उदयपुरवाटी में दूसरे दिन 78 नामांकन दाखिल:महिलाओं से पहले लिए ज्यादा शुल्क, फिर लौटाया; छह वार्डों में एक भी पर्चा नहीं भरा गया
उदयपुरवाटी में दूसरे दिन 78 नामांकन दाखिल:महिलाओं से पहले लिए ज्यादा शुल्क, फिर लौटाया; छह वार्डों में एक भी पर्चा नहीं भरा गया
उदयपुरवाटी : उदयपुरवाटी नगर पालिका चुनाव को लेकर नामांकन प्रक्रिया के दूसरे दिन शनिवार को प्रत्याशियों की काफी भीड़ रही। दिनभर में 59 उम्मीदवारों ने कुल 78 नामांकन पत्र दाखिल किए। इसके साथ ही दो दिनों में अब तक 72 लोगों ने कुल 96 नामांकन पत्र जमा कर दिए हैं।
नामांकन दाखिल करने का निर्धारित समय शनिवार को दोपहर 3 बजे तक था, लेकिन बड़ी संख्या में प्रत्याशियों के पहुंचने के कारण नामांकन पत्रों की जांच और अन्य औपचारिकताएं देर शाम तक चलती रहीं। दूसरे दिन दाखिल किए गए नामांकन में 44 पुरुष और 15 महिलाएं शामिल रहीं।
26 वार्डों में दाखिल हुए नामांकन
शनिवार को दाखिल नामांकनों में निर्दलीय प्रत्याशियों की संख्या सबसे अधिक रही। कुल 48 उम्मीदवारों ने निर्दलीय प्रत्याशी के तौर पर नामांकन दाखिल किया। वहीं कांग्रेस नेताओं ने 21, भाजपा नेताओं ने 6 तथा सीपीआईएम, बीएसपी और आरएलपी नेताओं ने एक-एक प्रत्याशी ने पर्चा भरा। नामांकन के साथ ही अलग-अलग वार्डों में चुनावी गतिविधियां तेज होने लगी हैं।
महिलाओं से ज्यादा शुल्क लेने का मामला सामने आया
नामांकन प्रक्रिया के दौरान शुल्क को लेकर एक विसंगति भी सामने आई। नगर पालिका चुनाव 2026 में सामान्य वर्ग के पुरुष अभ्यर्थियों के लिए नामांकन शुल्क 2000 रुपये, जबकि महिलाओं और आरक्षित वर्ग के अभ्यर्थियों के लिए 1000 रुपये निर्धारित है। हालांकि, सामान्य वर्ग की महिलाओं से भी 2000 रुपये शुल्क लिए जाने का मामला सामने आया। एसडीओ तानिया रिणवां ने नामांकन फॉर्म के साथ 2000 रुपये की रसीदें देखकर संबंधित आवेदकों से जानकारी ली। महिलाओं ने बताया कि उनसे 2000 रुपये ही लिए गए थे।
इसके बाद एसडीओ ने तत्काल कैशियर और निर्वाचन शाखा प्रभारी को बुलाकर शुल्क से जुड़े नियमों की जानकारी ली। नियम स्पष्ट होने के बाद उन्होंने कर्मचारियों को सही शुल्क व्यवस्था से अवगत कराया और सामान्य वर्ग की महिलाओं से अतिरिक्त लिए गए 1000-1000 रुपये वापस करने के निर्देश दिए।
छह वार्डों में अभी तक एक भी नामांकन नहीं
उदयपुरवाटी नगरपालिका के 35 वार्डों में से छह वार्ड ऐसे हैं, जहां नामांकन प्रक्रिया के दो दिन बाद भी किसी प्रत्याशी ने पर्चा दाखिल नहीं किया है। वार्ड संख्या 15, 18, 22, 28, 31 और 35 में अभी तक नामांकन नहीं हुआ है। दो दिनों में 29 वार्डों से 72 उम्मीदवारों द्वारा 96 नामांकन दाखिल किए जा चुके हैं। नामांकन प्रक्रिया के अंतिम दिनों में इन वार्डों में भी प्रत्याशियों के पर्चे दाखिल होने की संभावना है।
देश
विदेश
प्रदेश
संपादकीय
वीडियो
आर्टिकल
व्यंजन
स्वास्थ्य
बॉलीवुड
G.K
खेल
बिजनेस
गैजेट्स
पर्यटन
राजनीति
मौसम
ऑटो-वर्ल्ड
करियर/शिक्षा
लाइफस्टाइल
धर्म/ज्योतिष
सरकारी योजना
फेक न्यूज एक्सपोज़
मनोरंजन
क्राइम
चुनाव
ट्रेंडिंग
Covid-19






Total views : 2341851


