[pj-news-ticker post_cat="breaking-news"]

सीकर में खाद्य प्रतिष्ठानों पर कार्रवाई, 10 लीटर अवधिपार कोल्ड ड्रिंक नष्ट


निष्पक्ष निर्भीक निरंतर
  • Download App from
  • google-playstore
  • apple-playstore
  • jm-qr-code
X
टॉप न्यूज़राजस्थानराज्यसीकर

सीकर में खाद्य प्रतिष्ठानों पर कार्रवाई, 10 लीटर अवधिपार कोल्ड ड्रिंक नष्ट

अस्पतालों की कैंटीन, भोजनालय और ठेलों की जांच; खाद्य पदार्थों के नमूने जयपुर भेजे, संचालकों को सुधार नोटिस

सीकर : ‘शुद्ध आहार, मिलावट पर वार’ अभियान के तहत चिकित्सा विभाग की टीमों ने गुरुवार को सीकर शहर में सरकारी व निजी अस्पतालों की कैंटीन सहित आसपास संचालित भोजनालय, चाय की दुकानों और ठेलों का निरीक्षण किया। कार्रवाई के दौरान खाद्य पदार्थों के नमूने लिए गए तथा कमियां मिलने पर संबंधित संचालकों को सुधार के लिए नोटिस जारी किए गए।

खाद्य सुरक्षा एवं औषधि नियंत्रण आयुक्त अविचल चतुर्वेदी, जिला कलेक्टर आशीष मोदी और मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अशोक महरिया के निर्देशन में खाद्य सुरक्षा अधिकारियों की टीमों ने शहर के अलग-अलग क्षेत्रों में कार्रवाई की। खाद्य सुरक्षा अधिकारी महमूद अली, फूल सिंह बाजिया, नंदराम मीणा, सुरेश कुमार, अंबिका चौधरी, शुभम वर्मा, साधना जांगिड़, कमलेश कुमार मीणा, तरुण कुमार शर्मा, सुनीता यादव और विकेश कुमार मीणा की टीमों ने अस्पतालों की कैंटीन तथा आसपास के खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया।

नेहरू पार्क स्थित सरकारी जनाना अस्पताल की कैंटीन से रसगुल्ले का नमूना लिया गया। कमियां मिलने पर संचालक को धारा 32 के तहत सुधार नोटिस दिया गया। फतेहपुर रोड स्थित केजीएन अस्पताल में केजीएन फार्मेसी का निरीक्षण कर बिस्किट का नमूना लिया गया और सुधार के निर्देश दिए गए। जनाना अस्पताल के पास श्री श्याम टी स्टॉल से ब्रेड टोस्ट का नमूना लिया गया।

पिपराली रोड स्थित श्री बालाजी अस्पताल के पास कूल सिटी आइसक्रीम एंड बेकर्स का निरीक्षण किया गया। इसके अलावा डोमिनोज पिज्जा, श्री बालाजी टी स्टॉल और श्री गिनजी भोग फास्ट फूड का भी निरीक्षण किया गया। कमियां पाए जाने पर संबंधित संचालकों को सुधार नोटिस जारी किए गए। सांवली रोड स्थित श्री श्याम कैंटीन से गेहूं के आटे और श्री कृष्णा रेस्टोरेंट से तेल का नमूना लिया गया। दोनों संचालकों को भी कमियों में सुधार के लिए नोटिस दिया गया।

10 लीटर अवधिपार कोल्ड ड्रिंक नष्ट

निरीक्षण के दौरान साहिल सरकार के यहां 10 लीटर अवधिपार कोल्ड ड्रिंक मिली। खाद्य सुरक्षा अधिकारियों ने संचालक की सहमति से अवधिपार पेय को मौके पर ही नष्ट करवाया। अधिकारियों ने खाद्य कारोबारियों को आमजन को शुद्ध और ताजा खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने तथा प्रतिष्ठानों में साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए।

अभियान के दौरान लिए गए सभी खाद्य नमूनों को जांच के लिए खाद्य जन प्रयोगशाला, जयपुर भेजा गया है। जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद नियमानुसार आगामी कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles