लोकतंत्र की मजबूती के लिए हर मतदाता की भागीदारी जरूरी : सुराणा
जिला निर्वाचन अधिकारी और एसपी ने बीदासर क्षेत्र के मतदान केंद्रों का किया निरीक्षण, मतदाताओं से किया संवाद
जनमानस शेखावाटी सवांददाता : मोहम्मद अली पठान
चूरू : पंचायतीराज आम चुनाव-2026 के तहत मंगलवार को जिला निर्वाचन अधिकारी एवं कलक्टर अभिषेक सुराणा तथा पुलिस अधीक्षक निश्चय प्रसाद एम ने बीदासर उपखंड क्षेत्र के विभिन्न मतदान केंद्रों का निरीक्षण कर मतदान व्यवस्थाओं का जायजा लिया। अधिकारियों ने सांडवा, चाड़वास, मानपुरा, बम्बू, इंयारा, सड़ू छोटी, कल्याणसर, जोगलसर, लालगढ़, बाढ़सर और कातर तेहनदेसर सहित विभिन्न क्षेत्रों में पहुंचकर मतदान प्रक्रिया, सुरक्षा व्यवस्था और निर्वाचन से जुड़े प्रबंधों का अवलोकन किया। उन्होंने मतदान केंद्रों पर तैनात कार्मिकों से व्यवस्थाओं की जानकारी लेकर आवश्यक निर्देश दिए।
जिला निर्वाचन अधिकारी अभिषेक सुराणा ने मतदान केंद्रों पर मौजूद मतदाताओं से संवाद करते हुए कहा कि लोकतंत्र की मजबूती प्रत्येक मतदाता की सक्रिय भागीदारी पर निर्भर करती है। मतदान केवल अधिकार नहीं, बल्कि लोकतंत्र के प्रति महत्वपूर्ण जिम्मेदारी भी है। प्रत्येक मतदाता निर्भीक, निष्पक्ष और जागरूक होकर अपने मताधिकार का प्रयोग करे तथा लोकतंत्र के इस महापर्व में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करे।

उन्होंने कहा कि ग्रामीण लोकतंत्र को सशक्त बनाने में पंचायतीराज संस्थाओं की महत्वपूर्ण भूमिका है। मतदाता अपने विवेक के आधार पर मतदान कर लोकतांत्रिक व्यवस्था को मजबूत बनाने में योगदान दें। उन्होंने स्पष्ट किया कि जिले में स्वतंत्र, निष्पक्ष और शांतिपूर्ण चुनाव संपन्न करवाने के लिए प्रशासन प्रतिबद्ध है तथा निर्वाचन प्रक्रिया से जुड़ी व्यवस्थाओं की लगातार निगरानी की जा रही है।
सुराणा ने निर्वाचन कार्य में लगे कार्मिकों को निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों की पालना करते हुए निष्पक्षता, पारदर्शिता और जिम्मेदारी के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करने के निर्देश दिए।
पुलिस अधीक्षक निश्चय प्रसाद एम ने मतदान केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने पुलिस एवं सुरक्षा कार्मिकों को सतर्कता के साथ ड्यूटी करने के निर्देश देते हुए कहा कि मतदान के दौरान शांति और कानून व्यवस्था बनाए रखना सर्वोच्च प्राथमिकता है। मतदाता बिना किसी भय, दबाव या प्रलोभन के स्वतंत्र रूप से अपने मताधिकार का प्रयोग कर सकें, इसके लिए सुरक्षा व्यवस्था मुस्तैद रखी जाए।
निरीक्षण के दौरान विभिन्न मतदान केंद्रों पर मतदाताओं में मतदान को लेकर उत्साह नजर आया। बड़ी संख्या में मतदाता लोकतंत्र के इस महापर्व में भागीदारी निभाते दिखे। अधिकारियों ने मतदाताओं के उत्साह की सराहना करते हुए लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया।
इस दौरान एडीएम संतोष कुमार मीना, एसडीएम अमीलाल यादव, सीओ अनुज शुभम, तहसीलदार इन्द्राज बारूपाल, बीडीओ इन्द्रपाल सिंह सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
देश
विदेश
प्रदेश
संपादकीय
वीडियो
आर्टिकल
व्यंजन
स्वास्थ्य
बॉलीवुड
G.K
खेल
बिजनेस
गैजेट्स
पर्यटन
राजनीति
मौसम
ऑटो-वर्ल्ड
करियर/शिक्षा
लाइफस्टाइल
धर्म/ज्योतिष
सरकारी योजना
फेक न्यूज एक्सपोज़
मनोरंजन
क्राइम
चुनाव
ट्रेंडिंग
Covid-19





Total views : 2503982

