बिसाऊ में युवाओं की मदद को आगे आए रिनेश सिरसवा, बनवाया अस्थायी रनिंग ट्रैक, सेना भर्ती की तैयारी कर रहे युवाओं को मिली राहत, मैदान की सफाई और ट्रैक सुधार में किया सहयोग
1 नवंबर से अनुभवी प्रशिक्षक देंगे निशुल्क शारीरिक प्रशिक्षण, सेवानिवृत्त सैन्य अधिकारियों की टीम करेगी निशुल्क चिकित्सकीय जांच
जनमानस शेखावाटी सवांददाता : लतीफ खान
बिसाऊ : खेल मैदान के अभाव में सेना भर्ती की तैयारी कर रहे बिसाऊ के युवाओं को हो रही परेशानी को देखते हुए वार्ड नंबर 15 की पार्षद के पति रिनेश सिरसवा मदद के लिए आगे आए हैं। उन्होंने युवाओं की मांग पर अस्थायी दौड़ पथ तैयार करवाने और मैदान की साफ-सफाई में सहयोग किया। उनके इस प्रयास पर युवाओं ने आभार जताया।
जिस मैदान में युवा सेना भर्ती की शारीरिक तैयारी कर रहे थे, वहां काफी मात्रा में घास, कंकड़-पत्थर और अन्य अवरोध मौजूद थे। दौड़ पथ की चौड़ाई कम होने से भी युवाओं को अभ्यास में परेशानी हो रही थी। युवाओं ने अपनी समस्या रिनेश सिरसवा के सामने रखी तो उन्होंने तुरंत सहयोग का भरोसा दिलाया। इसके बाद मैदान की सफाई और दौड़ पथ को बेहतर बनाने में मदद की। उन्होंने ट्रैक के किनारों पर ईंटें लगवाने और व्यायाम के लिए जरूरी सुविधाएं विकसित करवाने का भी भरोसा दिलाया।
युवाओं की सफलता में सहयोग करना ही सबसे बड़ी खुशी : सिरसवा
रिनेश सिरसवा ने कहा कि वे स्वयं खेलों से जुड़े रहे हैं और युवाओं की परेशानियों को समझते हैं। बिसाऊ के युवाओं को बेहतर तैयारी का अवसर मिले, इसके लिए वे हमेशा सहयोग करते रहेंगे। उन्होंने कहा कि उनके छोटे से प्रयास से यदि कस्बे का कोई युवा सेना या अन्य विभाग में चयनित होकर अपने माता-पिता, परिवार और बिसाऊ का नाम रोशन करता है तो इससे बड़ी खुशी नहीं होगी।

उन्होंने बताया कि पिछली बीकानेर सेना अग्निवीर भर्ती रैली में एक साथ 10 युवाओं का चयन हुआ था। इससे प्रेरित होकर वर्तमान में करीब 40 से 50 युवा अग्निवीर भर्ती की लिखित परीक्षा उत्तीर्ण करने के बाद शारीरिक परीक्षा की तैयारी में जुटे हैं। युवाओं की मेहनत और लगन को देखते हुए उन्हें आगामी भर्ती में भी बेहतर परिणाम की उम्मीद है।
1 नवंबर से शुरू होगी निशुल्क शारीरिक तैयारी
कोच लतीफ खान ने बताया कि 1 नवंबर 2026 से बिसाऊ के युवाओं के लिए अनुभवी प्रशिक्षक के निर्देशन में निशुल्क शारीरिक प्रशिक्षण शुरू किया जाएगा। इसमें सेना अग्निवीर और प्रादेशिक सेना भर्ती की तैयारी कर रहे युवाओं को प्रशिक्षण दिया जाएगा, ताकि वे शारीरिक परीक्षा के लिए बेहतर तैयारी कर सकें।
सेवानिवृत्त सैन्य अधिकारियों की टीम करेगी निशुल्क चिकित्सकीय जांच
लतीफ खान ने बताया कि तैयारी कर रहे युवाओं के लिए सेना की चिकित्सा सेवाओं से जुड़े सेवानिवृत्त अधिकारियों की टीम बुलाकर निशुल्क चिकित्सकीय जांच करवाने की भी योजना है। इससे युवाओं को भर्ती से पहले अपनी संभावित चिकित्सकीय समस्याओं की जानकारी मिल सकेगी और समय रहते उचित मार्गदर्शन प्राप्त करने का अवसर मिलेगा।
स्थायी खेल मैदान की मांग अब भी बरकरार
मंडावा विधानसभा क्षेत्र का प्रमुख कस्बा होने के बावजूद बिसाऊ में युवाओं के लिए अब तक व्यवस्थित खेल मैदान उपलब्ध नहीं हो पाया है। सेना में भर्ती होकर देशसेवा का सपना देखने वाले युवाओं को सड़कों, टीलों और अस्थायी मैदानों में अभ्यास करना पड़ रहा है। ऐसे में रिनेश सिरसवा का सहयोग युवाओं के लिए राहतभरा कदम है, लेकिन स्थायी खेल मैदान की मांग अब भी बनी हुई है।
युवाओं ने रिनेश सिरसवा का आभार जताते हुए कहा कि समाज के लोग इसी तरह सहयोग करें तो संसाधनों की कमी के बावजूद प्रतिभाओं को आगे बढ़ने का अवसर मिल सकता है। युवाओं को अब जनप्रतिनिधियों और प्रशासन से उम्मीद है कि अस्थायी व्यवस्थाओं के साथ बिसाऊ में स्थायी खेल मैदान विकसित करने की दिशा में भी ठोस पहल की जाएगी
देश
विदेश
प्रदेश
संपादकीय
वीडियो
आर्टिकल
व्यंजन
स्वास्थ्य
बॉलीवुड
G.K
खेल
बिजनेस
गैजेट्स
पर्यटन
राजनीति
मौसम
ऑटो-वर्ल्ड
करियर/शिक्षा
लाइफस्टाइल
धर्म/ज्योतिष
सरकारी योजना
फेक न्यूज एक्सपोज़
मनोरंजन
क्राइम
चुनाव
ट्रेंडिंग
Covid-19





Total views : 2494761


