याशी नफीसा तीसरे स्थान पर रहीं। वहीं मंडावा पंचायत समिति के वार्ड संख्या 1 (महनसर-पहाड़सर) से मैना कंवर भाटी ने 500 से अधिक मतों के अंतर से जीत दर्ज की।
कांग्रेस के प्रभाव वाले क्षेत्र में भाजपा को मिली सफलता
ग्रामीणों के अनुसार, महनसर क्षेत्र का राजनीतिक इतिहास कांग्रेस के प्रभाव वाला रहा है। पंचायत राज चुनाव के इतिहास में इसे गांव की अब तक की बड़ी जीतों में से एक माना जा रहा है। ग्रामीणों ने बताया कि इस बार स्थानीय प्रत्याशियों के होने और दिवंगत भाजपा नेता एवं सामाजिक कार्यकर्ता महिपाल सिंह के प्रति लोगों की सहानुभूति का असर भी चुनाव परिणाम में देखने को मिला। भाजपा प्रत्याशियों के पक्ष में हुए मतदान को ग्रामीणों ने क्षेत्र की राजनीति में महत्वपूर्ण बदलाव के रूप में देखा।
बिसाऊ से महनसर तक निकाला विजय जुलूस
जीत की खबर गांव पहुंचते ही समर्थकों में खुशी की लहर दौड़ गई। बड़ी संख्या में युवा बिसाऊ और झुंझुनूं की ओर रवाना हुए। बिसाऊ स्थित आरके कॉलेज से बाईपास सर्किल तक डीजे की धुन पर नाचते-गाते युवाओं का हुजूम महनसर बाईपास पहुंचा।
महनसर बाईपास पर ग्रामीणों ने युवा नेता एवं पूर्व सरपंच यशवर्धन महनसर तथा नवनिर्वाचित जिला परिषद सदस्य विमल कंवर शेखावत के प्रतिनिधि का फूलमालाओं से स्वागत किया। युवाओं और ग्रामीणों ने गुलाल लगाकर जीत की बधाई दी। इसके बाद गाजे-बाजे और डीजे की धुन के साथ मुख्य बाजार होते हुए गढ़ तक विजय जुलूस निकाला गया।
जिलेभर से पहुंचे गणमान्य लोग
विजय उत्सव में महनसर के ग्रामीणों के साथ जिलेभर से बड़ी संख्या में लोग बधाई देने पहुंचे। इस दौरान परमेश्वर सिंह शेखावत, रिप्रध्वन सिंह काली पहाड़ी, त्रिलोक सिंह बुगाला, महेश सिंह चूड़ी, धर्मेंद्र सिंह चिराना और करण सिंह झाझड़ सहित अनेक गणमान्य लोग मौजूद रहे। दोनों महिला प्रत्याशियों की जीत के बाद गांव में देर तक उत्सव का माहौल बना रहा।
देश
विदेश
प्रदेश
संपादकीय
वीडियो
आर्टिकल
व्यंजन
स्वास्थ्य
बॉलीवुड
G.K
खेल
बिजनेस
गैजेट्स
पर्यटन
राजनीति
मौसम
ऑटो-वर्ल्ड
करियर/शिक्षा
लाइफस्टाइल
धर्म/ज्योतिष
सरकारी योजना
फेक न्यूज एक्सपोज़
मनोरंजन
क्राइम
चुनाव
ट्रेंडिंग
Covid-19






Total views : 2556856