सीकर कलेक्ट्रेट पर कांग्रेस का जोरदार प्रदर्शन, पुलिस से हुई जोर-आजमाइश
काले कपड़े पहनकर संविधान की किताब हाथ में लेकर निकाली आक्रोश रैली; वोट चोरी का आरोप लगाते हुए मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग
जनमानस शेखावाटी सवांददाता : नैना शेखावत
सीकर : अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के आह्वान पर गुरुवार को सीकर जिला कांग्रेस कमेटी की ओर से जिला कलेक्ट्रेट पर जोरदार विरोध प्रदर्शन किया गया। कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने मतदाता सूची में कथित अनियमितताओं और ‘वोट चोरी’ का आरोप लगाते हुए मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग की। इस दौरान दिल्ली में कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल के साथ कथित लाठीचार्ज और दुर्व्यवहार के विरोध में भी आवाज उठाई गई।
डाक बंगले से कलेक्ट्रेट तक निकाली आक्रोश रैली
प्रदर्शन से पहले कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने शहर के डाक बंगले से जिला कलेक्ट्रेट तक आक्रोश रैली निकाली। कार्यकर्ता काले कपड़े और काली पट्टियां पहनकर शामिल हुए। रैली में कांग्रेस जिलाध्यक्ष सुनीता गठाला हाथों में संविधान की किताब लेकर आगे चल रही थीं। कलेक्ट्रेट पहुंचने पर प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच जोर-आजमाइश भी हुई।

SIR के नाम पर वोट चोरी का लगाया आरोप
प्रदर्शन को संबोधित करते हुए जिलाध्यक्ष सुनीता गठाला ने केंद्र सरकार और मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार पर विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के नाम पर मतदाता सूची में गड़बड़ी करने का आरोप लगाया। उन्होंने दावा किया कि देश में बड़े स्तर पर वोट चोरी हुई है और करीब 13 करोड़ मतदाताओं के नाम सूची से हटाए जाने का आरोप लगाया।
गठाला ने कहा कि जब तक ज्ञानेश कुमार इस्तीफा नहीं देते, कांग्रेस का संघर्ष जारी रहेगा। उन्होंने दिल्ली में इंडिया गठबंधन के सांसदों, राहुल गांधी और प्रियंका गांधी के साथ पुलिस के कथित व्यवहार की भी निंदा की।

केंद्र सरकार पर संस्थाओं के दुरुपयोग का आरोप
कांग्रेस जिलाध्यक्ष ने केंद्र सरकार पर ईडी, आयकर विभाग और सीबीआई जैसी संस्थाओं के दुरुपयोग का आरोप लगाया। उन्होंने राजस्थान के हालिया निकाय चुनावों का जिक्र करते हुए भाजपा सरकार पर पुलिस और प्रशासनिक तंत्र के दुरुपयोग का आरोप भी लगाया।
गठाला ने कहा कि देश संविधान के अनुसार चलेगा, न कि तानाशाही और वोट चोरी से। प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं ने मतदाता सूची से जुड़ी कथित अनियमितताओं की जांच और मुख्य निर्वाचन आयुक्त के इस्तीफे की मांग दोहराई।
सरकार के इशारे पर 13 करोड़ वोटरों के नाम काटने का आरोप
आक्रोश मार्च के बाद जिलाध्यक्ष सुनीता गिठाला ने कहा कि मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने भाजपा सरकार के इशारे पर 13 करोड़ वोटरों के नाम काट दिए। पश्चिम बंगाल में चुनाव में भी भारी संख्या में वोटर्स के नाम काटे गए। दिल्ली में जिस तरह से राहुल गांधी को गिरफ्तार करके सरकार ने तानाशाही रवैया दिखाया है, उसकी हम निंदा करते हैं।
जब भी चुनाव आते हैं तो केंद्र की मोदी सरकार विपक्ष के नेताओं के यहां ED,CBI,IT को भेज देती है। कांग्रेस में हाल में हुए निकाय चुनाव में तो पुलिस और प्रशासन का दुरुपयोग किया गया लेकिन हम भाजपा को चेतावनी देना चाहते हैं कि यह देश संविधान के हिसाब से चलेगा,आपकी तानाशाही से नहीं। जब तक ज्ञानेश कुमार का इस्तीफा नहीं होता तब तक कांग्रेस पार्टी सड़कों पर रहेगी।
कांग्रेस पदाधिकारी और कार्यकर्ता रहे मौजूद
प्रदर्शन में पूर्व सभापति जीवण खां, शहर कांग्रेस ब्लॉक अध्यक्ष राजेश सैनी, प्रदेश प्रवक्ता गोविंद पटेल, कांग्रेस सेवादल जिलाध्यक्ष रविकांत तिवाड़ी, लॉ कॉलेज के पूर्व छात्रसंघ अध्यक्ष राकेश गढ़वाल सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
गौरतलब है कि मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण और कथित वोट चोरी को लेकर कांग्रेस देशभर में विरोध प्रदर्शन कर रही है। कांग्रेस के आरोपों को लेकर निर्वाचन प्रक्रिया में अनियमितताओं के दावों पर राजनीतिक विवाद जारी है।
देश
विदेश
प्रदेश
संपादकीय
वीडियो
आर्टिकल
व्यंजन
स्वास्थ्य
बॉलीवुड
G.K
खेल
बिजनेस
गैजेट्स
पर्यटन
राजनीति
मौसम
ऑटो-वर्ल्ड
करियर/शिक्षा
लाइफस्टाइल
धर्म/ज्योतिष
सरकारी योजना
फेक न्यूज एक्सपोज़
मनोरंजन
क्राइम
चुनाव
ट्रेंडिंग
Covid-19





Total views : 2438225


