[pj-news-ticker post_cat="breaking-news"]

सीकर में 783 केंद्रों पर साक्षरता मूल्यांकन परीक्षा, 70 हजार महिला-पुरुषों ने लिया भाग


निष्पक्ष निर्भीक निरंतर
  • Download App from
  • google-playstore
  • apple-playstore
  • jm-qr-code
X
टॉप न्यूज़राजस्थानराज्यसीकर

सीकर में 783 केंद्रों पर साक्षरता मूल्यांकन परीक्षा, 70 हजार महिला-पुरुषों ने लिया भाग

12 ब्लॉकों में बनाए 24 पिंक परीक्षा केंद्र, महिलाओं में दिखा खास उत्साह

जनमानस शेखावाटी सवांददाता : नैना शेखावत

सीकर : उल्लास नवभारत साक्षरता कार्यक्रम के तहत रविवार को जिले के 783 परीक्षा केंद्रों पर बुनियादी साक्षरता एवं संख्यात्मकता मूल्यांकन परीक्षा आयोजित हुई। परीक्षा में उल्लास कार्यक्रम के तहत पंजीकृत करीब 70 हजार महिला-पुरुषों ने भाग लिया। परीक्षा केंद्रों पर सुबह से ही परीक्षार्थियों के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया था।

इस बार परीक्षा में 12 ब्लॉकों में 24 पिंक परीक्षा केंद्र बनाए गए। इन केंद्रों को विशेष रूप से सजाया गया था। यहां महिलाओं के लिए उत्साहपूर्ण वातावरण तैयार किया गया, जिसके चलते बड़ी संख्या में महिलाएं परीक्षा देने पहुंचीं। ग्रामीण क्षेत्रों से भी महिलाएं समूहों में केंद्रों पर पहुंचीं।

परीक्षा में पढ़ने-लिखने और संख्यात्मक ज्ञान से जुड़े प्रश्न पूछे गए। अधिकारियों के अनुसार उल्लास कार्यक्रम का उद्देश्य केवल अक्षर ज्ञान तक सीमित नहीं है, बल्कि असाक्षर महिला-पुरुषों को बुनियादी साक्षरता, संख्यात्मकता, डिजिटल एवं वित्तीय साक्षरता तथा जीवनोपयोगी कौशल से जोड़ना है।

जिला साक्षरता अधिकारी डॉ. चन्द्र प्रकाश महर्षि के मार्गदर्शन में परीक्षा का आयोजन हुआ। सहायक परियोजना अधिकारी राजेन्द्र महला के समन्वय से केंद्रों पर व्यवस्थाओं और परीक्षा की निगरानी की गई। ब्लॉक स्तर के अधिकारियों, स्वयंसेवी शिक्षकों और साक्षरता कार्यकर्ताओं ने भी सहयोग किया।

डॉ. महर्षि ने बताया कि करीब 70 हजार महिला-पुरुषों की मूल्यांकन परीक्षा में भागीदारी उत्साहजनक रही। राजेन्द्र महला ने कहा कि साक्षरता अभियान को जन-अभियान बनाने के लिए जागरूकता और सामुदायिक सहभागिता पर लगातार जोर दिया जा रहा है। अधिकारियों के अनुसार परीक्षा के माध्यम से शिक्षा की मुख्यधारा से वंचित लोगों को पढ़ने-लिखने के साथ दैनिक जीवन में शिक्षा का उपयोग करने और आत्मनिर्भर बनने की दिशा में आगे बढ़ाया जा रहा है।

Related Articles