[pj-news-ticker post_cat="breaking-news"]

लक्ष्मणगढ़ में एचपीवी वैक्सीनेशन के लिए जागरूकता कार्यक्रम:पहले टीका लगवा चुकी बालिकाओं ने अनुभव साझा कर दूर की भ्रांतियां


निष्पक्ष निर्भीक निरंतर
  • Download App from
  • google-playstore
  • apple-playstore
  • jm-qr-code
X
टॉप न्यूज़राजस्थानराज्यलक्ष्मणगढ़सीकर

लक्ष्मणगढ़ में एचपीवी वैक्सीनेशन के लिए जागरूकता कार्यक्रम:पहले टीका लगवा चुकी बालिकाओं ने अनुभव साझा कर दूर की भ्रांतियां

लक्ष्मणगढ़ में एचपीवी वैक्सीनेशन के लिए जागरूकता कार्यक्रम:पहले टीका लगवा चुकी बालिकाओं ने अनुभव साझा कर दूर की भ्रांतियां

लक्ष्मणगढ़ : लक्ष्मणगढ़ कस्बे के राजकीय पीएम श्री सावित्री बालिका स्कूल में शुक्रवार को एचपीवी वैक्सीनेशन को लेकर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें 14 वर्ष की आयु पूरी कर चुकी बालिकाओं को टीकाकरण के महत्व और सर्वाइकल कैंसर से बचाव के प्रति जागरूक किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत में 8 बालिकाएं टीकाकरण के लिए तैयार थीं, लेकिन जागरूकता के बाद यह संख्या बढ़कर 13 हो गई। टीकाकरण के लिए सहमति देने वाली बालिकाओं को सम्मानित भी किया गया।

कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे उपखंड अधिकारी भावेश धनवंत ने बताया कि दो दिन पहले आयोजित बैठक में बीसीएमएचओ ने जानकारी दी थी कि एचपीवी वैक्सीनेशन के मामले में लक्ष्मणगढ़ पूरे जिले में सबसे निचले स्तर पर है। इसके बाद कस्बे के स्कूलों में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर बालिकाओं को इस बीमारी की गंभीरता और टीकाकरण के महत्व के बारे में जानकारी देने का निर्णय लिया गया। इसी कड़ी में शुक्रवार को सावित्री बालिका स्कूल में कार्यक्रम आयोजित किया गया।

पहले टीका लगवा चुकी बालिकाओं ने साझा किए अनुभव

कार्यक्रम के दौरान पहले एचपीवी वैक्सीनेशन करवा चुकी बालिकाओं ने अपने अनुभव साझा किए। उन्होंने टीकाकरण को लेकर फैली भ्रांतियों का खंडन करते हुए अन्य बालिकाओं को भी इसके लिए प्रेरित किया। उनके अनुभव सुनने के बाद कार्यक्रम में मौजूद बालिकाओं को टीकाकरण के महत्व और इसकी उपयोगिता के बारे में जानकारी मिली।

राष्ट्रीय टीकाकरण कार्यक्रम में शामिल हुई वैक्सीन

बीसीएमएचओ डॉ. दिनेश कसवां ने बताया कि भारत सरकार ने 28 फरवरी 2026 को एचपीवी वैक्सीन को राष्ट्रीय टीकाकरण कार्यक्रम में शामिल किया है। अधिक कीमत होने के बावजूद अब गार्डासिल-4 (Gardasil 4) वैक्सीन पात्र बालिकाओं को चरणबद्ध तरीके से निःशुल्क लगाई जा रही है। प्रथम चरण में 14 वर्ष की आयु पूरी कर चुकी और 15 वर्ष की आयु पूरी नहीं करने वाली बालिकाओं को टीका लगाया जाएगा।

उन्होंने बताया कि राजस्थान सरकार के चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग की ओर से अभियान चलाकर स्कूलों में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं, ताकि पात्र बालिकाओं और उनके अभिभावकों को टीकाकरण के प्रति जागरूक किया जा सके।

गुरुवार को लक्ष्मणगढ़ में 68 बालिकाओं का टीकाकरण

एसडीएम भावेश धनवंत ने बताया कि गुरुवार को लक्ष्मणगढ़ उपखंड में 68 बालिकाओं का टीकाकरण किया गया, जो सीकर जिले में सर्वाधिक था। उन्होंने आमजन से अपील की कि पात्र बालिकाओं को एचपीवी वैक्सीनेशन के लिए प्रेरित करें। उन्होंने कहा कि एचपीवी संक्रमण सर्वाइकल कैंसर का प्रमुख कारण है। निर्धारित आयु में टीकाकरण कराने से भविष्य में इस कैंसर का खतरा कम करने में मदद मिलती है।

उन्होंने कहा कि बालिकाओं को सही जानकारी देकर टीकाकरण के प्रति जागरूक करना जरूरी है। ऐसे जागरूकता कार्यक्रम आगे भी जारी रहेंगे, ताकि अधिक से अधिक पात्र बालिकाएं टीकाकरण के लिए आगे आएं।

कार्यक्रम के दौरान स्कूली छात्राओं ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी दीं। इस अवसर पर बीसीएमएचओ डॉ. दिनेश कसवां, एसीबीओ विद्याधर शर्मा, विकास तूनवाल, स्कूल स्टाफ और छात्राएं उपस्थित रहीं।

Related Articles