अंतिम चरण के मतदान से पहले प्रशासन अलर्ट, संवेदनशील बूथों पर सुरक्षा के होंगे पुख्ता इंतजाम
जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. अरुण गर्ग और एसपी कावेंद्र सिंह सागर ने अलसीसर-मंडावा क्षेत्र के क्रिटिकल मतदान केंद्रों का किया निरीक्षण, अधिकारियों को दिए आवश्यक निर्देश
झुंझुनूं : पंचायती राज आम चुनाव के अंतिम चरण के मतदान से पहले जिला प्रशासन और पुलिस विभाग अलर्ट मोड पर आ गया है। 14 एवं 16 नवंबर को होने वाले मतदान को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और व्यवस्थित तरीके से संपन्न करवाने के लिए चुनावी तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है। गुरुवार को जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. अरुण गर्ग और पुलिस अधीक्षक कावेंद्र सिंह सागर ने अलसीसर एवं मंडावा पंचायत समिति क्षेत्र के क्रिटिकल और संवेदनशील मतदान केंद्रों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
अधिकारियों ने धनूरी, रामपुरा, अलसीसर, भूदा का बास, टमकोर, जाबासर, निराधनु, गांगियासर और महनसर स्थित मतदान केंद्रों का निरीक्षण किया। इस दौरान मतदान केंद्रों पर मूलभूत सुविधाओं, रोशनी, साफ-सफाई, पेयजल, मतदान दलों के ठहरने और सुरक्षा व्यवस्थाओं की समीक्षा की गई।
मतदान केंद्रों पर रोशनी और सुविधाएं दुरुस्त रखने के निर्देश
जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. अरुण गर्ग ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी मतदान केंद्रों पर पर्याप्त रोशनी की व्यवस्था हो। मतदान कक्षों के साथ परिसर और चारदीवारी के बाहर भी अतिरिक्त प्रकाश व्यवस्था की जाए। मतदान दलों के ठहरने और भोजन की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मतदान कक्ष और मतगणना कक्ष में अनावश्यक सामग्री नहीं रखी जाए। साफ-सफाई और पेयजल सहित सभी आवश्यक सुविधाएं दुरुस्त रहें, ताकि मतदान कार्मिकों और मतदाताओं को परेशानी नहीं हो।
उन्होंने पर्दानशीन महिला मतदाताओं की पहचान के लिए समुचित व्यवस्था करने तथा मतदान केंद्रों पर अतिरिक्त आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं की तैनाती के निर्देश दिए। साथ ही स्काउट एवं गाइड को निर्धारित पोशाक में उपस्थित रहकर मतदान प्रक्रिया में सहयोग करने को कहा।
अधिक नामांकन वाले क्षेत्रों में लगेंगे अतिरिक्त कर्मचारी
डॉ. अरुण गर्ग और एसपी कावेंद्र सिंह सागर ने मलसीसर उपखंड कार्यालय एवं महनसर मतदान केंद्र पर अधिकारियों की बैठक लेकर चुनावी तैयारियों की समीक्षा की। जिला निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि सरपंच पद के लिए अधिक नामांकन होने की स्थिति में अतिरिक्त सहायक कर्मचारियों की तैनाती की जाए, ताकि चुनाव संबंधी कार्य व्यवस्थित तरीके से संपन्न हो सकें। उन्होंने सभी अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ समय रहते तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए।
संवेदनशील बूथों पर पुलिस की रहेगी विशेष निगरानी
पुलिस अधीक्षक कावेंद्र सिंह सागर ने मतदान केंद्रों पर कानून एवं शांति व्यवस्था की स्थिति की समीक्षा की। उन्होंने क्रिटिकल मतदान केंद्रों पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने और संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए। एसपी ने कहा कि मतदान के दौरान किसी भी प्रकार की अव्यवस्था या अप्रिय स्थिति नहीं होनी चाहिए। इसके लिए पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारी आपसी समन्वय से कार्य करें, ताकि मतदाता निर्भीक होकर अपने मताधिकार का प्रयोग कर सकें।
ये अधिकारी रहे मौजूद
निरीक्षण एवं समीक्षा बैठक में मलसीसर एसडीएम मोनिका जाखड़, मंडावा एसडीएम विश्वामित्र मीणा, झुंझुनूं ग्रामीण सीओ आरपीएस नरेश कुमार, मंडावा बीडीओ अमित चौधरी, अलसीसर बीडीओ ममता चौधरी, मंडावा तहसीलदार सुरेंद्र कुमार, मलसीसर थानाधिकारी डॉ. महेंद्र, धनूरी थानाधिकारी कंचन, बिसाऊ थानाधिकारी उमाशंकर और मंडावा थानाधिकारी चंद्रभान सहित संबंधित मतदान केंद्रों के सेक्टर अधिकारी एवं बीएलओ मौजूद रहे।
देश
विदेश
प्रदेश
संपादकीय
वीडियो
आर्टिकल
व्यंजन
स्वास्थ्य
बॉलीवुड
G.K
खेल
बिजनेस
गैजेट्स
पर्यटन
राजनीति
मौसम
ऑटो-वर्ल्ड
करियर/शिक्षा
लाइफस्टाइल
धर्म/ज्योतिष
सरकारी योजना
फेक न्यूज एक्सपोज़
मनोरंजन
क्राइम
चुनाव
ट्रेंडिंग
Covid-19




Total views : 2531617


