सिहोड़ में स्कूल-अस्पताल के रास्ते पर जलभराव, चार-पांच साल से परेशानी झेल रहे ग्रामीण
कीचड़ से होकर गुजरने को मजबूर विद्यार्थी और मरीज, बुजुर्गों व महिलाओं को भी आवागमन में हो रही परेशानी
खेतड़ी : क्षेत्र के सिहोड़ गांव में जलभराव और बदहाल रास्तों की समस्या से ग्रामीण परेशान हैं। गांव के राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय के सामने से गुजरने वाले आम रास्ते पर लंबे समय से पानी जमा है। वहीं, राजकीय प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के मुख्य द्वार के सामने भी जलभराव और कीचड़ की स्थिति बनी हुई है। इसके चलते विद्यार्थियों, मरीजों और अस्पताल के कर्मचारियों को रोजाना परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
ग्रामीणों का कहना है कि यह समस्या पिछले चार-पांच वर्षों से बनी हुई है, लेकिन अब तक इसका स्थायी समाधान नहीं हो पाया है। विद्यालय जाने वाले विद्यार्थियों को रोजाना कीचड़ से होकर गुजरना पड़ता है। बारिश के दिनों में स्थिति और खराब हो जाती है। छोटे बच्चों को रास्ता पार करने में काफी दिक्कत होती है। कई बार कपड़े और जूते खराब होने के डर से भी उन्हें परेशानी उठानी पड़ती है।
ग्रामीणों ने बताया कि राजकीय प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के मुख्य द्वार के सामने भी पानी जमा रहने से मरीजों को अस्पताल पहुंचने में मुश्किल होती है। बुजुर्गों, महिलाओं और गंभीर बीमारियों से पीड़ित मरीजों के लिए कीचड़ भरा रास्ता परेशानी का कारण बना हुआ है। अस्पताल के स्वास्थ्यकर्मियों को भी प्रतिदिन इसी समस्या से गुजरना पड़ता है।
ग्रामीणों का कहना है कि विद्यालय और अस्पताल दोनों ही आमजन के लिए महत्वपूर्ण संस्थान हैं। इसके बावजूद इनके सामने वर्षों से जलभराव की समस्या बनी रहना जिम्मेदारों की अनदेखी को दर्शाता है। लोगों ने प्रशासन से विद्यालय और अस्पताल के सामने पानी निकासी की उचित व्यवस्था करवाने तथा रास्ते को दुरुस्त कराने की मांग की है।
इन ग्रामीणों ने उठाई आवाज
समस्या को लेकर सीताराम डीलर, अशोक यादव, गिरधारी लाल मीणा, दलजीत सिंह, गुलझारी लाल, रामेश्वर लाल गुर्जर, रामजीलाल, ताराचंद, महावीर प्रसाद, धर्मपाल, हरफूल सिंह, केसर यादव और कैलाश मीणा ने प्रशासन से जल्द समाधान करवाने की मांग की है।
देश
विदेश
प्रदेश
संपादकीय
वीडियो
आर्टिकल
व्यंजन
स्वास्थ्य
बॉलीवुड
G.K
खेल
बिजनेस
गैजेट्स
पर्यटन
राजनीति
मौसम
ऑटो-वर्ल्ड
करियर/शिक्षा
लाइफस्टाइल
धर्म/ज्योतिष
सरकारी योजना
फेक न्यूज एक्सपोज़
मनोरंजन
क्राइम
चुनाव
ट्रेंडिंग
Covid-19






Total views : 2537245


