सीकर जिला परिषद चुनाव में 16 प्रत्याशी करोड़पति:मंत्री खर्रा की भाभी भी निर्दलीय लड़ रही चुनाव, जानें किसके पास कितनी संपत्ति
सीकर जिला परिषद चुनाव में 16 प्रत्याशी करोड़पति:मंत्री खर्रा की भाभी भी निर्दलीय लड़ रही चुनाव, जानें किसके पास कितनी संपत्ति
सीकर : सीकर जिला परिषद चुनाव में इस बार प्रत्याशियों के बीच सियासी मुकाबले के साथ संपत्ति को लेकर भी चर्चा तेज है। किसी प्रत्याशी के पास मुंबई में कारोबार और करोड़ों की जमीनें हैं, तो किसी के पास जयपुर और भरतपुर में प्लॉट, मकान और लाखों के सोने-चांदी के जेवर हैं। चुनावी मैदान में उतरे कुछ उम्मीदवारों के पास लाइसेंसी हथियार भी हैं। वहीं, कुछ प्रत्याशियों की संपत्ति का बड़ा हिस्सा जमीन, मकान और अन्य अचल संपत्तियों के रूप में दर्ज है।
प्रत्याशियों के चुनावी हलफनामों के अनुसार, जिले के 49 वार्डों में हो रहे चुनाव में कुल 163 उम्मीदवार मैदान में हैं। इनमें 16 प्रत्याशी करोड़पति श्रेणी में शामिल हैं। भाजपा के महेंद्र मुवाल सबसे अधिक 6.33 करोड़ रुपए की संपत्ति के साथ चर्चा में हैं। UDH मंत्री झाबर सिंह खर्रा के भाई की पत्नी के पास भी 3 करोड़ की संपत्ति है
मुंबई में कारोबार, गांव में जमीन
वार्ड 11 से भाजपा प्रत्याशी महेंद्र मुवाल के पास नवी मुंबई में बिजनेस, फ्लैट, विदेशी कारोबार और दांतारामगढ़ क्षेत्र के नाथावतपुरा में जमीन है। उनकी कुल संपत्ति 6.33 करोड़ रुपए बताई गई है। वहीं, वार्ड 9 से भाजपा प्रत्याशी भानाराम मेहरड़ा के पास जमीन, जेवर और गाड़ी सहित 2.44 करोड़ रुपए की चल-अचल संपत्ति है। वार्ड 6 के प्रत्याशी हरिराम सेवदा की कुल संपत्ति 3.32 करोड़ रुपए है, जबकि उनके बैंक खाते में 2 लाख रुपए दर्ज हैं।

वार्ड 47 से भाजपा प्रत्याशी जरीना खान की संपत्ति 4.31 करोड़ रुपए बताई गई है। उनके पास बेसवा और जयपुर में मकान, दुकानें और जमीनें हैं। जरीना खान डीआईजी अरशद अली की पत्नी हैं।
पूर्व उप जिला प्रमुख के पास लाइसेंसी रिवॉल्वर
वार्ड 44 से भाजपा प्रत्याशी ताराचंद धायल के हलफनामे में स्कॉर्पियो गाड़ी, कोलायत और खाटूश्यामजी में कृषि भूमि के साथ लाइसेंसी रिवॉल्वर का भी जिक्र है। धायल पिछले कार्यकाल में उप जिला प्रमुख रह चुके हैं।
कांग्रेस में भी करोड़ों की संपत्ति वाले उम्मीदवार
कांग्रेस के वार्ड 12 से प्रत्याशी मुकेश कुमार खोखर के पास जमीन, खेत और गाड़ी सहित 2.71 करोड़ रुपए की चल-अचल संपत्ति है। वहीं, कांग्रेस जिलाध्यक्ष सुनीता गठाला वार्ड 11 से चुनाव मैदान में हैं। उनके पास 500 ग्राम सोने के जेवर, एक किलो चांदी, 5.50 लाख रुपए नकद और बैंक खाते में 65 हजार रुपए दर्ज हैं।
भाजपा की बागी प्रत्याशी भी करोड़पति
वार्ड 23 से भाजपा से बागी होकर निर्दलीय चुनाव लड़ रहीं प्रतिमा खर्रा भी करोड़पति प्रत्याशियों में शामिल हैं। वे यूडीएच मंत्री झाबर सिंह खर्रा के भाई की पत्नी हैं। उनके पास बैंक में 11 लाख रुपए, आधा किलो सोने के जेवर, दो किलो चांदी और जयपुर व भरतपुर में प्लॉट हैं। नौवीं पास प्रतिमा खर्रा की कुल चल-अचल संपत्ति करीब 3 करोड़ रुपए बताई गई है।
संपत्ति के आंकड़े बने चुनावी चर्चा का विषय
जिला परिषद चुनाव में प्रत्याशियों की संपत्ति के ये आंकड़े उनके आर्थिक आधार और निवेश की तस्वीर पेश करते हैं। किसी के पास महानगरों में कारोबार और प्रॉपर्टी है, तो किसी की संपत्ति कृषि भूमि और आभूषणों में है।
देश
विदेश
प्रदेश
संपादकीय
वीडियो
आर्टिकल
व्यंजन
स्वास्थ्य
बॉलीवुड
G.K
खेल
बिजनेस
गैजेट्स
पर्यटन
राजनीति
मौसम
ऑटो-वर्ल्ड
करियर/शिक्षा
लाइफस्टाइल
धर्म/ज्योतिष
सरकारी योजना
फेक न्यूज एक्सपोज़
मनोरंजन
क्राइम
चुनाव
ट्रेंडिंग
Covid-19






Total views : 2468260

